1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. लियोनल मेसी के जादू से टूटा रोनाल्डा और पेले का ऐतिहासिक रिकॉर्ड, अर्जेंटीना ने अल्जीरिया को 3-0 से रौंदा

लियोनल मेसी के जादू से टूटा रोनाल्डा और पेले का ऐतिहासिक रिकॉर्ड, अर्जेंटीना ने अल्जीरिया को 3-0 से रौंदा

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 17, 2026 09:06 am IST,  Updated : Jun 17, 2026 10:09 am IST

अर्जेंटीना के कप्तान मेसी ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले ही मैच में इतिहास रच दिया। अल्जीरिया के खिलाफ उन्होंने शानदार हैट्रिक लगाकर अर्जेंटीना को 3-0 से जीत दिलाई। यह मेसी के वर्ल्ड कप करियर की पहली हैट्रिक रही।

Messi- India TV Hindi
लियोनल मेसी Image Source : AP

Lionel Messi: उम्र 38 साल, लेकिन जादू अब भी वैसा ही। जब दुनिया को लगने लगा था कि लियोनल मेसी अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर हैं, तब अर्जेंटीना के हीरो ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के पहले ही मुकाबले में ऐसा प्रदर्शन कर दिया, जिसे फुटबॉल फैंस सालों तक याद रखेंगे। मेसी की ऐतिहासिक हैट्रिक की बदौलत डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने अल्जीरिया को 3-0 से करारी शिकस्त देकर अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की।

कैनसस सिटी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मेसी पूरी तरह छाए रहे। उन्होंने तीन शानदार गोल दागकर न सिर्फ अर्जेंटीना को जीत दिलाई, बल्कि रिकॉर्ड्स की झड़ी भी लगा दी। यह उनके वर्ल्ड कप करियर की पहली हैट्रिक रही और इसके साथ ही उन्होंने कई बड़े दिग्गजों के रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। वर्ल्ड कप के इतिहास में यह मेसी का छठा टूर्नामेंट है और इसी के साथ वह 6 अलग-अलग फीफा वर्ल्ड कप खेलने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए हैं। लेकिन रिकॉर्ड्स का सिलसिला यहीं नहीं रुका।

क्लोजे के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की

मेसी ने अपनी हैट्रिक के दम पर वर्ल्ड कप में गोलों की संख्या 16 तक पहुंचा दी है। इसके साथ ही उन्होंने जर्मनी के महान स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोजे के सर्वाधिक 16 वर्ल्ड कप गोलों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में मेसी और क्लोजे संयुक्त रूप से टॉप पर हैं।

इसके अलावा मेसी वर्ल्ड कप के किसी एक मैच में एक से अधिक गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बन गए हैं। उन्होंने कैमरून के दिग्गज रोजर मिला का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। वहीं 38 साल और 357 दिन की उम्र में हैट्रिक लगाकर उन्होंने क्रिस्टियानो रोनाल्डो का रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया। रोनाल्डो ने 33 साल और 130 दिन की उम्र में वर्ल्ड कप में हैट्रिक लगाई थी, जबकि मेसी ने उससे कहीं अधिक उम्र में यह कारनामा कर दिखाया।

पेले का रिकॉर्ड भी हुआ ध्वस्त

अर्जेंटीना के कप्तान ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की। उन्होंने ब्राजील के महान खिलाड़ी पेले का वर्ल्ड कप में सर्वाधिक गोल योगदान (गोल और असिस्ट) का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। मैच से पहले मेसी और पेले दोनों के नाम 21-21 गोल योगदान दर्ज थे, लेकिन इस मुकाबले में तीन गोल करने के बाद मेसी का आंकड़ा 24 पहुंच गया। अब उनके नाम वर्ल्ड कप में 16 गोल और 8 असिस्ट दर्ज हैं।

फीफा वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी

  • 16 गोल - मिरोस्लाव क्लोज, लियोनेल मेसी
  • 15 गोल - रोनाल्डो (ब्राजील)
  • 14 गोल - गर्ड मुलर, किलियन म्बाप्पे
  • 13 गोल - जस्ट फॉनटेन
  • 12 गोल - पेले
  • 11 गोल - सैंडोर कोक्सिस, जुर्गन क्लिंसमैन
  • 10 गोल - हेल्मुट रहन, गेब्रियल बतिस्तुता, गैरी लिनेकर, टेओफिलो क्यूबिलास, थॉमस मुलर, ग्रेजगोर्ज लाटो

यह भी पढ़ें:

केन विलियमसन की जगह नंबर 3 पर कौन करेगा बल्लेबाजी, कप्तान टॉम लैथम ने कर दिया साफ

एक दिन में टीम इंडिया खेलेगी 3 मुकाबले, सुबह से शाम तक एक्शन, नोट कीजिए मैच शुरू होने का वक्त

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल