मैनचेस्टर: भारतीय मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने ब्रिटिश मुक्केबाज आमिर ख़ान की भारत में दो-दो हाथ करने की चुनौती स्वीकार कर ली है। आमिर ने दो दिन पहले कहा था कि वह भारत में विजेंदर से ममुकाबला करना चाहते हैं। आमिर विश्व मुक्केबाजी परिषद (डब्ल्यूबीसी) के खिताबी मुकाबले की तैयारी कर रहे हैं।
आमिर की चुनौती स्वीकार करते हुए विजेंदर ने मंगलवार को कहा, "मैं आमिर की चुनौती को स्वीकार करता हूं और इस बात का पूरा भरोसा है कि इस मुकाबले से भारत में मुक्केबाजी को प्रोत्साहन मिलेगा। हम दोनों अलग-अलग श्रेणी में खेलते हैं। देखना होगा कि आमिर अपनी श्रेणी में बदलाव करते हैं या मैं। मैंने पिछले साल ही अपने पेशेवर मुक्केबाजी करियर की शुरुआत की है और रिंग में चार मुकाबले खेले हैं। मुझे आमिर के खिलाफ मुकाबले करने की तैयारी में हो सकता है एक और साल लगे।"
विजेंदर ने कहा, "मुझे विश्वास है कि इस मुकाबले को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी देखा जाएगा। मैं इस समय अपने अगले मुकाबले पर ध्यान दे रहा हूं जो कि 30 अप्रैल को माटिओजे रोयेर के खिलाफ होना है।"
आमिर 72.5 किलोग्राम श्रेणी में खेलते हैं और विजेंदर 76 किलोग्राम श्रेणी में।