बीसीसीआई इस वक्त टीम इंडिया और उसके प्लेयर्स के लिए खास प्लान बना रहा है। जून से भारतीय टीम फिर से इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करेगी और तभी से नई सीरीज का भी आगाज हो जाएगा। इस बीच तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर स्पेशल प्लान तैयार किया जा रहा है। खास तौर पर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप और साल 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप के लिए तैयारी की जा रही है। इतना ही नहीं देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल और रुतुराज गायकवाड के लिए भी अपनी एक सोच है।
जून में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच खेलेगी टीम इंडिया
टी20 विश्व कप 2026 की जीत और उसके समापन के बाद ही बीसीसीआई ने आगे की तैयारी शुरू कर दी है। अगले साल विश्व टेस्ट चैंपियनशिप यानी डब्ल्यूटीसी का फाइनल है और फिर वनडे विश्वकप 2027 भी खेला जाएगा। डब्ल्यूटीसी का फाइनल भले ही अगले साल हो, लेकिन उसका रास्ता इसी साल से होकर जाएगा। अगर टीम इंडिया को इसका फाइनल खेलना है तो इस साल जो टेस्ट हैं, उन्हें जीतना होगा। वैसे तो टीम इंडिया जून में ही अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट मैच खेलेगी, लेकिन ये विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं होगा, लेकिन तैयारी के लिहाज से अहम होने जा रहा है।
जसप्रीत बुमराह के वर्कलोड को लेकर बीसीसीआई गंभीर
भारतीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा चिंता इस बात की होती है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का वर्कलोड मैनेजमेंट कैसे किया जाए। इस बीच टीओआई के हवाले से पता चला है कि बीसीसीआई चाहता है कि बुमराह इस चक्र में होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के सभी टेस्ट मैच खेलें। अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाला टेस्ट डब्ल्यूटीसी का हिस्सा नहीं होगा, जो कि हम पहले ही आपको बता चुके हैं। लेकिन न्यूजीलैंड और श्रीलंका से भी टेस्ट मैच खेलने हैं, जो काफी अहम साबित होंगे। हालांकि अगले साल जनवरी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी, उसमें अभी वक्त है।
डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में टीम इंडिया छठे नंबर पर
टीम इंडिया अभी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में काफी पीछे है और फिलहाल उसके फाइनल तक जाने की संभावन कम दिख रही है, लेकिन अगर भारत ने श्रीलंका और न्यूजीलैंड से चार टेस्ट मैच जीत लिए तो नई उम्मीद जागेगी, यही बीसीसीआई की कोशिश है। अभी टीम इंडिया प्वाइंट्स टेबल में छठे स्थान पर है, जहां से आगे आना आसान काम तो नहीं है।
टी20 इंटरनेशनल से दूर रहेंगे जसप्रीत बुमराह
खबर है कि जसप्रीत बुमराह सभी टेस्ट मैच खेलेंगे, चाहे इसके लिए उन्हें कुछ वनडे सीरीज से आराम ही क्यों ना दे दिया जाए। इस बीच ये करीब करीब तय है कि बुमराह अब आने वाले वक्त में टी20 इंटरनेशनल मैच खेलते हुए नजर नहीं आएंगे, अगले दो साल तक इस फॉर्मेट का कोई भी बड़ा इवेंट नहीं होना है। आने वाले वक्त में लगातार क्रिकेट होगा, उस वक्त सभी खिलाड़ियों का वर्कलोड कैसे मैनेज किया जाए, ये अहम सवाल होने वाला है।
देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल और रुतुराज गायकवाड के लिए भी खास प्लान
इस बीच पता ये भी चला है कि बीसीसीआई देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल और रुतुराज गायकवाड को मौका देने के बारे में सोच रहा है। ये सभी मिडल आर्डर के बल्लेबाज हैं। वैसे तो जुरेल विकेट कीपर बल्लेबाज हैं, लेकिन बीसीसीआई उन्हें प्योर बैटर के तौर पर भी देख रहा है। देवदत्त पडिक्कल को तीसरे नंबर के बल्लेबाज के तौर पर देखा जा रहा है, जहां पिछले कुछ वक्त में कई सारे प्रयोग हुए, लेकिन सफलता नहीं मिली।
यह भी पढ़ें
IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका की टीमों ने मिलकर बना दिया रिकॉर्ड, अब सूपड़ा साफ होने का खतरा