फीफा वर्ल्ड कप 2026 में 5वां दिन बड़ी टीमों के लिए मुश्किलों भरा रहा। एक तरफ पहली बार वर्ल्ड कप खेल रही केप वर्डे ने यूरोपियन चैंपियन स्पेन को गोलरहित ड्रॉ पर रोककर सनसनी फैला दी, तो दूसरी ओर मिस्र ने बेल्जियम जैसी मजबूत टीम को कड़ी टक्कर देते हुए 1-1 की बराबरी हासिल की। वहीं ग्रुप एच में उरुग्वे भी सऊदी अरब के खिलाफ जीत दर्ज नहीं कर सका और मुकाबला 1-1 से समाप्त हुआ।
वर्ल्ड कप डेब्यू पर केप वर्डे का बड़ा धमाका
करीब पांच लाख की आबादी वाले छोटे से द्वीपीय देश केप वर्डे ने अपने पहले ही वर्ल्ड कप मैच में ऐसा प्रदर्शन किया, जिसकी शायद ही किसी ने उम्मीद की हो। टीम ने खिताब की प्रबल दावेदार स्पेन को 0-0 की बराबरी पर रोक दिया। इस ऐतिहासिक नतीजे के सबसे बड़े नायक 40 साल के गोलकीपर वोजिन्हा रहे, जिन्होंने पूरे मैच में शानदार बचाव करते हुए स्पेन के स्टार खिलाड़ियों को गोल करने का मौका नहीं दिया। स्पेन के लिए फेरान टोरेस सबसे करीब पहुंचे, लेकिन उनका एक शॉट क्रॉसबार से टकरा गया। बाद में भी वोजिन्हा ने कई बेहतरीन सेव किए।
दिलचस्प बात यह रही कि मैच के अंतिम पलों में केप वर्डे के पास जीत हासिल करने का मौका भी था, लेकिन डाइनी बोर्गेस का हेडर स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन ने बचा लिया। युवा स्टार लामिन यामाल को मैदान पर उतारने के बावजूद स्पेन जीत का रास्ता नहीं खोज सका।
मिस्र ने बेल्जियम की मुश्किलें बढ़ाईं
ग्रुप जी में मिस्र ने बेल्जियम को कड़ी चुनौती देते हुए 1-1 से ड्रॉ खेला। मुकाबले के 19वें मिनट में मोहम्मद सलाह के शानदार पास पर इमाम आशूर ने गोल कर मिस्र को बढ़त दिलाई। यह उनका इंटरनेशनल करियर का पहला गोल भी था। मिस्र ने लंबे समय तक इस बढ़त को बनाए रखा और बेल्जियम के स्टार खिलाड़ियों से सजी टीम को परेशान किया। हालांकि, 66वें मिनट में किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया। थॉमस म्यूनियर के खतरनाक क्रॉस को रोकने की कोशिश में डिफेंडर मोहम्मद हानी ने गेंद अपने ही गोल में डाल दी और बेल्जियम को बराबरी का गोल मिल गया।
उरुग्वे जीत से चूकी
ग्रुप एच के दूसरे मुकाबले में सऊदी अरब और उरुग्वे के बीच भी रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। सऊदी अरब ने पहले हाफ में अब्दुलेलाह अल अमरी के गोल की बदौलत बढ़त बना ली। उरुग्वे के अनुभवी गोलकीपर फर्नांडो मुस्लेरा ने इस मैच में इतिहास रच दिया। 39 साल और 364 दिन की उम्र में वह वर्ल्ड कप में उरुग्वे का प्रतिनिधित्व करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए।
दूसरे हाफ में उरुग्वे ने लगातार दबाव बनाया। फेडेरिको विनास और मैनुएल उगार्ते गोल के करीब पहुंचे, लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार मैच खत्म होने से 10 मिनट पहले मैक्सी अराउजो ने बराबरी का गोल दागकर टीम को हार से बचा लिया। उरुग्वे ने जीत के लिए आखिरी समय तक प्रयास किए, लेकिन सऊदी अरब ने शानदार डिफेंस दिखाते हुए मुकाबला ड्रॉ करा लिया।
यह भी पढ़ें:
इंग्लैंड ने दूसरे टेस्ट के लिए किया प्लेइंग XI का ऐलान, दो प्लेयर्स को मिला डेब्यू का मौका
ICC Rankings: ऑस्ट्रेलिया ने फिर मारी छलांग, साउथ अफ्रीका को नुकसान, पाकिस्तान की हालत खराब