1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Asian Games 2023: भारत ने उज्बेकिस्तान पर दर्ज की रिकॉर्ड जीत, 16-0 से जीता मैच

Asian Games 2023: भारत ने उज्बेकिस्तान पर दर्ज की रिकॉर्ड जीत, 16-0 से जीता मैच

 Written By: Rishikesh Singh
 Published : Sep 24, 2023 12:21 pm IST,  Updated : Sep 24, 2023 12:21 pm IST

Asian Games 2023 में भारत की हॉकी टीम ने उज्बेकिस्तान को बुरी तरह से हरा दिया। टीम इंडिया ने इस मैच को 16-0 से जीता। भारत की ओर से इस मैच में तीन खिलाड़ियों ने हैट्रिक दागे। वहीं कुल 8 खिलाड़ियों ने गोल किए।

Indian vs Uzbekistan - India TV Hindi
Indian vs Uzbekistan Image Source : HOCKEY INDIA

एशियन गेम्स 2023 का आयोजन चीन में किया जा रहा है। जहां भारत की ओर से कई एशलीट हिस्सा ले रहे हैं। भारत ने टूर्नामेंट के पहले दिन कमाल का प्रदर्शन करते हुए अपने मेडल के खाते को भी खोल लिया है। इसके अलावा हॉकी में भारतीय टीम ने कमाल की शुरुआत की है। एशियन गेम्स के पहले दिन भारत और उज्बेकिस्तान के बीच हॉकी मैच खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया ने धमाकेदार जीत दर्ज की है। भारत की ओर से फॉरवर्ड खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम इंडिया ने इस मैच में उज्बेकिस्तान को 16-0 के बड़े अंतर से हराया।

इन खिलाड़ियों ने दागे गोल

उज्बेकिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच में टीम इंडिया की ओर से 8 अलग-अलग गोलस्कोरर रहे। जिसमें से भारत के लिए तीन खिलाड़ियों ने अपना हैट्रिक गोल दागा। भारत के लिए ललित उपाध्याय (7', 24' 37', 53'), वरुण कुमार (12', 36', 50', 52'), अभिषेक (17'), मनदीप सिंह (18', 27', 28 ') अमित रोहिदास (38'), सुखजीत (42'), शमशेर सिंह (43') और संजय (57') ने गोल दागे। इस जीत के साथ, तीन बार का एशियन गेम्स चैंपियन भारत मेंस हॉकी पूल ए स्टैंडिंग में पहले स्थान पर पहुंच गया है। हर पूल से दो टीम सेमीफाइनल में पहुंचेगी।

कैसा रहा मैच का हाल

एफआईएच रैंकिंग में तीसरे स्थान पर मौजूद भारत की मेंस हॉकी टीम पिछले महीने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी खिताब जीतने के बाद हांग्जो खेलों में आई थी। कप्तान हरमनप्रीत सिंह के बिना शुरुआत करने के बावजूद भारत ने शुरू से ही आक्रामक रवैया अपनाया और दुनिया के 66वें नंबर की टीम उज्बेकिस्तान को बूरी तरह से हराया। मैच के सात मिनट बाद ललित उपाध्याय ने पेनल्टी कॉर्नर पर उज्बेक गोलकीपर को छकाकर भारत का स्कोर 1-0 कर दिया। कुछ मिनट बाद, वरुण कुमार ने एक और पेनल्टी कॉर्नर से भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। पहला क्वार्टर भारत के पक्ष में 2-0 के स्कोरबोर्ड के साथ समाप्त हुआ।

भारत ने दूसरे क्वार्टर में भी अपना दबदबा कायम रखा और अभिषेक और मनदीप सिंह के माध्यम से दो त्वरित फील्ड गोल किए। ललित उपाध्याय ने नजदीक से अपना दूसरा और टीम का पांचवां गोल किया। मनदीप सिंह ने इसके बाद दो मिनट में दो गोल करके अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत ने हाफ टाइम तक 7-0 की मजबूत बढ़त ले ली। ब्रेक के बाद,भारत ने नौ और गोल जोड़े और 16-0 से मैच जीता। भारतीय पुरुष हॉकी टीम का अगला मुकाबला मंगलवार को सिंगापुर से होगा। एशियाई खेल 2023 में पुरुषों का हॉकी टूर्नामेंट भी एक ओलंपिक क्वालीफायर है, जिसमें गोल्ड जीतने वाली टीम पेरिस 2024 के लिए क्वालीफाई कर जाएगी।

यह भी पढ़ें

फाइनल में पहुंची भारतीय महिला टीम, एशियन गेम्स के पहले दिन शानदार शुरुआत; देखें खेल की 10 बड़ी खबरें

Asian Games 2023: फाइनल में पहुंची टीम इंडिया, पाकिस्तान से हो सकता है मुकाबला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल