1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. इतिहास दोहराने की चाहत है: अजय ठाकुर

इतिहास दोहराने की चाहत है: अजय ठाकुर

 Written By: IANS
 Published : Oct 17, 2016 11:42 am IST,  Updated : Oct 17, 2016 11:42 am IST

अहमदाबाद: अजय ठाकुर ने यहां जारी कबड्डी विश्व कप में बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर अपने लिए एक अलग मुकाम बनाया है। आज वह विश्व कप के मौजूदा संस्करण में भारत के सबसे सफल खिलाड़ी

Ajay Thakur- India TV Hindi
Ajay Thakur

अहमदाबाद: अजय ठाकुर ने यहां जारी कबड्डी विश्व कप में बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर अपने लिए एक अलग मुकाम बनाया है। आज वह विश्व कप के मौजूदा संस्करण में भारत के सबसे सफल खिलाड़ी हैं। अजय ने कहा है कि उनकी टीम एक बार फिर इतिहास दोहराना चाहती है। कबड्डी विश्व कप की आधिकारिक वेबसाइट ने अजय के हवाले से यह बात कही है। अजय ने यह भी कहा है कि यह पहले से ही तय था कि ईरानी टीम भारत के लिए सबसे कड़ी प्रतिद्वंद्वी साबित होगी और अब भारत के लिए ईरान का सामना करने का वक्त आ गया है, क्योंकि उसका सामना सेमीफाइनल में ईरान से हो सकता है।

विश्व कप में भारत की संभावनाओं पर अजय ने कहा, "हमारी टीम काफी शक्तिशाली और संतुलित है। हम इस बार भी इतिहास दोहराने की कोशिश करेंगे।"

अजय ने यह भी कहा कि उनके लिए कबड्डी विश्व कप के लिए राष्ट्रीय टीम का हिस्सा होना गर्व की बात है। बकौल अजय, "हर कोई अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना चाहता है। यह मेरे लिए भी गर्व की बात है।"

अजय ने अपनी टीम के चार मैचों से अब तक कुल 30 रेड अंक जुटाए हैं। सबसे अधिक रेड अंक जुटाने वाले खिलाड़ियों की सूची में वह चौथे स्थान पर हैं। इंग्लैंड के टोपे एडेवासल्यूर ने सर्वाधिक 47 रेड अंक हासिल किए हैं, जबकि थाईलैंड के कप्तान खोमसान थोंगखाम को अब तक 43 रेड अंक मिले हैं।

सर्वाधिक सफल रेड करने वाले खिलाड़ियों की सूची में तीसरे स्थान पर काबिज अजय ने कहा कि फ्राग जम्प उनका सबसे पसंदीदा कबड्डी मूव है और वह इसे लोकप्रिय बनाना चाहते हैं।

अजय ने प्रो कबड्डी लीग में पुनेरी पल्टन और बेंगलुरू बुल्स का प्रतिनिधित्व किया है। वह मौजूदा समय में भारत के सबसे अच्छे रेडरों में शुमार हैं। उनका खेल बेहद आक्रामक है और वह अपने हर मूव के साथ विपक्षी टीम को छकाने का दमखम रखते हैं।

अजय कबड्डी विश्व कप के उन चुनिंदा रेडरों में शामिल हैं, जिन्होने दो मौकों पर सुपर-10 हासिल किए हैं। भारत का कोई अन्य रेडर इस सूची में शामिल नहीं है। प्रति मैच अजय ने छह सफल रेड किए हैं और इस सूची में वह छठे स्थान पर हैं। खोमसान और टोपे 8.8 सफल रेड के साथ पहले स्थान पर हैं।

भारत के साथ ग्रुप-ए में शामिल दक्षिण कोरिया ने अपने पांच मैच जीतकर इस ग्रुप से सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया है। भारत अभी चार मैचों से तीन जीत के साथ दूसरे स्थान पर है। ग्रुप-बी में ईरान पहले स्थान पर है। ऐसे में भारत का सेमीफाइनल में सामना ईरान से होना लगभग तय है।

ईरान के साथ होने वाले मुकाबले के बारे में अजय ने कहा, "ईरान के खिलाफ मैंने खेला है। मैं मैट पर उनकी शारीरिक क्षमताओं से परिचित हूं। मैं ईरान के साथ होने वाले मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। यह टीम वाकई मजबूत है लेकिन हम इस मुकाबले के लिए तैयार हैं।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल