1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. विश्व 100 मीटर चैम्पियन क्रिस्टियन कोलमैन डोपिंग परीक्षण नहीं करवाने के कारण निलंबित

विश्व 100 मीटर चैम्पियन क्रिस्टियन कोलमैन डोपिंग परीक्षण नहीं करवाने के कारण निलंबित

 Reported By: Bhasha
 Published : Jun 17, 2020 03:40 pm IST,  Updated : Jun 17, 2020 03:40 pm IST

इससे पहले कोलमैन ने कहा था कि डोपिंग परीक्षकों के केवल एक फोन से उनके ठहरने के स्थान को लेकर बनी गलतफहमी को दूर किया जा सकता था जिसके कारण उन पर निलंबन का खतरा मंडरा रहा है।

World 100m champion Christian Coleman suspended for not doping test - India TV Hindi
World 100m champion Christian Coleman suspended for not doping test  Image Source : GETTY IMAGES

वाशिंगटन। मौजूदा 100 मीटर विश्व चैम्पियन क्रिस्टियन कोलमैन को एथलेटिक्स इंटीग्रिटी यूनिट ने डोपिंग परीक्षण करवाने में तीसरी बार विफल होने के बाद बुधवार को निलंबित कर दिया। एथलेटिक्स इंटीग्रिटी यूनिट ने अस्थायी निलंबन वाले खिलाड़ियों की सूची अपडेट की है जिसमें कोलमैन का नाम शामिल है जबकि कुछ घंटे पहले ही अमेरिकी धावक ने अपने मामले का खुलासा किया था। 

उन्हें अस्थायी रूप से तब तक प्रतियोगिताओं से प्रतिबंधित किया गया है जब तक विश्व एथलेटिक्स डोपिंग रोधी नियमों या इंटीग्रिटी यूनिट की आचार संहिता के अंतर्गत सुनवाई के बाद अंतिम फैसला नहीं लिया जाता। इससे पहले कोलमैन ने कहा था कि डोपिंग परीक्षकों के केवल एक फोन से उनके ठहरने के स्थान को लेकर बनी गलतफहमी को दूर किया जा सकता था जिसके कारण उन पर निलंबन का खतरा मंडरा रहा है। 

इस 24 वर्षीय अमेरिकी फर्राटा धावक ने तीसरी बार डोपिंग परीक्षण नहीं करवाने को लेकर ट्विटर पर विस्तार से जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि नौ दिसंबर को पिछले 12 महीनों में तीसरा अवसर था जबकि वह परीक्षण नहीं करा पाये जिससे उनका निलंबन हो सकता है। इससे पहले वह 16 जनवरी 2019 और 26 अप्रैल 2019 को भी परीक्षण के लिये उपस्थित नहीं हो पाये थे। 

ये भी पढ़ें - भारत को एएफसी अंडर-16 चैम्पियनशिप ड्रॉ के लिये ‘पोट थ्री’ में रखा गया

कोलमैन ने कहा कि उन्होंने नवीनतम परीक्षण के लिये उपस्थित नहीं हो पाने के बारे में ‘एथलेटिक्स इंटीग्रिटी यूनिट’ को बताया है। उन्होंने कहा कि इसका कोई रिकॉर्ड नहीं है कि नौ दिसंबर 2019 को कोई उनके घर पर आया था और अगर उन्हें फोन किया जाता तो वह उस दिन अपने आवास से पांच मिनट की दूरी पर एक मॉल में क्रिसमस की खरीदारी कर रहे थे और तुरंत ही घर पहुंच जाते। 

उन्होंने इस पर संदेह जताया है कि डोपिंग परीक्षण के लिये टीम उनके आवास पर नहीं आयी थी। कोलमैन ने कहा, ‘‘उन्होंने (डोपिंग परीक्षण करने वाले) कहा कि घर में दरवाजे की घंटी नहीं बज रही थी तो उन्होंने मुझे फोन क्यों नहीं किया। उन्हें मुझसे संपर्क करने के लिये क्यों नहीं कहा गया। उसने गलत पता डाला है तो क्या पता मेरे घर पर कोई आया भी था या नहीं। ’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल