1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. दिग्गज फुटबॉलर नेमार ने इंटरनेशनल फुटबॉल से लिया संन्यास, 80 गोल के साथ अपने शानदार करियर का किया अंत

दिग्गज फुटबॉलर नेमार ने इंटरनेशनल फुटबॉल से लिया संन्यास, 80 गोल के साथ अपने शानदार करियर का किया अंत

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jul 06, 2026 07:17 am IST,  Updated : Jul 06, 2026 07:17 am IST

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में नॉर्वे से 2-1 से हारकर ब्राजील की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। इस हार के तुरंत बाद ब्राजील के स्टार खिलाड़ी नेमार ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने का एलान कर दिया।

Neymar Jr- India TV Hindi
नेमार जूनियर Image Source : AP

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ब्राजील का छठी बार चैंपियन बनने का सपना टूट गया है। नॉर्वे ने एक रोमांचक मैच में 5 बार की चैंपियन ब्राजील को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इस हार के कुछ ही देर बाद ब्राजील के महान खिलाड़ी नेमार ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास का एलान कर दिया है। इसके साथ ही ब्राजील के फुटबॉलर के एक शानदार दौर का अंत हो गया। मैच के बाद भावुक होकर रोते हुए नेमार ने कहा कि मैंने पूरी कोशिश की, मैंने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की। अब सब खत्म हो गया है। मैंने जहां से शुरुआत की थी, आज मेरा यह सफर यहीं खत्म हो गया।

हालंद ने हेडर के जरिए किया मैच का पहला गोल

यह मैच न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेला गया था। मैच की शुरुआत से ही ब्राजील की टीम ने नॉर्वे पर दबाव बनाए रखा, लेकिन नॉर्वे के डिफेंस ने ब्राजील को गोल नहीं करने दिया और दीवार की तरह डटे रहे। खेल के 79वें मिनट में आंद्रेस स्केजलडेरप के एक बेहतरीन पास पर एरलिंग हालंद ने हेडर के जरिए गोल किया और नॉर्वे को 1-0 से आगे कर दिया। इसके कुछ ही मिनटों बाद हालंद ने अपना दूसरा गोल कर दिया, जिससे स्कोर 2-0 हो गया। यहां से ब्राजील के लिए वापसी करना काफी मुश्किल हो गया।

ब्राजील ने पेनल्टी में किया पहला गोल

मैच के आखिरी समय यानी कि इंजरी टाइम में नॉर्वे के खिलाड़ी लियो ओस्टीगार्ड ने ब्राजील के कैसेमीरो को गलत तरीके से रोका (फाउल किया), जिसकी वजह से ब्राजील को पेनल्टी मिली। अतिरिक्त समय के 10वें मिनट में नेमार ने इस पेनल्टी को गोल में बदल दिया। हालांकि, इस गोल से ब्राजील जीत तो नहीं सका, उनके हार का अंतर थोड़ा कम (2-1) हो गया। इस तरह नॉर्वे ने यह मैच जीतकर 88 साल के इतिहास में पहली बार फीफा वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है।

80 गोल के साथ नेमार ने किया अपने करियर का अंत

नेमाल का ये गोल इस वर्ल्ड कप में उनका पहला और उनके पूरे अंतरराष्ट्रीय करियर का 80वां गोल था। उन्होंने ब्राजील के लिए कुल 130 मैच खेले, जिसमें 80 गोल किए और 59 बार दूसरे खिलाड़ियों को गोल करने में मदद की। इस तरह वह ब्राजील के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बनकर इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास ले लिया। अपने करियर में नेमार ने ब्राजील को 2013 का फीफा कन्फेडरेशन कप जिताने में बड़ी भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, उन्होंने 2016 के रियो ओलंपिक में अपने देश के मैदान पर टीम को पहली बार ऐतिहासिक ओलंपिक गोल्ड मेडल भी दिलाया था।

यह भी पढ़ें

अर्जेंटीना ने राउंड ऑफ 16 में पक्की की जगह, इजिप्ट की टीम से होगा अब मुकाबला

रोनाल्डो ने पहली बार वर्ल्ड कप नॉकआउट मुकाबले में किया गोल, क्रोएशिया के खिलाफ मैच में हासिल की खास उपलब्धि

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल