1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. हॉकी वर्ल्ड कप में 15 अगस्त को टीम इंडिया करेगी अपने अभियान का आगाज, कब-कहां और कैसे देखें मुकाबला लाइव?

हॉकी वर्ल्ड कप में 15 अगस्त को टीम इंडिया करेगी अपने अभियान का आगाज, कब-कहां और कैसे देखें मुकाबला लाइव?

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Aug 14, 2026 09:31 pm IST,  Updated : Aug 14, 2026 09:31 pm IST

हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 15 अगस्त से होगा जिसमें भारतीय पुरुष और महिला दोनों ही टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारतीय पुरुष टीम को पूल-डी में जगह मिली है जिसमें वह अपने अभियान का आगाज वेल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले से करेगी।

Indian Hockey Team- India TV Hindi
भारतीय हॉकी टीम। Image Source : AFP

हॉकी वर्ल्ड कप का आगाज 15 अगस्त से होगा जिसमें इस बार टूर्नामेंट बेल्जियम और नीदरलैंड की संयुक्त मेजबानी में खेला जा रहा है। भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम को लेकर फैंस की सबसे ज्यादा नजरें रहने वाली हैं, जिसमें उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम को पूल-डी में जगह मिली है, जिसमें उसके साथ इंग्लैंड के अलावा वेल्स और पाकिस्तान की टीम है। भारतीय टीम अपने अभियान का आगाज 15 अगस्त को होने वाले वेल्स के खिलाफ मुकाबले के साथ करेगी जिसमें उसके लिए ग्रुप स्टेज के तीनों मैच काफी अहम रहने वाले हैं। इस बार हॉकी वर्ल्ड कप में पुरुष और महिला दोनों ही टूर्नामेंट में 16-16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारत में हॉकी वर्ल्ड कप का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा।

भारत बनाम वेल्स के बीच कब-कहां और कितने बजे देखें मुकाबला

भारतीय पुरुष हॉकी टीम का हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में पहला मैच वेल्स की टीम के खिलाफ होगा जिसमें ये मुकाबला वैगनर हॉकी स्टेडियम एम्स्टेलवीन में खेला जाएगा। इस मैच की शुरुआत भारतीय समयानुसार दोपहर 4:30 पर होगी। इस मुकाबले का सीधा प्रसारण भारतीय फैंस टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं तो वहीं मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार पर की जाएगी। भारतीय हॉकी टीम का वेल्स के खिलाफ रिकॉर्ड अभी तक काफी शानदार देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने मौजूदा रैंकिंग में 15वें स्थान पर काबिज वेल्स के खिलाफ 4 मुकाबले खेले हैं और सभी को जीतने में कामयाब रही है। वर्ल्ड कप में इससे पहले टीम इंडिया ने वेल्स के खिलाफ 2003 में मुकाबला खेला था और उसे जीतने में कामयाब रहे थे।

51 साल के सूखे को खत्म करने की बड़ी चुनौती

टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी चुनौती 51 साल के सूखे को खत्म करने की रहने वाली है। भारतीय हॉकी टीम ने पिछली बार वर्ल्ड कप में पोडियम फिनिश साल 1975 में किया था, जब फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को धूल चटाई थी। इसके बाद से अब तक टीम इंडिया पोडियम पर फिनिश करने में कामयाब नहीं हो सकी है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने राजगीर में आयोजित 2025 एशिया कप का खिताब जीतकर इस विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया है। हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में इस बार टीम इंडिया के फॉर्म को देखते हुए उनके पास खिताब जीतने का शानदार मौका रहने वाला है, जिसमें पूल स्टेज में सिर्फ इंग्लैंड ही ऐसी टीम है जिनकी रैंकिंग भारतीय हॉकी टीम से बेहतर है जो तीसरे नंबर पर है। वहीं इसके अलावा वेल्स जहां 15वें नंबर पर है तो वहीं पाकिस्तान की टीम 12वें नंबर पर है।

हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय पुरुष टीम

गोलकीपर - मोहित एचएस, सूरज करकेरा।

डिफेंडर - जरमनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच।

मिडफील्डर - राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालगे, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलाकांता शर्मा, विवेक सागर प्रसाद।

फॉरवर्ड - दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मनदीप सिंह, अभिषेक।

ये भी पढ़ें

 

पहली बार एक साथ हो रहा महिला और पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप का आयोजन, 15 अगस्त से होगी टूर्नामेंट की शुरुआत

नीरज चोपड़ा के साथ मुकाबले से पहले पाकिस्तानी अरशद नदीम ने टेके घुटने, लुसाने डायमंड लीग में नहीं लेंगे हिस्सा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल