1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. पिछले मैचों की गलती नहीं दोहराएंगे: मनप्रीत

पिछले मैचों की गलती नहीं दोहराएंगे: मनप्रीत

 Reported By: IANS
 Published : Jan 23, 2018 05:56 pm IST,  Updated : Jan 23, 2018 05:56 pm IST

न्यूजीलैंड में बुधवार से शुरू हो रहे 4-नेशन्स इन्विटेशनल टूर्नामेंट के दूसरे चरण की शुरुआत से पहले भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत ने कहा कि टीम पहले चरण के मैचों में की गई गलतियों को नहीं दोहराएंगे।

Manpreet Singh- India TV Hindi
Manpreet Singh

हेमिल्टन: न्यूजीलैंड में बुधवार से शुरू हो रहे 4-नेशन्स इन्विटेशनल टूर्नामेंट के दूसरे चरण की शुरुआत से पहले भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत ने कहा कि टीम पहले चरण के मैचों में की गई गलतियों को नहीं दोहराएंगे। भारतीय टीम का सामना दूसरे चरण के पहले मैच में बुधवार को गालाघेर हॉकी स्टेडियम में मेजबान टीम न्यूजीलैंड से होगा। 

भारत के 25 वर्षीय हॉकी कप्तान मनप्रीत ने कहा, "इसमें कोई शक नहीं है कि बेल्जियम जैसी उच्च स्तरीय टीम के खिलाफ खेलने से हमारा आत्मविश्वास बढ़ा है। अभी कुछ क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है। हमें इस बात को भी सुनिश्चित करना होगा कि हम पिछले मैच की गलतियों को न दोहराएं।"

इस टूर्नामेंट के पहले चरण में भारतीय टीम ने पहले मैच में जापान को 6-0 से हराकर शानदार शुरुआत की थी। इसके बाद उसे बेल्जियम के खिलाफ दूसरे मैच में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। 

टूर्नामेंट के अपने तीसरे मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 3-1 से हराया था, लेकिन बेल्जियम के खिलाफ पहले चरण के फाइनल मैच में उसे 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। 

भारतीय टीम के मुख्य कोच शुअर्ड मरेन ने कहा, "एक टीम के तौर पर हमने मैच दर मैच विकास किया। टीम में शामिल चार युवा खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदार्पण के साथ गोल भी दागे। इस प्रदर्शन के दम पर आखिरी मैच में हम बेल्जियम जैसी ओलम्पिक पदक विजेता टीम को हराने के काफी करीब थे। इससे टीम के आत्मविश्वास में भी बढ़ावा हुआ।"

बेल्जियम टीम के बारे में मरेन ने कहा, "आपको इस बात को समझना चाहिए कि बेल्जियम अपनी पूरी टीम के साथ यहां आई है। वे विश्व की बेहतरीन टीमों में से एक हैं। युवाओं ने वर्ल्ड नम्बर-3 टीम के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया। इस प्रकार के चुनौतीपूर्ण मैचों के साथ ही टीम को और मजबूत होने में मदद मिलेगी।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल