1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. महिला हॉकी: भारत ने जीता वर्ल्ड लीग राउंड-2 का खिताब

महिला हॉकी: भारत ने जीता वर्ल्ड लीग राउंड-2 का खिताब

 Written By: IANS
 Published : Apr 10, 2017 04:24 pm IST,  Updated : Apr 10, 2017 04:25 pm IST

गोलकीपर सविता के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को हॉकी वल्र्ड लीग राउंड-2 के फाइनल मैच में चिली को मात देकर खिताबी जीत हासिल की।

India hockey- India TV Hindi
India hockey

वेस्ट वेंकुवर (कनाडा): गोलकीपर सविता के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को हॉकी वल्र्ड लीग राउंड-2 के फाइनल मैच में चिली को मात देकर खिताबी जीत हासिल की। चिली के खिलाफ यह मुकाबला निर्धारित समय तक 1-1 से ड्रॉ हुआ था, लेकिन शूटआउट में भारत ने चिली को 3-1 से मात दी।

भारतीय गोलकीपर सविता को इस टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर भी चुना गया। 

इस जीत के बाद कप्तान रानी ने कहा, "यह एक अच्छा मैच था और हम अपने प्रदर्शन से खुश हैं। चिली टीम ने अच्छी प्रतिस्पर्धा की, लेकिन हमने स्वयं को भी पीछे नहीं हटने दिया और उनके द्वारा बढ़त लेने के बाद गोल करने का हर प्रयास किया।"

रानी ने कहा, "हमारे लिए यह टूर्नामेंट चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि यहां परिस्थितियां बेहद अलग और मुश्किल थीं। कुछ दिनों तक यहां बारिश होती रही, लेकिन हमने अच्छे प्रयास के तहत महिला विश्व लीग सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।"

इस मुकाबले में शुरुआत से चिली ने अपना दबदबा बना रखा था। उसने पांचवें मिनट में ही मारिया माल्डोनाडो की ओर से दागे गए गोल की बदौलत बढ़त हासिल की। 

इस बढ़त को चिली की टीम ने दूसरे क्वार्टर तक इस बढ़त को बनाए रखा। हालांकि, 22वें मिनट में भारतीय टीम को पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करने का मौका मिला था, लेकिन इसमें टीम को सफलता हासिल नहीं हुई। 

भारतीय टीम को इस हार से 41वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर किए गए अनुपमा बार्ला के गोल ने बचाया। इस गोल के कारण दोनों टीमों के बीच स्कोर निर्धारित समय तक 1-1 से बराबरी पर रहा। 

खिताबी मुकाबले के परिणाम और विजेता टीम के चयन के लिए दोनों टीमों को 3-3 शूटआउट करने का मौका दिया गया। भारतीय टीम की ओर से कप्तान रानी और मोनिका ने सफल तरीके से गोल किया और गोलकीपर सविता द्वारा चिली के गोलों को असफल किए जाने के कारण 2-0 से बढ़त हासिल की। 

इस बीच, चिली की खिलाड़ी कैरोलिन ग्रासिया ने टीम के लिए एक गोल किया, लेकिन अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना 200वां मैच खेल रही दीपिका ने सफल रूप से भारत के खाते में तीसरा गोल भी डाला। इस तरह भारत ने इस खिताबी मुकाबले में 3-1 से जीत हासिल की।

भारतीय टीम ने हॉकी विश्व लीग राउंड-2 के सेमीफाइनल मुकाबले में जीत हासिल करने के साथ ही महिला विश्व हॉकी लीग सेमीफाइनल टूर्नामेंट में स्थान हासिल कर लिया था। 

इसके अलावा, बेलारूस ने उरुग्वे को 4-2 से हराकर इस टूर्नामेंट में तीसरा स्थान हासिल किया। बेलारूस की कप्तान रायता बातुरा इस टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुनी गईं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल