प्रिटोरिया: पूर्व टेनिस ग्रैंड स्लैम चैंपियन बॉब हेविट को नाबालिग लड़कियों के यौन उत्पीड़न के मामले में प्रिटोरिया की एक अदालत ने छह साल की जेल सज़ा सुनाई है। 75 वर्षीय हेविट पर ऐसी छोटी बच्चियों के यौन शोषण का आरोप भी था, जिन्हें वे खुद टेनिस की कोचिंग दिया करते थे।
हालांकि 15 ग्रैंड स्लैम विजेता हेविट पहले से ही इन आरोपों को इनकार करते आए हैं। हेविट ने जज के सामने अपनी खराब सेहत का हवाला भी दिया और उन्हें धमकी भरे खत मिलने की बात भी रखी। लेकिन कोर्ट ने इन बातों का दरकिनार कर हेविट को आठ साल की ज़ा सुनाई। जिसमें से हेविट की दो साल की सज़ा इसलिए माफ कर दी गई क्योंकि उन्होंने डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस (न्याय विभाग) को कुछ मुआवज़ा राशि देकर महिलाओं के प्रति हिंसा में जागरूकता फैलाने के लिए योगदान दिया। हेविट पर 1981 में सन सिटी में 16 साल से कम उम्र की लड़की से रेप का आरोप था। इसके अलावा बुक्सबर्ग में 1982 में 16 साल से कम उम्र की एक अन्य लड़की से भी रेप का आरोप लगा। वहीं एक अन्य मामले में 1994 में बुक्सबर्ग में ही 18 साल की कम उम्र की लड़की पर यौन हमले का आरोप भी है।
अपने टेनिस करियर में हेविट ने कुल 15 ग्रैंड स्लैम जीते हैं, जिनमें 9 मेन्स डबल्स और 6 मिक्स्ड डबल्स शामिल हैं। इसके अलावा ऑल इंग्लैंड क्लब के पांच खिताब भी उनके नाम हैं। हेविट ने ये खिताब 1960 और 1970 के दशक के दौरान अपने नाम किए थे।