दिल्ली की सड़कों पर 12 अक्टूबर को हुई वेदांत दिल्ली हाफ मैराथन 2025 में केन्या के धावकों का दबदबा देखने को मिला। एलेक्स मटाटा ने पुरुष वर्ग में जबकि लिलियन कासैट रेंगरुक ने महिला वर्ग में एलीट खिताब अपने नाम किया। 28 साल के एलेक्स मटाटा ने 59 मिनट 50 सेकंड का समय निकालते हुए इथियोपिया के बोयेलिन टेशागर (1:00:22) और अपने हमवतन जेम्स किपकोगी (1:00:25) को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की। मटाटा ने शुरुआत से ही तेज रफ्तार बनाए रखी और अंत तक अपनी बढ़त बरकरार रखी। पिछले साल वह इस दौड़ में दूसरे स्थान पर रहे थे। इस बार उन्होंने शानदार वापसी करते हुए पहला स्थान हासिल किया।
कार्ल लुईस रहे आकर्षण का केंद्र
महिला वर्ग में लिलियन कासैट रेंगरुक ने 1 घंटा 7 मिनट 20 सेकंड का समय निकालकर खिताब जीता। इथियोपिया की मेलाल सियूम बिरातु (1:07:21) को मामूली अंतर से दूसरा स्थान मिला, जबकि मुलत टेकले (1:07:29) तीसरे स्थान पर रहीं। यह रेस रोमांच से भरपूर रही, जहां अंतिम चरण में रेंगरुक ने गति बढ़ाकर बढ़त हासिल की। दोनों विजेताओं को 27000 अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि दी गई। इस प्रतिष्ठित आयोजन में विशेष आकर्षण रहे 9 बार के ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट कार्ल लुईस, जिन्होंने फिनिश लाइन पर विजेताओं का स्वागत किया।
भारत के अभिषेक ने मारी बाजी
दिल्ली हाफ मैराथन के 20वें संस्करण में इस बार जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। 40,000 से अधिक प्रतिभागियों ने विभिन्न श्रेणियों हाफ मैराथन, ओपन 10K, ‘चैंपियंस विद डिसेबिलिटी रन’, ‘सीनियर सिटीजन रन’ और ‘ग्रेट दिल्ली रन’ में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से हुआ। इस प्रतियोगिता की कुल पुरस्कार राशि 260000 डॉलर रही। भारतीय प्रतिभागियों में अभिषेक पाल (1:04:17) पुरुष वर्ग में और सीमा (1:11:23) महिला वर्ग में सबसे तेज धावक रहे। मटाटा ने अपने शानदार प्रदर्शन से एक बार फिर साबित किया कि वह लंबी दूरी की दौड़ में विश्व स्तरीय एथलीट हैं, जबकि रेंगरुक ने भी अपने आत्मविश्वास और गति से सभी का दिल जीत लिया।
(PTI Inputs)
यह भी पढ़ें:
दीप्ति शर्मा रचेंगी इतिहास, झूलन गोस्वामी के बाद ऐसा करने वाली बनेंगी सिर्फ दूसरी भारतीय
IND vs AUS मैच में होगा बड़ा कारनामा? स्मृति मंधाना के पास इतिहास रचने का शानदार मौका