1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. नॉर्वे ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में किया बड़ा उलटफेर, पांच बार की चैंपियन ब्राजील को हराकर क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

नॉर्वे ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में किया बड़ा उलटफेर, पांच बार की चैंपियन ब्राजील को हराकर क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

 Written By: Hitesh Jha @HiteshjhaL58268
 Published : Jul 06, 2026 06:36 am IST,  Updated : Jul 06, 2026 08:40 am IST

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में नॉर्वे ने ब्राजील को 2-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में एंट्री की है। इस मैच में नॉर्वे की तरफ से एर्लिंग हालंद ने दो शानदार गोल किए, वहीं ब्राजील के लिए एकमात्र गोल नेमार जूनियर ने पेनल्टी के जरिए किया।

Brazil vs Norway- India TV Hindi
ब्राजील बनाम नॉर्वे Image Source : AP

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में नॉर्वे ने एक बहुत बड़ा उलटफेर किया है। उसने 5 बार की चैंपियन ब्राजील को 2-1 से हराकर पहली बार क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। इस मैच में नॉर्वे के स्टार खिलाड़ी एर्लिंग हालंद ने 79वें और 90वें मिनट में दो शानदार गोल करके अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई। वहीं, ब्राजील के लिए एकमात्र गोल नेमार जूनियर ने मैच के इंजरी टाइम में पेनल्टी के जरिए किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उनके अलावा कोई भी खिलाड़ी इस मैच में ब्राजील के लिए गोल नहीं कर पाया।

पहले हाफ में किसी भी टीम ने नहीं किया गोल

ब्राजील और नॉर्वे के बीच यह मैच न्यू जर्सी के स्टेडियम में खेला गया, जिसका पहला हाफ बिना किसी गोल के बराबरी पर रहा। दूसरे हाफ में दोनों टीमों को गोल करने के कई मौके मिले। खेल के 79वें मिनट में एर्लिंग हालंद ने शानदार हेडर के जरिए नॉर्वे के लिए पहला गोल किया और अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद 90वें मिनट में हालंद ने एक और गोल करके स्कोर 2-0 कर दिया। इन दो गोल के बाद ब्राजील की टीम के लिए वापसी करना और भी मुश्किल हो गया।

ब्राजील ने पहले हाफ में गंवाया गोल करने का शानदार मौका

मैच के पहले हाफ में ब्राजील के पास गोल करने का एक बहुत अच्छा मौका था। नॉर्वे के खिलाड़ी क्रिस्टोफर एजर ने ब्राजील के मैथियस कुन्हा को गलत तरीके से रोका जिसके बाद वीडियो रीप्ले देखकर ब्राजील को पेनल्टी दी गई। लेकिन, ब्राजील के ब्रूनो गुइमारेस ने जो शॉट मारा, उसे नॉर्वे के अनुभवी गोलकीपर ओर्जन नायलैंड ने बेहतरीन तरीके से रोक दिया। इसके बाद भी नायलैंड ने ब्राजील के कई खिलाड़ियों के गोल करने की कोशिशों को नाकाम कर दिया और अपनी टीम की जीत में सबसे बड़ी भूमिका निभाई।

एर्लिंग हालंद इस वर्ल्ड कप में दाग चुके है 7 गोल

मैच के दूसरे हाफ में ब्राजील के युवा खिलाड़ी एंड्रिक को खेलने के लिए मैदान पर लाया गया। मैदान पर आने के सिर्फ 52 सेकंड बाद ही उन्हें गोल करने का एक बहुत अच्छा मौका मिला, लेकिन गेंद पर उनका पहला कंट्रोल सही नहीं रहा, खराब फर्स्ट टच के कारण वह गोल नहीं कर पाए। इसके बाद नॉर्वे की टीम ने लगातार दबाव बनाए रखा और हालंद ने दो गोल करके अपनी टीम को मैच जिता दिया। इस मुकाबले में दो गोल करने के साथ एर्लिंग हालंद के फीफा वर्ल्ड कप 2026 में कुल सात गोल हो गए हैं।

यह भी पढ़ें

लियोनल मेसी गोल्डन बूट रेस में चल रहे सबसे आगे, वर्ल्ड कप में लगातार 8 मैचों में गोल करने वाले बने पहले खिलाड़ी

अर्जेंटीना ने राउंड ऑफ 16 में पक्की की जगह, इजिप्ट की टीम से होगा अब मुकाबला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल