नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 27 सितंबर से 5 अक्टूबर तक होने जा रही वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में भारत का अब तक का सबसे बड़ा दल हिस्सा लेगा। इस बार कुल 35 भारतीय एथलीट पहली बार विश्व मंच पर अपना डेब्यू करेंगे। यह भारतीय पैरा खेल इतिहास में एक नया अध्याय माना जा रहा है। इन नए खिलाड़ियों में भाला फेंक एथलीट महेंद्र गुर्जर का नाम सबसे खास है। गुर्जर ने इस साल स्विट्जरलैंड के नोटविल ग्रां प्री में पुरुष एफ42 श्रेणी में 61.17 मीटर का भाला फेंककर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया था। वर्तमान में पटियाला में ट्रेनिंग कर रहे गुर्जर अपनी पहली वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल जीतकर भारत को गौरवान्वित करने को तैयार हैं।
गुर्जर ने विज्ञप्ति में कहा कि यह चैंपियनशिप सिर्फ पदकों के बारे में नहीं है, यह दुनिया को भारतीय पैरा खिलाड़ियों के जज्बे और क्षमता से रूबरू कराने के बारे में है। उन्हें उम्मीद है कि हमारा प्रदर्शन और अधिक युवाओं, विशेषकर लड़कियों को अपने खेल के सपनों को साकार करने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
डेब्यू करने वाले एथलीट
पहली बार भाग लेने वालों में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं- अतुल कौशिक (चक्का फेंक F57), प्रवीण (चक्का फेंक F46), हैनी (चक्का फेंक F37), मित पटेल (लंबी कूद T44), मंजीत (भाला फेंक F13), विशु (लंबी कूद T12), पुष्पेंद्र सिंह (भाला फेंक F44), अजय सिंह (लंबी कूद T47), शुभम जुयाल (गोला फेंक F57), बीरभद्र सिंह (चक्का फेंक F57), दयावंती (महिला 400 मीटर T20), अमीषा रावत (महिला गोला फेंक F46), आनंदी कुलंथायसामी (क्लब थ्रो F32) और सुचित्रा परिदा (महिला भाला फेंक F56)।
पहली बार भारत में होगा आयोजन
यह चैंपियनशिप भारत की अब तक की सबसे बड़ी पैरा स्पर्धा मानी जा रही है। इसमें 100 से अधिक देशों से 2200 से ज्यादा एथलीट और अधिकारी भाग लेंगे। कुल 186 पदक स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें भारत के खिलाड़ियों से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
(PTI Inputs)
यह भी पढ़ें:
21 साल से खत्म नहीं हो रहा है इंतजार, खेले 11 मैच और हर बार मिली हार
Asia Cup 2025: कितने बजे शुरू होगा IND vs UAE मुकाबला, कब और कहां देख पाएंगे Live Streaming