1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. थॉमस कप में भारत ने रचा इतिहास, 3-0 से जीत दर्ज कर पहली बार किया खिताब पर कब्जा

थॉमस कप में भारत ने रचा इतिहास, 3-0 से जीत दर्ज कर पहली बार किया खिताब पर कब्जा

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : May 15, 2022 03:32 pm IST,  Updated : May 15, 2022 04:10 pm IST

भारतीय टीम ने थॉमस कप के फाइनल में इंडोनेशिया के खिलाफ 3-0 से शानदार जीत दर्ज करते हुए पहली बार खिताब पर अपना कब्जा किया।

Badminton Team India, Team India in Thomas Cup 2022, Thomas Cup 2022, Thomas Cup Fianl, Indian badmi- India TV Hindi
थॉमस कप में जीत दर्ज करने के बाद भारतीय शटलर Image Source : AP

भारत की पुरुष बैडमिंटन टीम ने रविवार को एकतरफा फाइनल में 14 बार के चैंपियन इंडोनेशिया को 3-0 से हराकर पहली बार थॉमस कप का खिताब जीतकर अपना नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज करा दिया। भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के इतिहास का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। टीम के लिए विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेताओं लक्ष्य सेन और किदांबी श्रीकांत के अलावा सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की दुनिया की आठवें नंबर की जोड़ी ने यादगार जीत दर्ज की। 

नॉकआउट चरण में लय हासिल करने के लिए जूझ रहे लक्ष्य ने सबसे महत्वपूर्ण मुकाबले में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करते हुए पहले एकल मैच में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए दुनिया के पांचवें नंबर के खिलाड़ी एंथोनी सिनिसुका गिनटिंग को 8-21 21-17 21-16 से हराकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। 

यह भी पढ़ें- हरभजन सिंह और सायमंड्स के बीच हुए 'मंकी गेट' विवाद के कारण जब क्रिकेट जगत में मच गया था बवाल

सात्विक और चिराग की देश की शीर्ष पुरुष युगल जोड़ी ने इसके बाद प्रतिकूल हालात में शानदार वापसी करते हुए दूसरे गेम में चार मैच प्वाइंट बचाए और मोहम्मद अहसन और केविन संजय सुकामुल्जो की जोड़ी को 18-21 23-21 21-19 से हराकर भारत की बढ़त को 2-0 किया। 

दूसरे एकल में श्रीकांत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता जोनाथन क्रिस्टी को सीधे गेम में 48 मिनट में 21-15 23-21 से हराकर भारत को 3-0 की विजयी बढ़त दिला दी।

यह भी पढ़ें- शराब की लत और विवादों के कारण एंड्रयू सायमंड्स ने अपने परवान चढ़ते करियर को जब कर लिया तबाह

भारतीय टीम की उपलब्धि पर देश के प्रधामंत्री नरेंद्र ने भी उन्हें बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘भारतीय बैडमिंटन टीम ने इतिहास रच दिया! भारत के थॉमस कप जीतने से पूरा देश खुश है! हमारी सफल टीम को बधाई और भविष्य के टूर्नामेंट के लिए उन्हें शुभकामनाएं। यह जीत कई उभरते हुए खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल