1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. भारत को मिला पहला स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियन, आनंदकुमार ने जीता गोल्ड, PM मोदी ने दी बधाई

भारत को मिला पहला स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियन, आनंदकुमार ने जीता गोल्ड, PM मोदी ने दी बधाई

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Sep 16, 2025 08:58 am IST,  Updated : Sep 16, 2025 09:31 am IST

भारतीय खेल जगत के लिए एक ऐतिहासिक क्षण आया जब आनंदकुमार वेलकुमार ने चीन में आयोजित स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में गोल्ड मेडल जीतकर नया कीर्तिमान बना दिया।

Anandkumar and PM Modi- India TV Hindi
आनंदकुमार और पीएम मोदी Image Source : PTI

भारत के आनंदकुमार वेलकुमार ने स्केटिंग में नया इतिहास रच दिया है। 22 साल के आनंदकुमार ने चीन में आयोजित स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस तरह वह स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने मेन्स सीनियर 1000 मीटर स्प्रिंट इवेंट में पहला स्थान हासिल किया। वेलकुमार ने 1:24.924 सेकंड के समय के साथ फिनिश लाइन पार की और भारत के पहले वर्ल्ड चैंपियन स्केटर बन गए।

इस ऐतिहासिक जीत से एक दिन पहले ही वेलकुमार ने 500 मीटर स्प्रिंट में 43.072 सेकंड का समय निकालकर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था, जो वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का पहला सीनियर मेडल था। वहीं, उसी शाम भारत के लिए एक और खुशखबरी आई जब जूनियर कैटेगरी में कृष शर्मा ने 1000 मीटर स्प्रिंट का गोल्ड मेडल जीता। इस तरह भारत ने इस चैंपियनशिप में डबल गोल्ड जीतकर नया अध्याय लिखा।

वेलकुमार ने बनाया इतिहास

वेलकुमार इससे पहले भी भारतीय स्केटिंग को गौरव दिला चुके हैं। इस साल की शुरुआत में उन्होंने चीन के चेंगदू में हुए वर्ल्ड गेम्स में 1000 मीटर स्प्रिंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। यह रोलर स्पोर्ट्स में भारत का पहला मेडल था। लगातार मिल रही इन ऐतिहासिक सफलताओं ने न सिर्फ वेलकुमार बल्कि पूरे भारतीय स्केटिंग को वैश्विक मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है।

PM मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी आनंदकुमार की इस उपलब्धि पर गर्व जताया। उन्होंने  एक्स पर लिखा- स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में सीनियर मेन्स 1000 मीटर स्प्रिंट में गोल्ड मेडल जीतने वाले आनंदकुमार वेलकुमार पर गर्व है। उनके धैर्य, गति और जज्बे ने उन्हें भारत का पहला वर्ल्ड चैंपियन बनाया है। उनकी यह उपलब्धि अनगिनत युवाओं को प्रेरित करेगी। उन्हें बधाई और भविष्य के सभी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।

यह भी पढ़ें:

Asia Cup 2025: सुपर-4 के लिए टीम इंडिया ने किया सबसे पहले क्वालीफाई, एक मैच अभी बाकी

एशिया कप में नहीं खेलेगा पाकिस्तान! झटका देने की तैयारी में ICC, अब तो होगी और भी बदनामी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल