1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. कोरोना वायरस के बावजूद महिला हॉकी का ध्यान ओलंपिक पर : कोच शुअर्ड मरेन

कोरोना वायरस के बावजूद महिला हॉकी का ध्यान ओलंपिक पर : कोच शुअर्ड मरेन

 Reported By: IANS
 Published : Mar 18, 2020 10:06 pm IST,  Updated : Mar 18, 2020 10:06 pm IST

भारतीय टीम को 14 से 25 मार्च तक चीन का दौरा करना था, जिसे फरवरी में पहले ही रद्द किया जा चुका है।

Sjoerd Marijne- India TV Hindi
Sjoerd Marijne Image Source : GETTY IMAGE

नई दिल्ली| देश और दुनियाभर में फैले कोरोनावायरस के कारण भारतीय महिला हॉकी टीम के अधिकतर कार्यक्रम स्थगित और रद्द किए जा चुके हैं। लेकिन कोच शुअर्ड मरेन टीम की तैयारी की योजना को लेकर किसी तरह के भारी बदलाव के बारे में नहीं सोच रहे हैं।

भारतीय टीम को 14 से 25 मार्च तक चीन का दौरा करना था, जिसे फरवरी में पहले ही रद्द किया जा चुका है। टीम को जून में एशियाई चैंपियनशिप में भी भाग लेना है और उस पर भी खतरे के बादल मंडरा रहे हैं।

मरेन ने आईएएएनएस से कहा, "जहां तक ओलंपिक की बात है तो वह तय समय पर ही होने जा रहा है। अब हमें केवल अपना दौरा ही देखना है।"

उन्होंने कहा, "हमें नीदरलैंड्स, जर्मनी और जून में एशियाई चैंपियनशिप का दौरा करना था। हमें यह देखना होगा कि कौन सा संभव है। अगर ऐसा नहीं होता है तो हमें इसे स्वीकार करना होगा। खेल में बदलती परिस्थितियों को स्वीकार करना आम बात है। हॉकी इंडिया जो कुछ भी कर सकती है, वह साई के साथ मिलकर कर रही है। इसलिए मैं कोई अलग रणनीति नहीं बनाना चाहता।"

मरेन ने कहा कि उन्होंने सोमवार को ही खिलाड़ियों के साथ एक बैठक की है, जिसमें उन्होंने खिलाड़ियों को बताया है कि उन्हें 24 जुलाई से शुरू होने वाले टोक्यो ओलंपिक पर अपना ध्यान लगाना है।

कोच ने कहा, "जब तक हम कुछ और नहीं सुनते तब तक हम अपने कार्यक्रम पर ध्यान लगाना जारी रखते हैं। वे (खिलाड़ी) बहुत निराश थे कि वे घर नहीं जा सकते। लेकिन वे भी इस स्थिति को समझते हैं जोकि सबसे महत्वपूर्ण है।"

उन्होंने कहा, "अगर आप अपने परिवार को चार सप्ताह तक नहीं देखते हैं तो आप निराश होंगे। उन्हें वास्तव में ब्रेक की जरूरत थी। ब्रेक केवल शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक भी है। इसलिए अब हमें इस तरह की चीजों से निपटना होगा।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल