1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Commonwealth Games 2022: भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज सेमीफाइनल में पहुंचे, जिमनास्ट योगेश्वर ने किया निराश

Commonwealth Games 2022: भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज सेमीफाइनल में पहुंचे, जिमनास्ट योगेश्वर ने किया निराश

 Written By: Priyam Sinha @PriyamSinha4
 Published : Jul 31, 2022 07:24 pm IST,  Updated : Jul 31, 2022 07:26 pm IST

Commonwealth Games 2022: भारत के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के तीसरे दिन तैराक श्रीहरि नटराज सेमीफाइनल में पहुंचे। वहीं वेटलिफ्टर जेरेमी लालरिनुंगा ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

जिमनास्ट योगेश्वर...- India TV Hindi
जिमनास्ट योगेश्वर सिंह (बाएं) और भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज (दाएं) Image Source : TWITTER

Highlights

  • भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज ने बढ़ाईं स्वीमिंग में पदक की उम्मीदें
  • साजन प्रकाश को रिजर्वड लिस्ट में रखा गया
  • जिमनास्ट योगेश्वर सिंह हुए बाहर

Commonwealth Games 2022: भारत के लिए रविवार को जारी बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में तैराकी से अच्छी खबर आई। भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बना ली। उनके अलावा पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में साजन प्रकाश 1:58.99 सेकेंड से चौथे स्थान पर रहे और उन्हें रिजर्व सूची में रखा गया। सर्वश्रेष्ठ आठ तैराक पुरूषों की 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाएंगे। उधर जिमनास्ट योगेश्वर संह के हाथ निराशा लगी है।

भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज ने रविवार को बर्मिंघम में 25.52 सेकेंड का समय निकालकर 22वें राष्ट्रमंडल खेलों की पुरूषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया। बेंगलुरू का यह 21 वर्षीय तैराक अपनी हीट में दूसरे और कुल आठवें स्थान पर रहा। पुरूषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 24.40 सेकेंड का है जो उन्होंने पिछले साल संयुक्त अरब अमीरात में हुई 15वीं फिना विश्व तैराकी चैम्पियनशिप के दौरान हासिल किया था। नटराज 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में सातवें स्थान पर रहे थे। 

जिमनास्टिक्स में मिली निराशा

भारतीय जिम्नास्ट योगेश्वर सिंह कलात्मक जिम्नास्टिक स्पर्धा के पुरुष ऑल-राउंड फाइनल में 15वें स्थान पर रहे। तीन बार विश्व चैम्पियनशिप में भाग ले चुके हरियाणा के जिम्नास्ट ने इस स्पर्धा में 74.700 का समग्र स्कोर बनाया। इस स्पर्धा के तीनों पदक इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने जीते। जैक जरमन ने 83.450 के कुल स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि जेम्स हॉल (82.900) और मारिओस जॉर्जियो (81.751) ने क्रमश:  रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए। योगेश्वर ऑल-राउंड फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाले इकलौते भारतीय पुरुष जिमनास्ट थे। टीम के उनके साथी सैफ तंबोली और सत्यजीत मंडल मामूली अंतर से फाइनल में क्वालीफाई करने से चूक गए थे। 

CWG 2022, DAY 3 LIVE UPDATES: भारत ने टी20 मैच में पाकिस्तान को हराया, जेरेमी ने वेटलिफ्टिंग में जीता गोल्ड

जेरेमी ने रचा था इतिहास

आज के दिन भारत के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि अभी तक रही है जेरेमी लालरिनुंगा के नाम। उन्होंने वेटलिफ्टिंग के 67 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल देश को दिलाया। उन्होंने स्नैच राउंड में 140 किलोग्राम के गेम रिकॉर्ड और क्लीन एंड जर्क में 160 किलोक्राम का भार उठाकर भारत के लिए बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में पांचवां मेडल जीता। इसके अलावा उन्होंने कुल 300 किलोग्राम का भी गेम रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रचा। अभी तक भारत को पांचों मेडल (दो स्वर्ण समेत) वेटलिफ्टिंग में ही मिले हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल