1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. FIFA World Cup 2026: एक ही मैच में 3 रेड कार्ड का इस्तेमाल, मैक्सिको ने साउथ अफ्रीका को हराकर जीत के साथ किया आगाज

FIFA World Cup 2026: एक ही मैच में 3 रेड कार्ड का इस्तेमाल, मैक्सिको ने साउथ अफ्रीका को हराकर जीत के साथ किया आगाज

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jun 12, 2026 08:03 am IST,  Updated : Jun 12, 2026 08:21 am IST

मैक्सिको ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 2-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैक्सिको के लिए इस मैच में जूलियन क्विनोन्स और राउल जिमेनेज ने गोल किए, जबकि मैच में कुल तीन रेड कार्ड दिखाए गए।

Fifa World Cup 2026- India TV Hindi
फीफा वर्ल्ड कप Image Source : AP

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के पहले ही मैच में सह-मेजबान मैक्सिको ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए साउथ अफ्रीका को 2-0 से हरा दिया। मैक्सिको सिटी स्टेडियम में खेले गए इस पहले मुकाबले में मैक्सिको की टीम शुरुआत से ही हावी रही। उनके खिलाड़ी जूलियन क्विनोन्स और राउल जिमेनेज के शानदार गोलों की बदौलत टीम ने जीत के साथ अपने सफर की शुरुआत की। मैक्सिको ने मैच शुरू होते ही अटैकिंग मोड में खेलना शुरू किया था और इसका फायदा उन्हें खेल के 9वें मिनट में मिला। जूलियन क्विनोन्स ने दक्षिण अफ्रीका के डिफेंडर्स को मात देते हुए एक शानदार गोल किया और अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। पहला गोल करने के बाद भी मैक्सिको ने खेल पर अपना कंट्रोल बनाए रखा।

खेल के 17वें मिनट में साउथ अफ्रीका को पहला झटका लगा, जब उनके खिलाड़ी तेबोहो मोकोएना को एक गलती की वजह से यलो कार्ड दी गई। इसके बाद, 25वें मिनट में खिलाड़ियों को आराम देने और पानी पीने के लिए मैच का पहला हाइड्रेशन ब्रेक हुआ। पहले हाफ के खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका की टीम एक बार भी मैच में वापसी नहीं कर पाई और मैक्सिको की टीम 1-0 की बढ़त के साथ ब्रेक में गई। इस पहले हाफ में समय के नुकसान की भरपाई के लिए चार मिनट का एक्स्ट्रा टाइम भी जोड़ा गया था।

साउथ अफ्रीका के दो प्लेयर्स को दिखाया गया रेड कार्ड

मैच के दूसरे हाफ में साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही। खेल के 49वें मिनट में ही उनके खिलाड़ी स्पेफेलो सिथोले को रेड कार्ड दे दिया गया, इस वजह से उन्हें तुरंत मैदान छोड़ना पड़ा। सिथोले ने मैक्सिको के खिलाड़ी एरिक गुटिएरेज को गलत तरीके से रोका था, जो गोल करने के लिए तेजी से आगे बढ़ रहे थे। इस वजह से दक्षिण अफ्रीका की टीम कमजोर हो गई और उसे बाकी का पूरा मैच सिर्फ 10 खिलाड़ियों के साथ लड़ना पड़ा। अफ्रीकी टीम की मुश्किलें तब और बढ़ गईं जब 84वें मिनट में वीडियो रीप्ले जांच के बाद रेफरी ने उनके एक और खिलाड़ी थेम्बा ज्वाने को भी रेड कार्ड दिखाकर बाहर कर दिया। एक और रेड कार्ड के बाद अफ्रीकी टीम सिर्फ 9 प्लेयर्स के साथ खेल रही थी, इसके साथ ही उनकी वापसी की उम्मीद भी पूरी तरह खत्म हो गई।

मैक्सिको के भी एक प्लेयर्स को दिखाया गया रेड कार्ड

मैच के आखिरी समय में मैक्सिको की टीम को भी एक झटका लगा। उनके डिफेंडर सीजर मॉन्टेस को साउथ अफ्रीका के खिलाड़ी खुलिसो मुदाउ को गलत तरीके से रोकने की वजह से रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया गया। हालांकि उस वक्त मैच खत्म होने के कगार पर था, इसलिए इस फैसले का मैच के नतीजे पर कोई असर नहीं पड़ा। जैसे ही रेफरी ने मैच खत्म होने की आखिरी सीटी बजाई, मैक्सिको ने 2-0 से यह शानदार जीत अपने नाम की और वर्ल्ड कप 2026 में जीत के साथ अपने सफर की शुरुआत की। मैक्सिको के लिए दूसरा गोल राउल जिमेनेज ने 67वें मिनट में किया। इस मैच में साउथ अफ्रीका के दो और मैक्सिको के एक प्लेयर (कुल 3) को रेड कार्ड दिखाया गया।

यह भी पढ़ें

FIFA वर्ल्ड कप 2026: भारत में कितने बजे से दिखेंगे मुकाबले? ग्रुप से लेकर टाइमिंग तक यहां देखें हर जानकारी

Fifa World Cup 2026: भारत में कब-कहां देखें मुकाबलों का सीधा प्रसारण, जानें Live Streaming से जुड़ी सभी जानकारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल