Monday, February 23, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल 2025: 400 से ज्यादा एथलीट लेंगे हिस्सा, 24 गोल्ड मेडल के लिए होगी भिड़ंत

खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल 2025: 400 से ज्यादा एथलीट लेंगे हिस्सा, 24 गोल्ड मेडल के लिए होगी भिड़ंत

Written By: Abhishek Pandey @anupandey29 Published : Aug 20, 2025 07:06 pm IST, Updated : Aug 20, 2025 07:08 pm IST

जम्मू कश्मीर के डल लेक में 21 अगस्त से तीन दिनों तक चलने वाले पहले खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल का आयोजन होगा। इसमें 400 से अधिक एथलीट हिस्सा लेंगे जिसमें रोइंग, कैनोइंग और कयाकिंग जैसे स्पोर्ट्स इवेंट होंगे।

Khelo India Water Sports Festival 2025- India TV Hindi
Image Source : PTI खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल 2025

जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध डल लेक में 21 से 23 अगस्त तक पहले खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल का आयोजन होगा। इसमें देश के सर्वश्रेष्ठ एथलीट 24 गोल्ड मेडल के लिए के लिए आपस में भिड़ेंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में 400 से अधिक खिलाड़ी रोइंग, कैनोइंग और कयाकिंग जैसे मेडल स्पोर्ट्स में मुकाबला करेंगे। खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल 2025 (KIWSF) पहला ऐसा संयुक्त ओपन-एज श्रेणी का चैंपियनशिप होगा, जिसमें कयाकिंग और कैनोइंग की सभी 14 और रोइंग की 10 स्पर्धाएं शामिल होंगी जो कि सभी ओलंपिक खेल हैं। वाटर गेम्स के आकर्षण को बढ़ाने के लिए, इसमें तीन डेमोंस्ट्रेशन इवेंट्स वाटर स्कीइंग, शिकारा बोट स्प्रिंग और ड्रैगन बोट रेस भी होंगी।

36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के एथलीट लेंगे हिस्सा

KIWSF में 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खिलाड़ी एक्शन में दिखाई देंगे। इनमें उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा और केरल के एथलीटों के प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी। प्रतियोगिता प्रबंधक बिल्कीस मीर, जो कि एक पूर्व वर्ल्ड कप कैनोइस्ट और ओलंपिक जज रह चुकी हैं उन्होंने कहा, “चूंकि सर्विसेज की टीम इन खेलों में हिस्सा नहीं ले रही है, यह देखना दिलचस्प होगा कि अलग-अलग राज्य कैसे मुकाबला करते हैं और कौन कैसा प्रदर्शन करेगा। कोर्स को सभी इंटरनेशनल मापदंडों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और हम सब तैयार हैं।”

खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल, खेलो इंडिया कैलेंडर में एक नया इवेंट है। 2025 में, दो नए इवेंट जोड़े गए हैं। खेलो इंडिया बीच गेम्स मई में दीव में हुए थे। खेलो भारत नीति के अनुसार, वॉटर गेम्स और बीच गेम्स दोनों का उद्देश्य खेलों को बढ़ावा देना और पर्यटन को आकर्षित करना है।

वाटर स्पोर्ट्स खिलाड़ियों के लिए ये एक शानदार मौका

रोइंग में हिस्सा लेने वाली मध्य प्रदेश की वॉटर स्पोर्ट्स एथलीट सुहानी मीणा ने कहा कि वह कश्मीर आकर बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा, "वॉटर स्पोर्ट्स के खिलाड़ियों के लिए यह एक शानदार मौका है, क्योंकि साल भर में हमें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के बहुत कम अवसर मिलते हैं। अब, खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल 2025 हमें बेहतर प्रदर्शन करने का मौका देगा।"

कयाकिंग और कैनोइंग के लिए, नवंबर में टिहरी (उत्तराखंड) में हुई पिछली राष्ट्रीय प्रतियोगिता को क्वालीफायर के रूप में इस्तेमाल किया गया है। इसमें सिंगल्स और डबल्स में शीर्ष 15 और चार की टीम में शीर्ष आठ खिलाड़ी KIWSF 2025 में हिस्सा लेंगे। रोइंग के लिए, इस साल मार्च में भोपाल में हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता के शीर्ष आठ खिलाड़ी भाग लेंगे।

प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी शामिल होंगे। दिल्ली का प्रतिनिधित्व करने वाले आर्मी रोवर अर्जुन लाल जाट इस प्रतियोगिता के मुख्य आकर्षणों में से एक होंगे। 28 वर्षीय जाट ने 2020 टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लिया था और हांगझोउ में हुए 2022 एशियाई खेलों में लाइट-वेट डबल स्कल्स में रजत पदक जीता था।

जाट ने कहा, "यह मेरा पहला खेलो इंडिया इवेंट है और मैं इसमें मेंस सिंगल्स स्कल्स में भाग लूंगा। मुझे उम्मीद है कि हर टीम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी।" उन्होंने आगे कहा, "खेलो इंडिया को भारत सरकार का पूरा समर्थन प्राप्त है। ऐसे आयोजन और होने चाहिए, क्योंकि ये जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका देंगे।"

कुल 409 एथलीटों में 202 महिलाएं

इस प्रतियोगिता में महिला और पुरुष खिलाड़ियों की लगभग समान भागीदारी देखने को मिलेगी। पदक के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे 409 एथलीटों में से 202 महिलाएं होंगी। KIWSF 2025 में सबसे बड़ी टीमें मध्य प्रदेश (44), हरियाणा (37), ओडिशा (34) और केरल (33) की होगी। वहीं, गुजरात, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल की टीमें सबसे छोटी होंगी।

राजस्थान के दो बार के राष्ट्रीय रजत पदक विजेता, नीतीश चौधरी ने कहा, "मेरे जैसे वॉटर स्पोर्ट्स खिलाड़ी के लिए, यहां का मौसम और सुविधाएं बहुत शानदार हैं। मुझे देश के अलग-अलग हिस्सों से आए खिलाड़ियों से मिलने और उनके अनुभवों से सीखने का मौका मिल रहा है।" खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल के पहले दिन 21 अगस्त यानी गुरुवार को कयाकिंग और कैनोइंग के तीन स्वर्ण पदकों का फैसला होगा। वहीं, रोइंग के सभी 10 फाइनल मुकाबले आखिरी दिन 23 अगस्त को होंगे। उद्घाटन समारोह गुरुवार शाम 6 बजे होगा, जिसमें केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा खडसे और जम्मू-कश्मीर के अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement