कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। राष्ट्रमंडल खेल के कार्यकारी बोर्ड ने बुधवार को 2030 राष्ट्रमंडल खेलों के प्रस्तावित मेजबान के रूप में अहमदाबाद के नाम की सिफारिश की है। इसको लेकर अंतिम फैसला 26 नवंबर जेनरल बॉडी मीटिंग में लिया जाएगा। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक भारत को इस बार मेजबानी के लिए नाइजीरिया से प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ा था, लेकिन कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स ने नाइजीरिया की भविष्य की मेजबानी की संभावनाओं को बढ़ाने और उन्हें समर्थन देने की रणनीति बनाने का निर्णय लिया है, जिसमें 2034 के खेलों की संभावित मेजबानी भी शामिल है।
कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स ने जारी की प्रेस रिलीज
कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स द्वारा जारी किए गए प्रेस रिलीज में कहा गया था कि कॉमनवेल्थ के कार्यकारी बोर्ड ने आज पुष्टि की है कि वह 2030 शताब्दी कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए अहमदाबाद, भारत को प्रस्तावित मेजबान शहर के रूप में अनुशंसा करेगा। गुजरात का अहमदाबाद अब कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स की पूरी सदस्यता के समक्ष पेश किया जाएगा और अंतिम निर्णय 26 नवंबर को लिया जाएगा। गौरतलब है कि भारत ने इससे पहले 2010 में नई दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की थी।
खास मौके पर गृह मंत्री अमित शाह ने क्या कहा?
इस मौके पर भारत के गृह मंत्री अमित शाह ने कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी पर लिखा कि भारत के लिए यह बहुत गर्व और खुशी का दिन है। कॉमनवेल्थ एसोसिएशन द्वारा अहमदाबाद में कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी का अधिकार भारत को देने पर देश के सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई।
2030 में होगी कॉमनवेल्थ गेम्स की 100वीं एनिवर्सरी
बता दें कि साल 1930 में कनाडा के हैमिल्टन शहर में कॉमनवेल्थ गेम्स की शुरुआत हुई थी। ऑस्ट्रेलिया ने सबसे ज्यादा 5 बार राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की है। 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की 100वीं एनिवर्सरी भी होगी। कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में टीम इंडिया का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। बर्मिंघम 2022 में खेले गए कॉमनवेल्थ गेम्स की मेडल टैली में भारत चौथे नंबर पर रहा था। आपको बता दें कि CWG के अलावा, भारत 2036 के ओलिंपिक गेम्स की मेजबानी की तैयारी भी कर रहा है। कुछ समय पहले भारत ने ओलिंपिक गेम्स-2036 की मेजबानी हासिल करने के लिए दावेदारी पेश की थी।
यह भी पढ़ें
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए 19 टीमें हुई तय, भारत के पड़ोसी देश ने भी किया क्वालीफाई