प्रो कबड्डी लीग (PKL) 2025 के ऑक्शन में पहले दिन एक हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिला। ‘डुबकी किंग’ के नाम से मशहूर और कबड्डी इतिहास के सबसे सफल रेडर प्रदीप नरवाल इस बार किसी भी फ्रेंचाइजी की पहली पसंद नहीं बन सके। करोड़ों कबड्डी प्रेमियों को झटका देते हुए प्रदीप इस बार PKL ऑक्शन में अनसोल्ड रह गए। प्रदीप के अलावा साहिल गुलिया को भी कोई खरीदार नहीं मिला। पहले दिन ऑक्शन में कुल 26 प्लेयर खरीदे गए जबकि 2 अनसोल्ड रहे।
प्रदीप नरवाल का नाम प्रो कबड्डी के इतिहास में सबसे ज्यादा रेड प्वाइंट्स और सुपर रेड करने वाले खिलाड़ी के रूप में दर्ज है। वह पटना पाइरेट्स को तीन बार खिताब दिलाने वाले कप्तान भी रह चुके हैं। उनकी डुबकी मूव और धमाकेदार रेडिंग का कोई जवाब नहीं रहा, लेकिन इस बार ऑक्शन में फ्रेंचाइजियों ने युवा खिलाड़ियों पर दांव खेलना बेहतर समझा। ऑक्शन में जब प्रदीप नरवाल का नाम बोला गया, तो सभी की निगाहें स्क्रीन पर टिक गईं। फैंस को उम्मीद थी कि उन पर बोली लगने लगेगी, लेकिन हैरानी तब हुई जब किसी भी टीम ने हाथ नहीं उठाया। कुछ ही पल में उनका नाम 'अनसोल्ड' घोषित कर दिया गया। प्रदीप के अनसोल्ड होते ही उनके फैंस नाराज हो गए और सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर करने लगे। कुछ ही देर में एक्स और इंस्टाग्राम पर #PardeepNarwal ट्रेंड करने लगा। हालांकि, दूसरे दिन नरवाल के बिकने की उम्मीद जताई जा रही है क्योंकि अनसोल्ड रहने वाले खिलाड़ियों को एक मौका और मिलेगा।
संपादक की पसंद