1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. CWG 2022 Medals Tally: भारत को पदक तालिका में हुआ बड़ा नुकसान, छठे दिन पांच मेडल जीतने के बाद भी नहीं मिला फायदा

CWG 2022 Medals Tally: भारत को पदक तालिका में हुआ बड़ा नुकसान, छठे दिन पांच मेडल जीतने के बाद भी नहीं मिला फायदा

 Written By: Rajeev Rai @Rajeev_Bharat
 Published : Aug 04, 2022 11:14 am IST,  Updated : Aug 04, 2022 11:14 am IST

CWG 2022 Medals Tally: भारत के पदकों की संख्या बढ़कर 18 पहुंची। खाते में अभी भी पांच गोल्ड।

CWG 2022, Medals Tally, Commonwealth Games- India TV Hindi
CWG 2022 Medals Tally

Highlights

  • भारत के खाते में अब तक 18 मेडल
  • छठे दिन मिले पांच पदक
  • पदक तालिका में एक स्थान का नुकसान

CWG 2022 Medals Tally: भारत के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 का अब तक का सफर शानदार रहा है। भारतीय खिलाड़ियों ने इस बार कई ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन किए हैं। भारत के खाते में छह दिन में ही 18 पदक आ चुके हैं। इसमें पांच गोल्ड, छह सिल्वर और सात ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। भारत के लिए वेटलिफ्टरों का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा है और वेटलिफ्टिंग में उसे तीन गोल्ड समेत कुल 10 मेडल मिले हैं। हालांकि छठे दिन पांच पदक जीतने के बावजूद भारत को पदक तालिका में नुकसान उठाना पड़ा है। ऐसे में आइए एक नजर डाल लेते हैं मेडल्स टैली पर और जानते हैं कि छह दिनों के बाद भारत किस स्थान पर काबिज है...

भारत को छठे दिन कुल पांच मेडल्स मिले, इसमें स्क्वैश और हाई जंप में पहली बार पदक हाथ लगे। सौरव घोषाल ने स्क्वैश के एकल मुकाबले में भारत को पहली बार कोई मेडल दिलाया। उन्होंने इंग्लैंड के चैंपियन खिलाड़ी को हराकर कांस्य पदक जीता। इसके बाद तेजस्विन शंकर ने देश को पहली बार हाई जंप में पदक दिलाया। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए एथलेटिक्स के इस इवेंट में ब्रॉन्ज जीता। इनके अलावा वेटलिफ्टिंग में लवप्रीत सिंह और गुरदीप सिंह ने पदक जीते जबकि जूडो में तूलिका मान ने देश को सिल्वर दिलाया। 

भारत के मेडलिस्ट

गोल्ड (5): मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा, अंचिता शेउली, महिला लॉन बॉल्स टीम, टेबल टेनिस पुरुष टीम

सिल्वर (6): संकेत सरगर, बिंदियारानी देवी, सुशीला देवी, विकास ठाकुर, भारतीय बैडमिंटन टीम, तूलिका मान
ब्रॉन्ज (7): गुरुराजा पुजारी, विजय कुमार यादव, हरजिंदर कौर, लवप्रीत सिंह, सौरव घोषाल, गुरदीप सिंह, तेजस्विन शंकर

भारत को किस खेल में कितने पदक

  • वेटलिफ्टिंग- 10 (तीन गोल्ड, तीन सिल्वर और चार ब्रॉन्ज)
  • लॉन बॉल्स- 1 (गोल्ड)
  • टेबल टेनिस- 1 (गोल्ड)
  • जूडो- 3 (दो सिल्वर और एक कांस्य)
  • बैडमिंटन- 1 (सिल्वर)
  • स्क्वैश- 1 (ब्रॉन्ज)
  • एथलेटिक्स- 1 (ब्रॉन्ज)

मेडल्स टैली में बड़े बदलाव

मेडल्स टैली की बात करें तो यहां सिर्फ भारत के साथ-साथ न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका को भी बड़ा नुकसान हुआ है, जबकि कनाडा और स्कॉटलैंड को यहां फायदा देखने को मिला है। स्कॉटलैंड सातवें स्थान से निकलकर पांचवें नंबर पर पहुंच गया है तो वहीं कनाडा चौथे स्थान से आगे बढ़कर तीसरे पर काबिज हो गया है। वहीं भारत छठे स्थान से खिसककर सातवें पायदान पर चला गया है। न्यूजीलैंड तीसरे से चौथे और दक्षिण अफ्रीका पांचवें से छठे स्थान पर लुढ़क गया है। ये बदलाव देशों के गोल्ड मेडल समेत पदकों में बढ़ोतरी की वजह से हुए हैं। 

रैंक देश गोल्ड सिल्वर ब्रॉन्ज टोटल मेडल
1 ऑस्ट्रेलिया 46 38 39 123
2 इंग्लैंड 39 37 29 105
3 कनाडा 16 20 21 57
4 न्यूजीलैंड 16 10 10 36
5 स्कॉटलैंड 7 8 17 32
6 दक्षिण अफ्रीका 6 7 7 20
7 भारत 5 6 7 18
8 वेल्स 4 4 9 17
9 मलेशिया 3 2 3 8
10 नाइजीरिया 3 1 4 8
 

ऑस्ट्रेलिया टॉप पर कायम

पदक तालिका में ऑस्ट्रेलिया और मेजबान इंग्लैंड के 100 से अधिक मेडल हो गए हैं। लेकिन ऑस्ट्रेलिया अभी भी सबसे आगे नंबर एक के स्थान पर काबिज है। उसके 46 गोल्ड, 38 सिल्वर और 39 ब्रॉन्ज मिलाकर कुल 123 पदक हो गए हैं। जबकि इंग्लैंड के 39 गोल्ड, 37 सिल्वर और 29 ब्रॉन्ज मिलाकर 105 मेडल्स हो चुके हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल