बोल्टन: भारतीय मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने जीत का सिलसिला जारी रखते हुए पोलैंड के एंड्रजेज सोल्ड्रा को आज यहां हरा कर लगातार छठी जीत हासिल की। विजेंदर के सामने सोल्ड्रा बस तीसरे राउंड तक ही टिक पाए। विजेंदर ने ये लगातार छठी बार अपने विरोधी अंकों के अंतर से नहीं बल्कि नॉक ऑउट करके हराया है।
सेल्ड्रा ने शुरुआत आक्रमण से की और पहले राउंड में विजेंदर पर कई प्रहार किए लेकिन दूसरे राउंड में विजेंदर ने सोलड्रा को दाएं हाथ का एक ऐसा मुक्का जड़ा कि सोल्ड्रा चक्कर खाकर गिर पड़े हालंकि बाद में वह खड़े भी हो गए। तीसरे राउंड में विजेंदर ने रही सही कसर पूरी कर दी।विजेंदर के दायें हाथ के वार ने सोल्ड्रा को इतना नुकसान पहुंचाया कि वह तीसरे राउंड में अपने पैरों पर खड़े नहीं रह सकें।
सोल्ड्रा ने 16 में से 12 मुक़ाबले जीते हैं। पेशेवर मुक्केबाज़ बनने के बाद विजेंदर की यह लगातार छठी जीत है। 30 साल के भारतीय मुक्केबाज अब डब्ल्यूबीओ एशिया बेल्ट के लिए दिल्ली में रिंग में नजर आएंगे। उनके प्रतिद्वंदी का फैसला होना अभी बाकी है।
विजेंदर ने बताया, जब मैं रिंग में घुसा तो कोच ने मुझसे संयम रखने को कहा और वह मेरे पास आए और मैं खेल सका। मेरे लिए हर मुकाबला अहम है और मैं नहीं मानता कि कोई आराम है।