1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. रोनाल्डो को टीम से बाहर बैठाने वाले कोच ने अब इस फैसले से मचाई सनसनी!

रोनाल्डो को टीम से बाहर बैठाने वाले कोच ने अब इस फैसले से मचाई सनसनी!

 Written By: Deepesh Sharma
 Published : Dec 16, 2022 04:05 pm IST,  Updated : Dec 16, 2022 04:05 pm IST

रोनाल्डो को टीम से बाहर करने वाले कोच का एक और बड़ा फैसला।

Cristiano Ronaldo- India TV Hindi
Cristiano Ronaldo Image Source : GETTY

FIFA World Cup 2022: फीफा वर्ल्ड कप 2022 में एक से एक बड़ा उलटफेर हुआ। दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो इस साल अपना आखिरी वर्ल्ड कप खेल रहे थे और उनकी टीम पुर्तगाल को मोरक्को के खिलाफ नॉकआउट में हार झेलकर बाहर होना पड़ा। बता दें कि रोनाल्डो को पुर्तगाल के आखिरी दो अहम मुकाबलों में टीम के कोच ने प्लेइंग 11 में जगह नहीं दी। अब रोनाल्डो को बाहर करने वाले कोच फर्नांडो सैंटोस ने एक बड़ा फैसला किया है।

सांतोस ने छोड़ा अपना पद

साल 2022 फीफा विश्व कप की निराशा के बाद फर्नांडो सैंटोस ने पुर्तगाल का प्रमुख कोच पद छोड़ दिया है। पुर्तगाल को कतर में विश्व कप के क्वार्टरफाइनल में मोरक्को से 0-1 से हार का सामना करना पड़ा था। 68 वर्षीय सैंटोस ने पुर्तगाल के प्रभारी के रूप में 8 साल गुजारे थे और अपने मार्गदर्शन में टीम को पहली बार दो अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में जीत दिलाई थी। पुर्तगाल ने 2016 में फ्रांस में यूरो कप जीता था और 2019 में यूएफा नेशंस लीग का खिताब जीता था।

2014 से थे टीम के साथ

पुर्तगाली फुटबाल संघ ने गुरुवार रात एक बयान में कहा, "पुर्तगाल फुटबॉल संघ और सैंटोस सितंबर 2014 में शुरू हुई अपनी सफल यात्रा को समाप्त करने पर सहमत हो गए हैं। सैंटोस का कहना है कि यह नया चक्र शुरू करने का सही समय है।" सैंटोस ने क्रिस्टियानो रोनाल्डो को ग्रुप चरण के बाद हटाने का साहसिक फैसला किया था। इस कदम का राउंड 16 में पुर्तगाल को फायदा मिला। रोनाल्डो की जगह आए गोंसालो रामोस ने स्विट्जरलैंड के खिलाफ 6-1 की जबरदस्त जीत में शानदार हैट्रिक जमाई।

क्वार्टरफाइनल में भी कुछ खास नहीं कर पाए रोनाल्डो

37 वर्षीय रोनाल्डो मोरक्को के खिलाफ क्वार्टरफाइनल में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में आए लेकिन पुर्तगाल को बाहर जाने से नहीं रोक सके। सैंटोस को रोनाल्डो को हटाने पर लगातार सवालों का सामना करना पड़ा लेकिन प्रमुख कोच ने जोर देकर कहा कि उन्हें अपने फैसले पर कोई अफसोस नहीं है। पुर्तगाल अब नए प्रमुख कोच को ढूंढने की प्रक्रिया शुरू करेगा। पुर्तगाल फुटबाल संघ ने सैंटोस और उनकी तकनीकी टीम को 8 वर्षों तक उनकी सेवाओं के लिए धन्यवाद दिया। पुर्तगाल फुटबॉल संघ ने साथ ही कहा कि वह अब नए राष्ट्रीय कोच को ढूंढने की प्रक्रिया शुरू करेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल