1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. टोक्यो पैरालंपिक : शटलर प्रमोद भगत, कृष्णा नागर और सुहास फाइनल में पहुंचे, मनोज-तरूण को मिली हार

टोक्यो पैरालंपिक : शटलर प्रमोद भगत, कृष्णा नागर और सुहास फाइनल में पहुंचे, मनोज-तरूण को मिली हार

 Reported By: Bhasha
 Published : Sep 04, 2021 12:54 pm IST,  Updated : Sep 04, 2021 12:54 pm IST

भारत के तीन खिलाड़ी मौजूदा विश्व चैम्पियन प्रमोद भगत, कृष्णा नागर और सुहास यथिराज शनिवार को तोक्यो पैरालम्पिक पुरूष एकल बैडमिंटन में अपने अपने वर्ग के फाइनल में पहुंच गए।

टोक्यो पैरालंपिक :...- India TV Hindi
टोक्यो पैरालंपिक : शटलर प्रमोद भगत, कृष्णा नागर और सुहास फाइनल में पहुंचे, मनोज-तरूण को मिली हार Image Source : TWITTER/SUKANT KADAM

तोक्यो। भारत के तीन खिलाड़ी मौजूदा विश्व चैम्पियन प्रमोद भगत, कृष्णा नागर और सुहास यथिराज शनिवार को तोक्यो पैरालम्पिक पुरूष एकल बैडमिंटन में अपने अपने वर्ग के फाइनल में पहुंच गए लेकिन मनोज सरकार और तरूण ढिल्लों को सेमीफाइनल में पराजय का सामना करना पड़ा । दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी और एशियाई चैम्पियन 33 वर्ष के भगत ने एसएल3 क्लास में जापान के दाइसुके फुजीहारा को 36 मिनट में 21-11, 21 -16 से हराया।

इस साल पैरालम्पिक में पहली बार बैडमिंटन खेला जा रहा है लिहाजा स्वर्ण पदक के मुकाबले में पहुंचने वाले भगत पहले भारतीय हो गए । उनका सामना ब्रिटेन के डेनियल बेथेल से होगा । एसएल4 क्लास में नोएडा के जिलाधिकारी सुहास ने इंडोनेशिया के फ्रेडी सेतियावान को 31 मिनट में 21-9, 21-15 से हराया। अब उनका सामना शीर्ष वरीयता प्राप्त फ्रांस के लुकास माजूर से होगा।

दूसरी वरीयता प्राप्त नागर ने ब्रिटेन के क्रिस्टीन कूम्ब्स को एसएच6 क्लास सेमीफाइनल में 21-10, 21-11 से हराया। अब उनका सामना हांगकांग के चु मान केइ से होगा। दूसरे एसएल4 सेमीफाइनल में माजूर ने दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी ढिल्लों को करीबी मुकाबले में 21-16, 16-21, 21-18 से हराया। हिसार के 27 वर्ष के ढिल्लों का सामना कांस्य पदक के लिये सेतियावान से होगा।

वहीं मनोज को दूसरी वरीयता प्राप्त बेथेल ने 21-8, 21-10 से हराया। मनोज अब कांस्य पदक के लिये फुजीहारा से खेलेंगे। मैच के बाद भगत ने कहा ,‘‘ यह शानदार मैच था । उसने मुझे कुछ अच्छे शॉट्स लगाने के लिये प्रेरित किया । मुझे फाइनल में पहुंचने की खुशी है लेकिन काम अभी पूरा नहीं हुआ है ।’’ पांच वर्ष की उम्र में पोलियो के कारण उनका बायां पैर विकृत हो गया था । उन्होंने विश्व चैम्पियनशिप में चार स्वर्ण समेत 45 अंतरराष्ट्रीय पदक जीते हैं । बीडब्ल्यूएफ विश्व चैम्पियनशिप में पिछले आठ साल में उन्होंने दो स्वर्ण और एक रजत जीते । 2018 पैरा एशियाई खेलों में उन्होंने एक रजत और एक कांस्य जीता।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल