1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम का 1 साल बाद होगा आमना-सामना, इस टूर्नामेंट में होगी कड़ी टक्कर

नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम का 1 साल बाद होगा आमना-सामना, इस टूर्नामेंट में होगी कड़ी टक्कर

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Sep 06, 2025 06:09 pm IST,  Updated : Sep 06, 2025 06:09 pm IST

नीरज चोपड़ा और पाकिस्तान के अरशद नदीम वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में फिर से पेरिस ओलंपिक भाला फेंक फाइनल की तरह मुकाबले के लिए तैयार हैं।

Neeraj Chopra- India TV Hindi
नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम Image Source : AP

टोक्यो में इस महीने के अंत में होने वाली वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में भारतीय स्टार नीरज चोपड़ा और पाकिस्तान के ओलंपिक चैम्पियन अरशद नदीम एक बार फिर आमने-सामने होंगे। पेरिस ओलंपिक में दोनों के बीच हुए यादगार फाइनल के बाद यह पहला मौका होगा जब मैदान पर इन दिग्गजों का मुकाबला देखने को मिलेगा।

भारत की ओर से मौजूदा वर्ल्ड चैम्पियन नीरज चोपड़ा 13 से 21 सितंबर तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 19 सदस्यीय दल का नेतृत्व करेंगे। दूसरी ओर, पाकिस्तान की पूरी उम्मीदें सिर्फ नदीम पर टिकी हैं, जो टीम के अकेले प्रतिनिधि होंगे। पेरिस ओलंपिक में नदीम ने 92.97 मीटर का रिकॉर्ड थ्रो कर गोल्ड मेडल जीता था और नीरज को पीछे छोड़ा था।

नीरज और नदीम पर लगी होंगी निगाहें

27 साल के नीरज वाइल्ड कार्ड से डिफेंडिंग चैम्पियन के रूप में सीधे प्रवेश कर चुके हैं। उन्होंने क्वालीफाइंग अवधि के दौरान कई बार 85.50 मीटर से ज्यादा थ्रो कर अपनी फिटनेस और लय साबित की है। वहीं, 28 साल के नदीम ने इस साल मई में साउथ कोरिया में हुई एशियाई चैंपियनशिप में 86.40 मीटर का थ्रो कर गोल्ड मेडल जीता और क्वालीफाई किया। हालांकि जुलाई में उनकी इंग्लैंड में पिंडली की सर्जरी भी हुई थी, जिससे उनकी फॉर्म को लेकर उत्सुकता है। इस बार भारत के पास पुरुष भाला फेंक में सबसे बड़ा दल होगा। नीरज के अलावा सचिन यादव, यशवीर सिंह और रोहित यादव भी हिस्सा लेंगे। 17 सितंबर को क्वालीफिकेशन राउंड और 18 सितंबर को फाइनल मुकाबला होगा।

अन्य दावेदार

जर्मनी के जूलियन वेबर इस सीजन में तीन बार 90 मीटर से ज्यादा थ्रो कर चुके हैं और खिताब के मजबूत दावेदार हैं। नीरज ने भी इस साल दोहा डायमंड लीग में करियर का पहला 90 मीटर (90.23 मीटर) थ्रो किया था। इनके अलावा ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स, केन्या के जूलियस येगो, त्रिनिदाद एवं टोबैगो के केशोर्न वालकॉट, ब्राज़ील के लुईज मौरिसियो और चेक गणराज्य के जैकब वडलेज भी चुनौती पेश करेंगे।नीरज का आखिरी मुकाबला 28 अगस्त को ज्यूरिख डायमंड लीग था, जहां उन्होंने 85.01 मीटर का थ्रो कर दूसरा स्थान हासिल किया। इस सीजन में उन्होंने पेरिस डायमंड लीग, ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक और बेंगलुरु एनसी क्लासिक जैसे खिताब अपने नाम किए हैं।

(PTI Inputs)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल