सैन फ्रांसिस्को: सोशल मीडिया वेबसाइट ट्विटर ने मई और जून में सात करोड़ से अधिक फेक अकाउंट बंद कर दिए हैं। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, फेक अकाउंट के जरिए झूठी और सनसनीखेज खबरें फैलाने की वजह से यह कार्रवाई की गई है। ट्विटर से जुड़े सूत्रों ने वाशिंगटन पोस्ट को बताया कि, खाते बंद करने की दर अक्टूबर 2017 की तुलना में दोगुनी से भी ज्यादा हो गई है। पिछले कुछ महीनों के दौरान एक दिन में 10-10 लाख खाते बंद किए गए हैं।
Related Stories
कंपनी पर कई सालों से झूठी और सनसनीखेज खबरें फैलाने वाले अकाउंट पर कार्यवाही ना करने के आरोप लगते रहे है। ट्वीटर ने मई 2018 में हर हफ्ते करीब 1 करोड़ संदिग्ध खातों की पहचान की जिसके बाद उनपर कार्यवाही की गई है। अभी भारत में ट्विटर के 3.04 करोड़ यूजर हैं और 2019 तक इनकी संख्या 3.44 करोड़ पहुंचने का अनुमान है।
ट्विटर ने हाल ही में अपने प्लेटफार्म पर झूठी और सनसनीखेज खबरें फैलाने वाले पोस्ट से निपटने के लिए अपनी नीति में बदलाव किया था। कंपनी ने इसके लिए नई तकनीक को अपनाया और कर्मचारियों की संख्या को भी बढ़ाने का ऐलान किया था। इस संबंध में कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट डेल हार्वे ने कहा, "ये सुनिश्चित किया जाएगा कि ट्विटर के जरिए लोगों को विश्वसनीय, प्रासंगिक और उच्च गुणवत्ता वाली सूचनाएं मिल सकें।" संदिग्ध खातों पर ट्विटर की इस कार्रवाई का असर इसके यूजर की संख्या पर पड़ सकता है। अप्रैल-जून तिमाही के आंकड़े आना बाकी है जिसमें यूजर की संख्या घट सकती है।