1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल जीतने के लिए लक्ष्य सेन ने बनाया ये प्लान, खुद खोला बड़ा राज

वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल जीतने के लिए लक्ष्य सेन ने बनाया ये प्लान, खुद खोला बड़ा राज

 Edited By: Rishikesh Singh
 Published : Aug 13, 2023 04:18 pm IST,  Updated : Aug 13, 2023 04:30 pm IST

बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप की शुरुआत 21 अगस्त से हो रही है। वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल जीतने के लिए लक्ष्य सेन ने खास प्लान बनाया है।

Lakshya Sen- India TV Hindi
Lakshya Sen Image Source : AP

लक्ष्य सेन की गिनती भारत के बेहतरीन बैडमिंटन खिलाड़ियों में होती है। सेन पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे थे, लेकिन फिर उन्होंने फॉर्म में वापसी करते हुए  जुलाई में कनाडा ओपन में खिताब जीता और इसके बाद अमेरिकी ओपन और जापान ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे। अल्मोड़ा के रहने वाले इस 21 साल के खिलाड़ी ने 2021 में वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था और उन्हें उम्मीद है कि वह 21 अगस्त से डेनमार्क के कोपेनहेगन में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप में फिर से पदक जीतने में सफल रहेंगे। इस पर उन्होंने बड़ा बयान दिया है। 

सेन ने दिया ये बयान 

लक्ष्य सेन ने यहां भारतीय बैडमिंटन संघ के नेशनल सेंटर फॉर एक्सीलेंस के उद्घाटन के मौके पर कहा कि विश्व चैंपियनशिप में केवल एक हफ्ते का समय बचा है और मुझे लगता है कि मैंने जो पिछले टूर्नामेंट खेले हैं उनसे वास्तव में मुझे मदद मिलेगी। मेरी तैयारियां अच्छी चल रही हैं। पिछले कुछ टूर्नामेंट में मेरी फॉर्म अच्छी रही लेकिन अब भी कुछ नई चीजें सीखने और सुधार करने की गुंजाइश है। मैंने हाल में कुछ अच्छे मैच खेले हैं। अगले एक हफ्ते या 10 दिन में मैं वास्तव में अच्छी प्रैक्टिस और उसके बाद विश्व चैंपियनशिप में अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं।

एशियन गेम्स में जीतना चाहते हैं पदक 

एशियाई खेल चीन के हांगझोउ में 23 सितंबर से 8 अक्टूबर तक खेले जाएंगे और सेन का लक्ष्य इन खेलों में पदक जीतना है। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स बड़ा टूर्नामेंट है, जो चार साल में एक बार आयोजित होता है इसलिए यह खास है। मैं इस तरह के बड़े टूर्नामेंट्स में दो बार खेला हूं। मैंने युवा ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लिया था इसलिए सभी खिलाड़ियों से मिलना और अलग खेलों को देखना मेरे लिए बहुत अच्छा अनुभव रहा।

लक्ष्य सेन ने आगे कहा कि इसलिए मैं एशियाई खेलों में अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं लेकिन अभी मेरी पहली प्राथमिकता वर्ल्ड चैंपियनशिप है और उसके बाद हम एशियाई खेलों पर फोकस करेंगे। सेन विश्व रैंकिंग में अभी 11वें नंबर पर हैं और उनका टारगेट अगले साल तक चोटी के पांच खिलाड़ियों में शामिल होना है। उन्होंने कहा कि मेरा टारगेट ओलंपिक क्वालीफिकेशन खत्म होने तक टॉप पांच खिलाड़ियों में जगह बनाना है। लेकिन मुझे कई टूर्नामेंट में खेलना है और मेरी प्राथमिकता बड़े टूर्नामेंट में जीत दर्ज करना है। इससे रैंकिंग में अपने आप ही सुधार होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल