1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. भारतीय हॉकी टीम ने जीत से की पेरिस ओलंपिक में शुरुआत, आखिरी पलों में मैच को किया अपने नाम

भारतीय हॉकी टीम ने जीत से की पेरिस ओलंपिक में शुरुआत, आखिरी पलों में मैच को किया अपने नाम

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Jul 27, 2024 11:09 pm IST,  Updated : Jul 27, 2024 11:23 pm IST

Paris Olympics 2024: भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक 2024 में जीत के साथ शुरुआत करते हुए शानदार आगाज किया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्रुप मुकाबले में हॉकी टीम ने 3-2 से इस मैच को अपने नाम किया जिसमें आखिरी 2 मिनट में भारत की तरफ से तीसरा गोल आया।

Indian Hockey Team- India TV Hindi
भारतीय हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड को दी 3-2 से मात। Image Source : GETTY

Paris Olympics 2024: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक 2024 में शानदार जीत के साथ शुरुआत की है। सांस रोक देने वाले इस मैच में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने आखिरी के 2 मिनट में मिली पेनल्टी शूट में गोल करने के साथ टीम की जीत को पक्का किया। इस मैच में दोनों ही टीमों की तरफ से काफी आक्रामक खेल देखने को मिला लेकिन अंत में भारतीय हॉकी टीम इस मुकाबले को 3-2 से अपने नाम करने में कामयाब रही। इस जीत के साथ अब भारत के खाते में 3 अंक आ गए हैं तो वहीं उनका अगला ग्रुप मुकाबला 29 जुलाई को अर्जेंटीना की टीम से होगा।

पहले 2 क्वार्टर में स्कोर था 1-1 से बराबर

इस मुकाबले को लेकर बात की जाए तो पहले क्वार्टर में न्यूजीलैंड की तरफ से 8वें मिनट में ही लाने सेम ने गोल करते हुए अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया था। इसके बाद पहले क्वार्टर का खेल खत्म होने तक कीवी टीम 1-0 से मुकाबले में आगे थी। भारतीय टीम ने दूसरे क्वार्टर का खेल शुरू होने के साथ 24वें मिनट में इस मैच में पहला गोल किया जो मनदीप सिंह से आया और मैच 1-1 की बराबरी पर आ गया था। 2 क्वार्टर का खेल खत्म होने पर मुकाबला पूरी तरह से बराबरी पर था।

विवेक सागर ने दिलाई बढ़त तो कीवी टीम ने की बराबरी

भारतीय टीम की तरफ से इस मुकाबले तीसरा गोल मैच के तीसरे क्वार्टर में आया जब विवेक सागर ने गोल किया और 2-1 से टीम को आगे कर दिया। इसके बाद कीवी टीम की तरफ से काफी आक्रामक खेल देखने को मिला जिसमें उनकी तरफ से साइमन चाइल्ड ने पेनाल्टी कॉर्नर गोल कर अपनी टीम को मुकाबले में 2-2 की बराबरी पर ला दिया।

इसके बाद चौथे क्वार्टर में जब आखिरी 2 मिनट का खेल बचा था तो उस समय भारत को एक पेनाल्टी शूट का मौका मिला जिसमें कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने यहां पर मौके का पूरा फायदा उठाते हुए तीसरा गोल किया और भारत को इस मैच में 3-2 से जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की।

ये भी पढ़ें

जो रूट ने टेस्ट क्रिकेट में किया बड़ा कारनामा, ऐसा करने वाले बने 7वें खिलाड़ी

मनु भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट के फाइनल में बनाई जगह, रिदम सांगवान ने किया निराश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल