1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Asian Games 2026 Live Updates: भारतीय हॉकी टीम ने मलेशिया को हराया, भारत को मिला 21वां गोल्ड मेडल
  Live Now

Asian Games 2026 Live Updates: भारतीय हॉकी टीम ने मलेशिया को हराया, भारत को मिला 21वां गोल्ड मेडल

 Written By: Abhishek Pandey
 Updated : Oct 03, 2026 05:32 pm IST

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने गोल्ड मेडल मैच में पाकिस्तान को धूल चटाने के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है, जिसके साथ ही अब कुल गोल्ड मेडल की संख्या 19 हो गई है।

भारतीय हॉकी टीम- India TV Hindi
भारतीय हॉकी टीम Image Source : ANI

एशियन गेम्स 2026 अभी तक भारतीय दल का काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें आर्चरी में सबसे ज्यादा पदक अलग-अलग इवेंट में आए हैं। वहीं तीन अक्टूबर की शुरुआत जहां काफी शानदार रही जिसमें महिला रिकर्व व्यक्तिगत इवेंट में कुमकुम मोहोद ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया तो वहीं गोल्फ में प्रणवी उर्स भी गोल्ड मेडल अपने नाम करने में कामयाब रही हैं। वहीं पुरुष क्रिकेट के इवेंट में भारतीय टीम ने गोल्ड मेडल मैच में पाकिस्तान को धूल चटाने के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। इसके बाद सभी की नजरें मेंस हॉकी के गोल्ड मेडल मैच पर थी, जिसमें भारतीय टीम का सामना मलेशिया से हुआ। इस मैच को जीतकर टीम इंडिया ने गोल्ड मेडल जीता और साथ ही में ओलंपिक 2028 के लिए भी अपनी टिकट पक्का किया। अभी एशियन गेम्स 2026 में भारत मेडल टैली में चौथे नंबर पर है, जिसमें उसके खाते में 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज मेडल सहित कुल 85 पदक जुड़ चुके हैं।

आर्चरी में रिकर्व व्यक्तिगत इवेंट में कुमकुम ने जीता गोल्ड मेडल

इस बार एशियन गेम्स में आर्चरी के अलग-अलग इवेंट में भारतीय तीरंदाजों का काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जो तीन अक्टूबर को भी जारी देखने को मिला जिसमें व्यक्तिगत रिकर्व इवेंट 17 साल की कुमकुम मोहोद ने महिला रिकर्व आर्चरी व्यक्तिगत इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने के साथ इतिहास रच दिया है और वह इस इवेंट में पदक जीतने वाली देश की पहली खिलाड़ी बन गई हैं, जिसमें इसी के साथ उन्होंने ओलंपिक 2028 के लिए अपनी जगह भी पक्की कर ली है।

भारत क्रिकेट टीम ने गोल्ड मेडल मैच में पाकिस्तान को चटाई धूल

मेंस क्रिकेट के गोल्ड मेडल मैच में भारतीय टीम का श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में पूरी तरह से दबदबा देखने को मिला, जिसमें वह इस मैच को 19 रनों से अपने नाम करने में कामयाब रही। इस मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था, जिसके बाद वह 20 ओवर्स में 211 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब रही थी। वहीं टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम 20 ओवर्स में 192 रनों का स्कोर ही बनाने में कामयाब हो सकी और उसे हार का सामना करना पड़ा जिसमें उसके खाते में सिल्वर मेडल आएगा। वहीं इस इवेंट में श्रीलंका की टीम ने ब्रॉन्ज मेडल जीता है।

हॉकी के गोल्ड मेडल मैच में भारत ने मलेशिया को हराया

भारतीय पुरुष हॉकी टीम जिनका इस एशियन गेम्स में अजेय अभियान देखने को मिला है गोल्ड मेडल मैच में उनका सामना मलेशिया से हुआ। फाइनल मैच में भारत ने मलेशिया को 5-1 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल मैच को भारतीय टीम 4-3 के करीबी अंतर से अपने नाम करने में कामयाब हो सकी थी।

 

Live updates :Asian Games 2026 Live Updates October 3rd

Auto Refresh
Refresh
  • 5:23 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    इंडियन मेंस हॉकी टीम ने जीता गोल्ड मेडल

    भारतीय मेंस हॉकी टीम ने मलयेशिया को 5-1 से हराकर एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। इस बड़ी जीत के साथ ही भारत ने 2028 में होने वाले लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए भी सीधे क्वालीफाई कर लिया है।

  • 5:13 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    अंतिम पंघाल ने जीता सिल्वर मेडल

    भारतीय महिला पहलवान अंतिम पंघाल ने महिलाओं के 53 किलोग्राम वर्ग के फाइनल मुकाबले में सिल्वर मेडल जीता, जहां उन्हें जापान की मो कियोका से हार का सामना करना पड़ा। मैच के दूसरे राउंड में अंतिम ने कियोका का टखना पकड़कर दांव लगाने की पूरी कोशिश की, लेकिन पूर्व वर्ल्ड चैंपियन कियोका बेहद फुर्तीली थीं और तुरंत पीछे हट गईं। इसके बाद दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे पर हावी होने के लिए उलझते रहे, जिसके चलते रेफरी को मैच रोककर दोबारा शुरू कराना पड़ा। एक मौके पर अंतिम ने जापानी पहलवान को लगभग अपनी पकड़ में ले ही लिया था, लेकिन कियोका ने अपने शानदार डिफेंस का प्रदर्शन करते हुए आखिरी पल में खुद को छुड़ा लिया।

  • 4:11 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    दीपक पुनिया को मिला ब्रॉन्ज

    भारतीय पहलवान दीपक पूनिया ने पुरुषों के 97 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में मंगोलिया के गनखुयाग गनबातार को 2-1 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर लिया है। इस जीत के साथ ही दीपक ने एशियन गेम्स में लगातार मेडल जीतने का रिकॉर्ड भी बरकरार रखा। 

  • 3:12 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    अमन सेहरावत ने जीता गोल्ड मेडल

    अमन सहरावत ने पुरुषों के 57 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती के फाइनल मैच में बहुत ही बढ़िया प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। फाइनल मैच में अमन ने उत्तर कोरिया के हान चोंग सोंग को हराया है।

  • 3:06 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    अमन सहरावत की अच्छी शुरुआत

    अमन सहरावत ने पुरुषों के 57 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती के फाइनल मैच में बहुत ही बढ़िया शुरुआत करते हुए 2-0 की बढ़त बना ली। मैच के दौरान जब अमन को सुस्ती की चेतावनी मिली, तो उन्हें 30 सेकंड के अंदर पॉइंट हासिल करना था। अमन ने शानदार टेकडाउन करते हुए दो पॉइंट अपने नाम कर लिए और बढ़त बना ली। विपक्षी पहलवान हान ने तुरंत हमला करके वापसी करने की कोशिश की, लेकिन अमन ने समझदारी से बचाव करते हुए पहले हाफ के खत्म होने से 39 सेकंड पहले 2-0 की मजबूत बढ़त बनाए रखी।

  • 2:43 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    रेसलिंग में अमन सहरावत पुरुषों के फ्रीस्टाइल 57kg फाइनल में

    अमन के इस मुकाबले के शुरू होने के लिए हमें बस कुछ मिनट इंतजार करना होगा। सेशन शुरू हो चुका है और इस कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल का पहला मुकाबला अभी चल रहा है। इसके बाद ब्रॉन्ज मेडल का एक और मुकाबला होगा और फिर अमन और उनके नॉर्थ कोरियाई प्रतिद्वंद्वी के बीच फाइनल होगा।

  • 2:07 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    हॉकी में अब गोल्ड मेडल पर नजरें

    अब एशियन गेम्स 2026 में भारतीय मेंस हॉकी टीम पर सभी की नजरें हैं जिनका गोल्ड मेडल मुकाबले में सामना मलेशिया की टीम से होगा और इस मैच की शुरुआत भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 पर होगी।

  • 1:33 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    भारतीय क्रिकेट टीम ने 19 रनों से जीता मुकाबला

    भारतीय क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ गोल्ड मेडल मुकाबले को 19 रनों से अपने नाम करने के साथ स्वर्ण पदक जीत लिया है। टीम इंडिया ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 211 रनों का स्कोर बनाया था जिसके बाद पाकिस्तानी टीम 192 रन ही बनाने में कामयाब हो सकी।

  • 1:22 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    पाकिस्तानी टीम को 12 गेंदों में जीत के लिए चाहिए 44 रन

    भारत और पाकिस्तान के बीच में खेले जा रहे एशियन गेम्स 2026 में मेंस क्रिकेट के गोल्ड मेडल मुकाबले में पाकिस्तानी टीम ने 212 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 18 ओवर्स में 168 रन बना लिए हैं, जिसमें अब उनको जीत हासिल करने के लिए बची 12 गेंदों में 44 रन और बनाने हैं।

  • 12:38 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    पाकिस्तान ने 9 ओवर्स में बनाए 62 रन

    पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने गोल्ड मेडल मैच में भारत के खिलाफ 212 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 9 ओवर्स का खेल खत्म होने के बाद तीन विकेट के नुकसान पर 62 रन बना लिए हैं, जिसमें उनको अब जीत हासिल करने के लिए बची 66 गेंदों में 150 रन और बनाने हैं। इस मैच की लाइव अपडेट आप यहां क्लिक कर देख सकते हैं।

  • 12:11 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    वॉलीबॉल में थाईलैंड से हार के बाद भारतीय पुरुष टीम छठे स्थान पर रही

    भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम थाईलैंड के खिलाफ 5वें-6वें स्थान के लिए हुए मैच में 3-2 (25-19, 17-25, 25-21, 17-25, 17-15) से हार गई और स्टैंडिंग में छठे स्थान पर रही। उनका सफर अच्छा रहा, जिसमें कतर के खिलाफ शानदार वापसी सबसे खास रही, लेकिन पाकिस्तान से मिली हार ने उन्हें सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर कर दिया और अब वह हार के साथ ही अपना अभियान खत्म कर रहे हैं।

  • 11:43 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    भारतीय टीम ने गोल्ड मेडल मैच में पाकिस्तान को दिया 212 रनों का टारगेट

    भारतीय क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ गोल्ड मेडल मैच में टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 211 रनों का स्कोर बनाया है। टीम इंडिया की तरफ से अभिषेक शर्मा ने 61 जबकि तिलक वर्मा ने 51 रनों की नाबाद पारी खेली। आप इस मैच की लाइव अपडेट यहां क्लिक कर देख सकते हैं।

  • 11:21 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    आर्चरी में नीरज चौहान ने रिकर्व पुरुष व्यक्तिगत ब्रॉन्ज मेडल जीता

    आर्चरी में नीरज चौहान ने रिकर्व पुरुष व्यक्तिगत ब्रॉन्ज मेडल मैच में हमवतन खिलाड़ी धीरज बोम्मादेवरा को मात देने के साथ पदक अपने नाम कर लिया है। इसके साथ ही आर्चरी से भारत के खाते में एक और मेडल जुड़ गया है।

  • 10:56 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    आर्चरी में धीरज बोम्मादेवरा और नीरज चौहान के बीच होगा रिकर्व पुरुष व्यक्तिगत ब्रॉन्ज मेडल मैच

    आर्चरी में धीरज बोम्मादेवरा और नीरज चौहान के बीच रिकर्व पुरुष व्यक्तिगत ब्रॉन्ज मेडल मैच होगा, जिसमें दोनों खिलाड़ियों को उनके सेमीफाइनल मैच में हार का सामना करना पड़ा था।

  • 10:51 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले 10 ओवर्स में बनाए 114 रन

    पाकिस्तान के खिलाफ एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्रिकेट गोल्ड मेडल मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर्स का खेल खत्म होने के बाद तीन विकेट के नुकसान पर 114 रन बना लिए हैं। आप इस मैच की लाइव अपडेट्स को यहां क्लिक कर देख सकते हैं।

  • 10:49 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    आर्चरी में धीरज बोम्मादेवरा रिकर्व पुरुष व्यक्तिगत सेमीफाइनल में हारे

    आर्चरी में धीरज बोम्मादेवरा रिकर्व पुरुष व्यक्तिगत सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा जिसमें उन्होंने यह मैच 3-7 के अंतर से गंवा दिया। ऐसे में अब सभी की नजरें दूसरे सेमीफाइनल में नीरज चौहान को लेकर टिकी हुई हैं।

  • 10:32 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    आर्चरी में धीरज बोम्मादेवरा रिकर्व पुरुष व्यक्तिगत सेमीफाइनल में

    इससे यह पक्का हो गया है कि एशियाई खेलों में पुरुषों की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में भारत को कम से कम एक मेडल तो मिलेगा ही। लेकिन वह सिर्फ इतने से ही संतुष्ट नहीं होने वाले हैं। क्योंकि भारत इन एशियाई खेलों में अपने तीरंदाजी अभियान को एक शानदार जीत (गोल्ड मेडल) के साथ खत्म करना चाहता है। दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी धीरज बोम्मादेवरा का सामना साउथ कोरिया के ली वूसोक से होगा।

  • 10:06 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    कुश्ती में अंतिम फाइनल में

    अंतिम दूसरे राउंड में वापसी करके 0-1 से 6-1 से आगे हो गईं और महिलाओं के 53kg डिवीजन के फाइनल में पहुंच गईं। आज भारतीय कुश्ती के लिए कम से कम दो और मेडल हो गए, इसके बाद अंतिम और अमन ने अपना फाइनल स्लॉट पक्का कर लिया।

  • 10:00 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    रेसलिंग में अमन फाइनल में

    अमन सहरावत ने कमाल कर दिया! पहला राउंड 6-2 से हारने के बाद, अमन ने दूसरे राउंड में जबरदस्त वापसी की। उन्होंने 12 पॉइंट हासिल किए जबकि आइल बेलोल्युब्स्की को सिर्फ 2 पॉइंट मिले। इस तरह भारतीय पहलवान ने 14-8 से शानदार जीत दर्ज की और पुरुषों के 57kg फ्रीस्टाइल इवेंट के फाइनल में जगह बना ली।

  • 9:57 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    रेसलिंग में दीपक सेमीफाइनल हारे, ब्रॉन्ज़ मेडल के मुकाबले में पहुंचे

    दीपक पूनिया को सेमीफाइनल में उज़्बेकिस्तान के शेरज़ोद से कड़े मुक़ाबले में 8-9 से हार का सामना करना पड़ा है। इस बीच अंतिम और अमन के सेमीफाइनल मुकाबले उनके संबंधित मैट पर शुरू हो गए हैं।

  • 9:41 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    आर्चरी में धीरज बोम्मादेवरा रिकर्व पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंचे

    धीरज बोम्मादेवरा रिकर्व पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं! आखिरी सेट भी 10-10 से बराबरी पर रहा, लेकिन उन्होंने अपने आखिरी शॉट पर शानदार 10 का स्कोर करके अमीरखोन सादिकोव को 6-2 से हरा दिया और जीत पक्की कर ली। क्वालिफिकेशन में टॉप सीड रहे धीरज अब इस एशियाई खेल में व्यक्तिगत मेडल जीतने से बस एक जीत दूर हैं।

  • 9:36 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    भारतीय टीम ने जीता टॉस पहले बल्लेबाजी का लिया फैसला

    क्रिकेट के मेंस गोल्ड मेडल मैच में भारत और पाकिस्तान के बीच में मुकाबला खेला जा रहा है, जिसमें भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। वहीं टीम इंडिया ने इस मैच के लिए अपनी प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है। इस मैच की लाइव अपडेट को आप यहां क्लिक कर देख सकते हैं।

  • 9:32 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    गोल्फ में भारत ने महिला टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता

    प्रणवी ने ना सिर्फ व्यक्तिगत गोल्ड मेडल जीता बल्कि टीम को चीन के बाद शानदार सिल्वर मेडल भी दिलाया। प्रणवी उर्स आइची-नागोया से दो मेडल लेकर लौटेंगी साथ ही अदिति अशोक और दीक्षा डागर भी अपने-अपने सिल्वर मेडल के साथ लौटेंगी। भारत ने टीम इवेंट 14 अंडर पार के स्कोर पर खत्म किया, जो विजेता चीन (22 अंडर पार) से काफी पीछे था।

  • 9:28 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    गोल्फ में प्रणवी उर्स ने महिलाओं के व्यक्तिगत मुकाबले में गोल्ड मेडल जीता

    प्रणवी उर्स एशियन गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट बन गई हैं! अदिति अशोक और दीक्षा डागर दौड़कर कोर्स पर आईं और प्रणवी पर पानी की कुछ बोतलें डालकर उन्हें भिगो दिया। इतने कड़े फाइनल राउंड में प्रणवी ने अपना संयम बनाए रखा; उन्होंने आख़िरी होल 'पार' (par) पर पूरा किया और शैनन टैन व यिन रुओनिंग ने भी ऐसा ही किया। चार राउंड के गोल्फ के बाद भारतीय खिलाड़ी 15 अंडर पार के स्कोर के साथ शीर्ष पर रहीं, जबकि यिन और टैन 14 अंडर पार के स्कोर पर रहीं और उन्हें संयुक्त रूप से सिल्वर मेडल मिला।

  • 9:18 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    क्रिकेट में भारत और पाकिस्तान की गोल्ड मेडल मैच में भिड़ंत

    एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट के गोल्ड मेडल मैच में भारत और पाकिस्तान के बीच में भिड़ंत होगी जिसमें इस मैच की शुरुआत भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे होगी, जिसमें इस मैच की लाइव अपडेट के लिए आप यहां क्लिक कर देख सकते हैं। वहीं इस इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा श्रीलंकाई टीम ने किया है, जिन्होंने बांग्लादेश को मात दी।

  • 9:10 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    रेसलिंग में मनीषा को फुजिनामी से मिली हार

    रेसलिंग में मनीषा को फुजिनामी से हार मिलने के बाद अब उनको रेपेचेज का मैच में मौका मिलने का इंतजार करना चाहिए। जापान की यह महान रेसलर अब सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं।

  • 9:04 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    गोल्फ में महिलाओं का व्यक्तिगत स्ट्रोक प्ले

    प्रणवी उर्स ने आखिरी कुछ होल्स में 'पार' (par) के लिए कुछ मुश्किल 'पट्स' (putts) सफलतापूर्वक खेले और अपनी बढ़त बनाए रखी है। अब बस दो होल्स बाकी हैं और प्रणवी के लिए राहत की बात यह है कि चीन की यिन रुओनिंग 'बर्डी' (birdie) के लिए एक आसान 'पट' चूक गईं। सिंगापुर की शैनन टैन भी कड़ी टक्कर दे रही हैं। दो होल्स बाकी रहते हुए, प्रणवी '15 अंडर पार' के साथ आगे हैं, जबकि यिन और टैन दोनों '14 अंडर पार' पर हैं। दो होल्स बाकी हैं और यहां गोल्ड मेडल के लिए जबरदस्त मुकाबला चल रहा है।

  • 9:00 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    रेसलिंग में सागर को क्वार्टर फाइनल में मिली हार, अब रेपेचेज का इंतजार

    सागर जगलान को क्वार्टर फाइनल में ईरान के योनेस एमामीचोगई ने 10-0 से बुरी तरह हरा दिया। अब भारतीय खिलाड़ी को रेपेचेजे का इंतजार है और उन्हें उम्मीद है कि ईरानी खिलाड़ी फाइनल में पहुंचेंगे।

  • 8:34 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    आर्चरी में अब धीरज पर सभी की नजरें

    कुमकुम मोहोद के गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचने के बाद अब पुरुष तीरंदाज धीरज बोम्मादेवरा से भी ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद है, जिसमें वह रिकर्व पुरुष इवेंट में भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 पर अमीरखोन सादिकोव का सामना क्वार्टर फाइनल मुकाबले में करेंगे।

  • 8:27 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    रेसलिंग में अंतिम क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

    अंतिम ने प्री-क्वार्टर फाइनल मुक़ाबले में जबरदस्त जीत हासिल की है। उन्होंने कजाकिस्तान की शुगिला अमीरबेक को 9-0 से हराया और अब क्वार्टर फाइनल के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है।

  • 8:24 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    रेसलिंग में दीपक सेमीफाइनल में तो मनीषा क्वार्टर फाइनल में पहुंची

    दीपक पूनिया सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं क्योंकि उनके प्रतिद्वंद्वी हांगकांग चीन के ली विंसेंट ने मुकाबले से नाम वापस ले लिया है। वहीं मनीषा ने साउथ कोरिया की क्वोन यंगजिन को 57kg प्री क्वार्टर मुकाबले में 8-0 से हराया और अब क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला बेहतरीन खिलाड़ी अकारी फ़ुजिनामी से होगा। 53kg कैटेगरी में अजेय रहीं फ़ुजिनामी ने इस बार एक वेट कैटेगरी ऊपर का रुख किया है।

  • 8:03 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    रेसलिंग में सागर और दीपक आगे बढ़े

    सागर जगलान ने पुरुषों के फ्रीस्टाइल 74 किग्रा प्री-क्वार्टर फाइनल में मंगोलिया के तुल्गा तुमुर्-ओचिर को आसानी से 8-1 से हरा दिया। वहीं दूसरी ओर दीपक पूनिया ने चीन के झोउ जुनपेंग को 10-2 से हराया। उन्होंने पहले राउंड में 6-2 की बढ़त बनाई और दूसरे राउंड में 6-0 का स्कोर करते हुए 'टेक्निकल सुपीरियरिटी' के आधार पर जीत हासिल की।

  • 7:39 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    कुमकुम मोहोद ने गोल्ड मेडल किया अपने नाम

    एशियन गेम्स 2026 में महिला व्यक्तिगत रिकर्व आर्चरी इवेंट में भारत की 17 साल की तीरंदाज कुमकुम मोहोद ने गोल्ड मेडल मुकाबले में साउथ कोरिया की खिलाड़ी को शूट ऑफ में मात देने के साथ स्वर्ण पदक जीतने के साथ इतिहास रच दिया है।

  • 7:26 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    कुमकुम ने तीसरे सेट में दिखाया कमाल

    आर्चरी में महिला व्यक्तिगत रिकर्व गोल्ड मेडल मैच में कुमकुम मोहाद ने साउथ कोरिया की खिलाड़ी के खिलाफ तीसरे सेट में शानदार प्रदर्शन करने के साथ उसे 30-29 के अंतर से अपने नाम करने के साथ अब मैच को 3-3 की बराबरी पर ला दिया है।

  • 7:24 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    कुमकुम के गोल्ड मेडल मैच की हुई शुरुआत

    आर्चरी में व्यक्तिगत महिला रिकर्व इवेंट में भारत की 17 साल की कुमकुम मोहोद का गोल्ड मेडल मैच में सामना साउथ कोरिया की खिलाड़ी से हो रहा है, जिसमें इस मैच की शुरुआत हो गई है और दो सेट के बाद कुमकुम अभी 3-1 से पीछे चल रही हैं।

  • 7:20 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    कुमकुम ने ओलंपिक कोटा भी किया हासिल

    एशियाई खेलों में महिलाओं के व्यक्तिगत रिकर्व सेमीफाइनल में चीन की जिंगयी झू को 6-2 से हराकर भारत की कुमकुम मोहोद गोल्ड मेडल के लिए मुकाबला करेंगी। एशियाई खेलों में महिलाओं के रिकर्व आर्चरी सेमीफाइनल में जीत के साथ कुमकुम मोहोद ने भारत के लिए 2028 ओलंपिक कोटा भी पक्का कर लिया है।

  • 7:16 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    कुमकुम फाइनल में करेंगी साउथ कोरियाई खिलाड़ी का सामना करेंगी

    भारत की 17 साल की तीरंदाज कुमकुम मोहाद का एशियन गेम्स महिला व्यक्तिगत रिकर्व आर्चरी के इवेंट के गोल्ड मेडल मैच में सामना साउथ कोरिया की ओह येजिन से होगा जिसमें इस मैच की शुरुआत भारतीय समयानुसार सुबह 7:20 से हो जाएगी।

  • 6:54 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    ताइक्वांडो में महिलाओं के 67 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 16 में ज्योति यादव हारीं

    भारत की ज्योति यादव भी ताइक्वांडो में अपना पहला मुकाबला हार गईं; महिलाओं के 67 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 16 में उन्हें थाईलैंड की कन्नलक चुएनचूकलिन ने 0-2 (15-4, 15-2) से हराया।

  • 6:43 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    आर्चरी में रिकर्व महिला व्यक्तिगत फाइनल में पहुंची कुमकुम मोहोद

    आर्चरी में रिकर्व महिला व्यक्तिगत सेमीफाइनल में युवा भारतीय तीरंदाज कुमकुम मोहोद ने चीन की खिलाड़ी चीन की झू जिंगयी का सामना किया जिसमें कुमकुम इस मुकाबले को 6-2 से अपने नाम करने के साथ गोल्ड मेडल मैच के लिए अपनी जगह पक्की करने में कामयाब हो गई हैं। कुमकुम मोहोद रिकर्व व्यक्तिगत फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला हैं। उन्होंने लगातार राउंड में पिछली वर्ल्ड चैंपियनशिप के दोनों फाइनलिस्ट को हराया है। अब बस एक कदम और दूर हैं। फाइनल सुबह 7:20 बजे होगा।

  • 6:32 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    आर्चरी में कुमकुम मोहोद ने कांग चेयॉन्ग को हराकर महिलाओं के व्यक्तिगत सेमीफाइनल में जगह बनाई

    आर्चरी में महिला व्यक्तिगत रिकर्व इवेंट में भारत की कुमकुम मोहोद ने साउथ कोरिया की कांग चेयॉन्ग को हराकर सेमीफाइनल के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। इस मुकाबले में कुमकुम ने  6-3 के अंतर से जीत हासिल की है।

  • 6:30 AM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    क्रिकेट और हॉकी में गोल्ड मेडल की उम्मीद

    एशियन गेम्स 2026 में तीन अक्टूबर के दिन भारतीय दल कई अलग-अलग खेलों के इवेंट में हिस्सा लेगा, जिसमें सबसे ज्यादा नजरें भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीम के बीच होने वाले गोल्ड मेडल मैच और इसके अलावा भारत और मलेशिया की पुरुष हॉकी टीम के बीच होने वाले गोल्ड मेडल मैच पर रहने वाली हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।