1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. लियोनल मेसी के पिता का 68 साल की उम्र में हुआ निधन, पिछले काफी समय से चल रहे थे बीमार

लियोनल मेसी के पिता का 68 साल की उम्र में हुआ निधन, पिछले काफी समय से चल रहे थे बीमार

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Aug 08, 2026 07:28 pm IST,  Updated : Aug 08, 2026 07:46 pm IST

अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी लियोनल मेसी जो फीफा वर्ल्ड कप 2026 के दौरान अपने पिता के स्वास्थ्य को लेकर काफी चिंतित थे उनपर अब दुखों का पहाड़ टूटा है, जिसमें मेसी के पिता जॉर्ज का 68 साल की उम्र में निधन हो गया है।

Lionel Messi- India TV Hindi
लियोनल मेसी Image Source : AFP

फुटबॉल की दुनिया के महान खिलाड़ियों में शामिल लियोनल मेसी को भारी दुख का सामना करना पड़ रहा है, जिसमें 68 साल की उम्र में उनके पिता जॉर्ज मेसी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। जॉर्ज मेसी पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे, जिसके चलते उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं फीफा वर्ल्ड कप के दौरान भी मेसी अपने पिता की हेल्थ को लेकर काफी चिंतित दिखाई दिए थे। मेसी को एक सफल फुटबॉल खिलाड़ी बनाने में उनके पिता जॉर्ज की काफी अहम भूमिका रही है, जिसमें उन्होंने लंबे समय तक अपने बेटे के एजेंट के तौर पर भी काम किया है।

पिता के संघर्ष के चलते मेसी बन पाए सफल फुटबॉल खिलाड़ी

लियोनल मेसी के लिए उनके पिता का निधन किसी बड़े झटके से कम नहीं है क्योंकि उन्हें महान फुटबॉल खिलाड़ी बनाने में पिता जॉर्ज मेसी की काफी बड़ी भूमिका रही है। मेसी को बचपन में ग्रोथ हार्मोन की कमी थी जिसका उनको इलाज कराना पड़ा था। पिता जॉर्ज ने अपने बेटे के लिए जरूरी इलाज कराने में कोई कमी नहीं छोड़ी। बचपन में मेसी न्यूवेल्स ओल्ड बॉयज की यूथ टीम से खेलते थे। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में लियोनेल मेसी ने बताया था कि उनका परिवार मुश्किल दौर से गुजर रहा है, लेकिन उन्होंने अपने पिता की हालत के बारे में कोई खास जानकारी नहीं दी थी। इसके बाद उनके परिवार की तरफ से जारी किए गए आधिकारिक बयान में जानकारी दी गई कि जॉर्ज मेसी अभी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं और अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

वर्ल्ड कप में अल्जीरिया के खिलाफ मैच में मेसी हुए थे भावुक

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अर्जेंटीना की टीम लियोनल मेसी की कप्तानी में फाइनल तक का सफर तय करने में कामयाब हुई थी, लेकिन खिताबी मैच में उन्हें स्पेन से 1-0 से हार का सामना करना पड़ा था। लियोनल मेसी वर्ल्ड कप में अल्जीरिया के खिलाफ ग्रुप स्टेज के मुकाबले में गोल करने के बाद काफी भावुक हो गए थे, जिसमें मैच के बाद उनसे रोने का कारण पूछा गया तो मेसी ने जवाब दिया था कि मेरे रोने का फुटबॉल से कोई लेना-देना नहीं है, मेरे पिछले कुछ दिन काफी मुश्किल भरे गुजरे हैं। बता दें कि फीफा वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में दूसरे नंबर पर थे, जिसमें वह सिर्फ किलियन एमबापे से पीछे थे।

ये भी पढ़ें

ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद पाकिस्तानी बॉक्सर समेत कई खिलाड़ी गायब, स्कॉटलैंड पुलिस ने शुरू की जांच

आर प्रज्ञानानंदा ने रचा इतिहास, एक राउंड रहते ही बने सेंट लुइस रैपिड एंड ब्लिट्ज चैंपियन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल