1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. क्यों इंजरी में भी खेल रहे थे नीरज चोपड़ा? कहीं खतरनाक तो नहीं होगा ये फैसला

क्यों इंजरी में भी खेल रहे थे नीरज चोपड़ा? कहीं खतरनाक तो नहीं होगा ये फैसला

 Written By: Rishikesh Singh
 Published : Sep 16, 2024 01:35 pm IST,  Updated : Sep 16, 2024 01:35 pm IST

नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग में शानदार प्रदर्शन के साथ 2024 सीजन का समापन किया, लेकिन वह ट्रॉफी से सिर्फ 1 सेंटीमिटर से चूक गए और एंडरसन पीटर्स ने जीत हासिल की। इवेंट के बाद, नीरज ने खुलासा किया कि अभ्यास के दौरान उनके हाथ में चोट लग गई थी, लेकिन फिर भी वह अपना जैवलिन लंबी दूरी तक फेंकने में सफल रहे।

Neeraj Chopra- India TV Hindi
नीरज चोपड़ा Image Source : GETTY

भारत के सुपरस्टार एथलीट नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग फाइनल में 1 सेंटीमीटर के अंतर से 2024 सीजन का अंत दूसरे स्थान पर किया। उन्होंने अपने तीसरे प्रयास में 87.86 मीटर लंबा भाला फेंका, जबकि डायमंड लीग विनर एंडरसन पीटर्स ने 87.87 मीटर का थ्रो फेंका। इवेंट के बाद, नीरज ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर खुलासा किया कि उनके बाएं हाथ की चौथी मेटाकार्पल हड्डी में फ्रैक्चर हो गया था, लेकिन वह अपनी टीम की मदद से खेलने में सक्षम हो सके थे। यहां सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि क्या इंजरी के बावजूद नीरज चोपड़ा को खेलने की जरूरत थी? क्या डायमंड लीग टूर्नामेंट उनके लिए इतना महत्वपूर्ण था? पेरिस ओलंपिक के गोल्ड मेडल विजेता अरशद नदीम ने ओलंपिक के बाद से किसी भी टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया है, जबकि डायमंड लीग 2023 के चैंपियन जैकब वडलेज ने भी किसी कारण फाइनल से अपना नाम वापस ले लिया था।

किसी बड़े एथलीट ने नहीं लिया हिस्सा

नीरज के कड़ी टक्कर देने वाले एक भी एथलीट ने डायमंड लीग में हिस्सा नहीं लिया, जबकि नीरज ने चौथे स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाने के लिए अंतिम दौर में भाग लिया। यह सभी को पता है कि ओलंपिक से पहले नीरज कमर की चोट से जूझ रहे थे और ओलंपिक के दौरान भी उन्होंने इंजरी के बाद भी हिस्सा लिया। उन्हें आखिरकार रजत पदक से संतोष करना पड़ा, जब पाकिस्तान के अरशद ने ओलंपिक में 92.97 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

नीरज ने खुद दिया अपडेट

जल्द ही उनकी सर्जरी होने वाली है और उनके बाएं हाथ में फिर से चोट लगने के कारण उनको ठीक होने में लंबा समय लग सकता है। ऐसी स्थिति में, क्या नीरज को ओलंपिक के बाद खेलना छोड़ देना चाहिए था? क्या उन्होंने डायमंड लीग में भाग लेकर अपनी दोनों इंजरी को और बढ़ाने का जोखिम उठाया है? खैर, यह तो समय ही बताएगा कि उनकी रिकवरी अवधि बढ़ेगी या नहीं। नीरज चोपड़ा ने खुद ट्वीट करके साफ किया कि वह सीजन का अंत ट्रैक पर करना चाहते थे और उन्होंने यह भी माना कि वह इस सीजन में अपनी उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए। खैर, फिर वह अगले साल पूरी तरह से फिट होकर वापसी करने और 90 मीटर का वह आंकड़ा पार करने की कोशिश करेंगे जो 2024 के सीजन में उनसे दूर रहा।

2024 में नीरज चोपड़ा का प्रदर्शन

  • दोहा डायमंड लीग में 88.35 मीटर - दूसरा स्थान (10 मई)
  • फेडरेशन कप, भारत में 82.27 मीटर - प्रथम स्थान (15 मई)
  • पावो नूरमी गेम्स में 85.97 मीटर - प्रथम स्थान (18 जून)
  • पेरिस 2024 ओलंपिक क्वालीफिकेशन में 89.34 मीटर - (6 अगस्त)
  • पेरिस 2024 ओलंपिक फाइनल में 89.45 मीटर - दूसरा स्थान (8 अगस्त)
  • लौसाने डायमंड लीग में 89.49 मीटर - दूसरा स्थान (22 अगस्त)
  • ब्रुसेल्स डायमंड लीग में 87.86 मीटर (फाइनल) - दूसरा स्थान (14 सितंबर)
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल