1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. अपने आखिरी वर्ल्ड कप से बाहर हुए क्रिस्टियानो रोनाल्डो, क्वार्टर फाइनल में पुर्तगाल की शर्मनाक हार

अपने आखिरी वर्ल्ड कप से बाहर हुए क्रिस्टियानो रोनाल्डो, क्वार्टर फाइनल में पुर्तगाल की शर्मनाक हार

 Written By: Deepesh Sharma
 Published : Dec 10, 2022 10:35 pm IST,  Updated : Dec 10, 2022 10:58 pm IST

फीफा वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में हारकर पुर्तगाल की टीम बाहर हो गई है।

Cristiano Ronaldo- India TV Hindi
विश्व कप जीतना का रोनाल्डो का सपना चकनाचूर हो गया। Image Source : AP

FIFA World Cup 2022: फीफा वर्ल्ड कप 2022 में एक और बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। वर्ल्ड कप के तीसरे क्वार्टर फाइनल में आज पुर्तगाल के सामने मोरक्को की टीम थी। मोरक्को की टीम ने एक और कमाल दिखाते हुए 1-0 से इस मुकाबले को जीता। इसी के साथ दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो अपने आखिरी वर्ल्ड कप में बिना खिताब के बाहर हो गए हैं।

मोरक्को ने रचा इतिहास

यूसुफ एन नेसरी के हैडर से दागे गोल की बदौलत अंतिम लम्हों में 10 खिलाड़ियों से खेलने के बावजूद मोरक्को शनिवार को यहां पुर्तगाल को 1-0 से हराकर फीफा विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाला पहला अफ्रीकी और अरब देश बना। मोरक्को की टीम को दूसरे हाफ के इंजरी टाइम के अंतिम लगभग 6 मिनट 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा लेकिन दुनिया की 9वें नंबर की पुर्तगाल की टीम इसका फायदा नहीं उठा पाई। दुनिया की 22वें नंबर की टीम मोरक्को के लिए अल थुमामा स्टेडियम में यूसुफ एन नेसरी ने विजयी गोल 42वें मिनट में दागा। मोरक्को का विश्व कप नॉकआउट में यह पहला गोल था। मोरक्को कतर में अंतिम 8 में पहुंचने वाली यूरोप या दक्षिण अमेरिका से बाहर की एकमात्र टीम थी।

सेमीफाइनल में जगह बनाने वाला पहला अफ्रीकी देश

मोरक्को फुटबॉल के महासमर सेमीफाइनल में जगह बनाने वाला पहला अफ्रीकी देश है। इससे पहले कैमरून ने 1990, सेनेगल ने 2002 और घाना ने 2010 में अंतिम आठ में बनाई लेकिन तीनों में से कोई भी टीम सेमीफाइनल तक नहीं पहुंची थी। टीम ने अब तक अपने अभियान के दौरान सिर्फ एक गोल गंवाया है और वह भी कनाडा के खिलाफ आत्मघाती गोल। पुर्तगाल के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में भी टीम का डिफेंस अडिग रहा जिसकी अगुआई गोलकीपर यासिन बोनाउ ने की। सेमीफाइनल में अब मोरक्को की भिड़ंत 15 दिसंबर को पूर्व चैंपियन इंग्लैंड और गत चैंपियन फ्रांस के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले के विजेता से होगी। 

रोनाल्डो का सपना हुआ चूर

पुर्तगाल की इस हार के बाद यह लगभग तय हो गया है कि पांच विश्व कप में गोल दागने वाले दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो अब विश्व कप ट्रॉफी कभी नहीं उठा पाएंगे। यह 37 वर्षीय खिलाड़ी संभवत: अपना अंतिम विश्व कप खेल रहा है। पुर्तगाल के कोच फर्नांडो सांतोस ने एक बार फिर पांच बार के ‘साल के दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर’ रोनाल्डो की जगह 21 वर्षीय गोंसालो रामोस को शुरुआती 11 में शामिल किया जिन्होंने स्विट्जरलैंड के खिलाफ प्री क्वार्टर फाइनल में हैट्रिक दागी थी लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी। पुर्तगाल की टीम ने मुकाबले में तेज शुरुआत की और दबदबा बनाने का प्रयास किया। टीम को इसका फायदा चौथे ही मिनट में फ्री किक के रूप में मिला लेकिन जोआओ फेलिक्स अपने हैडर से मोरक्को के गोलकीपर यासिन बोनाउ को छकाने में नाकाम रहे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल