1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. पेरिस पैरालंपिक 2024 में मेडल के बड़े दावेदार 5 भारतीय एथलीट्स, एक तो जैवलिन में पहले जीत चुका गोल्ड

पेरिस पैरालंपिक 2024 में मेडल के बड़े दावेदार 5 भारतीय एथलीट्स, एक तो जैवलिन में पहले जीत चुका गोल्ड

 Written By: Govind Singh
 Published : Aug 27, 2024 11:56 am IST,  Updated : Aug 27, 2024 11:56 am IST

पेरिस पैरालंपिक 2024 में हिस्सा लेने वाले 84 भारतीय एथलीट्स में पांच ऐसे हैं, जो मेडल जीतने के प्रबल दावेदार हैं। ये खिलाड़ी पिछले कुछ समय से बहुत ही अच्छा कर रहे हैं।

Sumit Antil- India TV Hindi
Sumit Antil Image Source : GETTY

Paris Paralympics 2024: पेरिस पैरालंपिक की शुरुआत 28 अगस्त से हो रही है। इस बार भारत की तरफ से हिस्सा लेने 84 एथलीट्स का सबसे बड़ा दल गया है, जिसमें 52 पुरुष और 32 महिला प्लेयर्स शामिल हैं। पिछली बार भारत ने पैरालंपिक में कुल 19 मेडल जीते थे, जिसमें पांच गोल्ड शामिल थे। तब भारत ने 24वां स्थान हासिल किया था। इस बार पदकों की संख्या बढ़ सकती है। आइए जानते हैं, उन भारतीय पैराएथलीट्स के बारे में, जो पेरिस में मेडल जीतने के प्रबल दावेदार हैं। 

1. सुमित अंतिल

नीरज चोपड़ा को पूरी दुनिया जानती है। उन्होंने जैवलिन थ्रो में अपना नाम कमाया है। पेरिस पैरालंपिक में जैवलिन थ्रो में सुमित अंतिल भारत के लिए गोल्ड मेडल की बड़ी आस हैं। 26 साल के सुमित ने पिछले पैरालंपिक में 70.83 मीटर का थ्रो फेंक कर गोल्ड मेडल जीता था। वह एशियन गेम्स में भी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। इस साल वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी वह स्वर्ण अपने नाम कर चुके हैं। वह शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। 

2. सुहास यथिराज

सुहास यथिराज पिछले कुछ समय से लय में चल रहे हैं और उनके पास वह काबिलियत है कि किसी भी विरोधी खिलाड़ी को धूल चटा सकें। वह बैडमिंटन में वर्ल्ड नंबर-1 हैं और टोक्यो पैरालंपिक में सिल्वर मेडल जीत चुके हैं। हाल ही में उन्होंने एशियन गेम्स में गोल्ड जीता था। वह इस बार पेरिस पैरालंपिक में मेडल जीतने के बड़े दावेदार हैं और खेल में बेहतरीन प्रदर्शन के कारण ही उन्हें अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। 

3. अवनी लेखरा

भारत की मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक 2024 में दो ब्रॉन्ज मेडल जीते थे। शूटिंग में ऐसे ही कमाल की उम्मीद अवनी लेखरा से है। भले ही वह व्हीलचेयर के सहारे चलती हैं, लेकिन उनके सपने की उड़ान को किसी चीज की जरूरत नहीं है। उन्होंने टोक्यो पैरालंपिक में दो मेडल जीते थे। तब उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल में गोल्ड और 50 मीटर थ्री पोजीशन राइफल में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। वह वर्ल्ड कप 2022 में दो स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। 22 साल की इस एथलीट से भारतवासियों को फिर से गोल्ड मेडल की आस है। 

4. मरियप्पन थंगावेलू 

29 साल के मरियप्पन थंगावेलू पैरा हाई जंपर हैं। वह टोक्यो और रियो पैरालंपिक में पदक जीत चुके हैं। इसके अलावा इस साल वर्ल्ड चैंपियनशिप में उन्होंने गोल्ड जीता था। इसी वजह से पेरिस पैरालंपिक में पदक के सबसे बड़े दावेदार हैं। उन्होंने पिछली बार 1.89 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। एशियन गेम्स में उनके हिस्से में सिल्वर मेडल आया था। 

5. भाविना पटेल

टेबल टेनिस प्लेयर भाविना पटेल इस बार मेडल जीत सकती हैं। वह कॉमनवेल्थ 2022 में गोल्ड और एशियन गेम्स 2022 में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर चुकी हैं। पिछले सीजन ही उन्होंने अपना पहला पैरालंपिक मेडल जीता था। 

यह भी पढ़ें: 

केएल राहुल की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, ऑक्शन से पहले रिटेन होंगे या रिलीज

Smriti Mandhana: स्मृति मंधाना ने नई टीम के साथ जोड़ा नाता, इस लीग में 2 बार जीत चुकी है खिताब

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल