1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. मेजबान मेक्सिको ने अगले राउंड में बनाई जगह, नॉर्वे भी पहली बार राउंड-16 में पहुंचने में हुआ कामयाब

मेजबान मेक्सिको ने अगले राउंड में बनाई जगह, नॉर्वे भी पहली बार राउंड-16 में पहुंचने में हुआ कामयाब

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jul 01, 2026 11:01 am IST,  Updated : Jul 01, 2026 11:01 am IST

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मेजबान मेक्सिको ने इक्वाडोर के खिलाफ राउंड ऑफ 32 में हुए मुकाबले को 2-0 के अंतर से जीतने के साथ अगले राउंड के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया है। वहीं 28 साल बाद वर्ल्ड में हिस्सा ले रही नॉर्वे की टीम भी पहली बार राउंड-16 में पहुंचने में कामयाब हो गई है।

Mexico And Norway Football Team Players- India TV Hindi
मेक्सिको और नॉर्वे टीम के फुटबॉल खिलाड़ी। Image Source : AP

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अभी राउंड ऑफ 32 के मुकाबले खेले जा रहे हैं, जिसमें अब तक कुल 7 टीमें राउंड-16 के लिए अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं। इसमें दो नाम मेजबान मेक्सिको के अलावा 28 साल के बाद फुटबॉल वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रही नॉर्वे की टीम भी शामिल है। नॉर्वे ने अपने राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में आइवरी कोस्ट का सामना किया था जिसको वह 2-1 के अंतर से जीतने में कामयाब रहे। वहीं मेजबान मेक्सिको को लेकर बात की जाए तो उन्होंने भारतीय समयानुसार एक जुलाई की सुबह को खेले गए इक्वाडोर के खिलाफ राउंड ऑफ 32 के मुकाबले को 2-0 के अंतर से अपने नाम करने के साथ अगले राउंड का टिकट हासिल कर लिया।

आइवरी कोस्ट के खिलाफ मैच में हालंद का दिखा जादू

नॉर्वे की टीम जिसने आखिरी बार साल 1998 में खेले गए फीफा वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया था, उनका राउंड ऑफ 32 के मैच में आइवरी कोस्ट से सामना था। इस मुकाबले की शुरुआत नॉर्वे की टीम ने काफी शानदार की जिसमें उनकी तरफ से खेल के पहले हाफ के 39वें मिनट में एंटोनियो नूसा ने शानदार गोल करने के साथ 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले हाफ का खेल खत्म होने के बाद नॉर्वे ने अपनी बढ़त को बरकरार रखा हुआ था। वहीं दूसरे हाफ का खेल शुरू होने के साथ ही आइवरी कोस्ट के अमाद डियालो ने गोल करने के साथ मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर लाने के साथ रोमांचक बना दिया। अब सभी की नजरें नॉर्वे के स्टार खिलाड़ी हालंद पर थी जिन्होंने खेल के 86वें मिनट में अपना जादू दिखाया और गोल करते हुए अपनी टीम को 2-1 से आगे करने के साथ जीत को भी पक्का कर दिया। नॉर्वे की टीम पहली बार फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में राउंड ऑफ 16 में अपनी जगह को पक्का करने में कामयाब हो सकी है। वहीं अब उनका मुकाबला 6 जुलाई को भारतीय समयानुसार देर रात 1:30 पर ब्राजील की टीम से होगा।

मेक्सिको ने 40 साल बाद जीता नॉकआउट मुकाबला

मेजबान मेक्सिको जो पिछले 40 सालों में फीफा वर्ल्ड कप में नॉकआउट मुकाबले जीतने में कामयाब नहीं हो सका था उन्होंने इस तिलिस्म को आखिरकार खत्म करने में कामयाब रही। इक्वाडोर के खिलाफ हुए राउंड ऑफ 32 के मैच में मेक्सिको के खिलाफ मैच में पहले हाफ में जूलियन क्विनोनेस ने 22वें मिनट में गोल करते हुए अपनी टीम को बढ़त दिला दी। वहीं इसके बाद 31वें मिनट में राउल जिमेनेज ने दूसरा गोल करने के साथ 2-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद मुकाबला मेक्सिको ने इसी 2-0 के अंतर से अपने नाम किया जिसमें वह साल 1986 वर्ल्ड कप के बाद पहली बार नॉकआउट मुकाबला जीतने में कामयाब हो सके। वहीं अब राउंड ऑफ 16 में उनका सामना इंग्लैंड और डीआर कांगो के बीच में होने वाले मुकाबले की विजेता टीम से 6 जुलाई को भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 पर होगी।

ये भी पढ़ें

जर्मनी का टूटा वर्ल्ड कप का सपना, पैराग्वे ने पेनल्टी शूटआउट में किया बड़ा उलटफेर

फ्रांस ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड-16 में बनाई जगह, स्वीडन के खिलाफ मुकाबले में दिखा एमबाप्पे का जादू

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल