1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. U17 WWC, IND vs USA: भारतीय महिला टीम की हार के साथ शुरुआत, पहले मैच में अमेरिका ने 8-0 से हराया

U17 WWC, IND vs USA: भारतीय महिला टीम की हार के साथ शुरुआत, पहले मैच में अमेरिका ने 8-0 से हराया

 Written By: Rajeev Rai @Rajeev_Bharat
 Published : Oct 12, 2022 07:30 am IST,  Updated : Oct 12, 2022 07:33 am IST

U17 WWC, IND vs USA: भारतीय महिला टीम को पहले मैच में अमेरिका के हाथों एकतरफा हार का सामना करना पड़ा।

U17 WWC, IND vs USA, fifa world cup- India TV Hindi
U17 WWC, IND vs USA Image Source : TWITTER@FIFAWWC

U17 WWC, IND vs USA: भारत में फीफा महिला अंडर-17 विश्व कप 2022 की शुरुआत मंगलवार से हो गई। हालांकि वर्ल्ड कप में पहली बार हिस्सा ले रहे मेजबान भारत के लिए शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। पहले मैच में उसे अमेरिका की मजबूत टीम से 8-0 से एकतरफा शिकस्त मिली। भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में खेले गए ग्रुप ए के इस एकतरफा मुकाबले के शुरूआती आधे घंटे के अंदर ही भारतीय टीम चार गोल से पिछड़ गयी थी। मध्यांतर तक अमेरिका 5-0 से आगे था। टीम ने दूसरे हाफ में तीन और गोल करके घरेलू दर्शकों के सामने भारतीय टीम को उसके खेल के स्तर से रूबरू करवाया।

शुरू से ही हावी रही अमेरिकी टीम

कोंकाकैफ (उत्तरी एवं मध्य अमेरिका और कैरेबियाई क्षेत्र) चैम्पियन टीम के लिए इस मैच में मेलिना रेबिम्बास ने (नौवें और 31वें मिनट) दो गोल किये जबकि शार्लेट कोहलर (15वां), ओनेका गेमेरो (23वां), गिसेले थॉम्पसन (39वां), ईला इमरी (51वां), टेलर सुआरेज (59वां मिनट) और कप्तान मिया भूटा (62वां मिनट) ने एक-एक गोल किया।

भारतीय कोच का दावा गलत साबित

भारत के मुख्य कोच थॉमस डेनरबी ने मैच से पहले कहा था कि फरवरी से अच्छी तैयारी करने के बाद उनकी टीम के खिलाफ गोल करना मुश्किल होगा। मैच के दौरान हालांकि उनके खिलाड़ी कहीं से प्रतिद्वंद्वी टीम को टक्कर देते नहीं दिखे। घरेलू दर्शकों के सामने महिला विश्व कप में देश का पहला मैच एक बुरा सपना साबित हुआ।

14 अक्टूबर को भारत का अगला मुकाबला 

मेजबान के आधार पर इस आयु-वर्ग के टूर्नामेंट में जगह बनाने वाली भारतीय टीम को 2008 में इसके शुरुआती सत्र की उपविजेता के खिलाफ रक्षापंक्ति के लचर खेल का खामियाजा भुगतना पड़ा। मैच में भारतीय टीम के खराब प्रदर्शन का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पहले हाफ में अमेरिका ने 70 प्रतिशत समय तक गेंद को अपने नियंत्रण में रखा। भारतीय टीम केवल दो बार अमेरिका की रक्षापंक्ति को भेद पायी लेकिन एक बार भी उनके खिलाड़ियों का शॉट गोल-पोस्ट के पास नहीं पहुंचा। भारत को अब 14 अक्टूबर को मोरक्को और 17 अक्टूबर को ब्राजील के खिलाफ खेलना है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल