1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. मिलोस राओनिच को हराकर एंडी मरे ने जीता दूसरी बार विंबलडन ख़िताब

मिलोस राओनिच को हराकर एंडी मरे ने जीता दूसरी बार विंबलडन ख़िताब

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 11, 2016 06:45 am IST,  Updated : Jul 11, 2016 06:45 am IST

एंडी मरे ने रविवार को लंदन में पुरूष एकल फाइनल में कनाडा के मिलोस राओनिच को सीधे सेटों में 6-4, 7-6, 7-6 से हराकर दूसरी बार विंबलडन और तीसरी बार ग्रैंडस्लैम खिताब हासिल कर लिया.

Andy Murray- India TV Hindi
Andy Murray

एंडी मरे ने रविवार को लंदन में पुरूष एकल फाइनल में कनाडा के मिलोस राओनिच को सीधे सेटों में 6-4, 7-6, 7-6 से हराकर दूसरी बार विंबलडन और तीसरी बार ग्रैंडस्लैम खिताब हासिल कर लिया.

दुनिया के दूसरे नंबर के टेनिस खिलाड़ी 29 साल के मरे ने इससे पहले 2013 में भी विंबलडन में खिताब जीता था. वहीं 2012 में वह अमेरिकी ओपन चैंपियन बने थे.

ग्रैंडस्लैम जीतने वाला कनाडा का पहला खिलाड़ी नहीं बन पाए राओनिच

ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के फाइनल में 11वीं बार हिस्सा ले रहे स्कॉटलैंड के मरे ने इस जीत के साथ छठे वरीय राओनिच की ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाला कनाडा का पहला खिलाड़ी बनने की उम्मीद भी तोड़ दी. मरे पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम के फाइनल में नोवाक जोकोविच और रोजर फेडरर के अलावा किसी अन्य खिलाड़ी से भिड़ रहे थे.

मरे ने कहा- मेरे लिए यह शानदार टूर्नामेंट
मरे ने खिताब जीतने के बाद कहा, ‘प्रत्येक साल यह मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट होता है. मैंने यहां कुछ शानदार लम्हें जिए हैं और कुछ कड़ी हार मिली हैं. आज मैंने शानदार खेल दिखाया.’
Ads by ZINC

उन्होंने कहा, ‘कड़ी हार के कारण जीत अतिरिक्त विशेष हो जाती है. मुझे गर्व है कि यह ट्रॉफी एक बार फिर मेरे हाथ में है.’

दो घंटे और 48 मिनट चला मुकाबला
मरे को दो घंटे और 48 मिनट चले इस मुकाबले के दौरान सिर्फ दो ब्रेक प्वाइंट का सामना करना पड़ा, जबकि फाइनल तक के सफर के दौरान 137 ऐस लगाने वाले 25 साल के राओनिच मुकाबले में सिर्फ आठ ऐस लगा पाए.

राओनिच ने भुगता गलतियों का खामियाजा
मरे ने इसके साथ ही इस साल ऑस्ट्रेलिया ओपन और फ्रेंच ओपन फाइनल में जोकोविच के खिलाफ हार के गम को कुछ हद तक दूर किया. राओनिच को गलतियों का खामियाजा भी भुगतना पड़ा. उन्होंने मरे की 12 सहज गलतियों की तुलना में 29 गलतियां की. उनकी यह गलतियां उन्हें भारी पड़ी. क्योंकि मैच के दौरान सिर्फ एक बार किसी खिलाड़ी की सर्विस टूटी.

मैच देखने पहुंचे थे प्रिंस विलियम और केट
मैच देखने के लिए दर्शकों के बीच कई नामी गिरामी हस्तियां मौजूद थी. इनमें सेंटर कोर्ट के रायल बॉक्स में प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट के अलावा ब्योन बोर्ग, बोरिस बेकर और स्टीफन एडबर्ड जैसे पूर्व चैंपियनों सहित हालीवुड स्टार ब्रेडले कूपर, बेनेडिक्ट कंबरबैच और ह्यू ग्रांट भी मौजूद थे.

मरे ने इस साल राओनिच से सभी चार मैच जीते
मरे ने 2016 में राओनिच के खिलाफ सभी चार मुकाबले जीते हैं. उन्होंने मैच की अच्छी शुरुआत की. पहले सेट के सातवें गेम में यह दूसरा वरीय खिलाड़ी पहले ब्रेक प्वाइंट का फायदा नहीं उठा पाया, लेकिन इसके बाद उन्होंने 4-3 की बढ़त बना ली.

सेमीफाइनल में राओनिच ने फेडरर को हराया था
सेमीफाइनल में रोजर फेडरर को पांच सेट में हराने वाले राओनिच ने टूर्नामेंट में सिर्फ छठी बार अपनी सर्विस गंवाई. मरे ने इसके बाद स्कोर 5-3 किया. राओनिच ने अपनी सर्विस बचाई जबकि मरे ने भी अपनी सर्विस बचाते हुए पहला सेट जीत लिया.

मरे ने इसके बाद दूसरा सेट टाईब्रेक में जीता. तीसरे सेट के पांचवें गेम में राओनिच को दो ब्रेक प्वाइंट मिले लेकिन मरे ने दोनों बचा लिए. तीसरा सेट भी टाईब्रेक में खिंचा जहां मरे को पांच मैच प्वाइंट मिले. राओनिच ने एक मैच प्वाइंट बचाया लेकिन कनाडा के इस खिलाड़ी ने अगले अंक में शॉट नेट पर मारकर खिताब मरे की झोली में डाल दिया.

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल