Motorola जल्द ही किताब की तरह खुलने वाला पहला फोल्डेबल फोन लॉन्च करने वाला है। कंपनी ने अपने इस फोल्डेबल फोन को वेबसाइट पर लिस्ट कर दिया है। साथ ही, इसके प्री-ऑर्डर की डिटेल भी रिवील कर दी है। यही नहीं इस फोन की कीमत भी कंपनी ने जारी कर दी है। चीनी ब्रांड अपने इस फोन को Motorola Razr Fold के नाम से लॉन्च करेगी। फोन में 6000mAh की बैटरी, फास्ट चार्जिंग जैसे फीचर्स मिलेंगे। साथ ही, यह फोन Slim डिजाइन के साथ आएगा। इसका सीधा मुकाबला Samsung के फोल्डेबल स्मार्टफोन से होगा।
3 मई को होगा लॉन्च?
Motorola UK की वेबसाइट पर फोन को लिस्ट किया है। कंपनी 3 मई तक इस पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन का प्री-ऑर्डर स्वीकार रही है। वहीं, इसकी सेल 6 मई से शुरू की जाएगी। हालांकि, कंपनी ने फोन की लॉन्च डेट के बारे में आधिकारिक तौर पर कोई कंफर्मेशन नहीं दी है। 3 मई को प्री-ऑर्डर खत्म हो रहा है, जिससे यह कयास लगाया जा रहा है कि इस फोन को 3 मई को ग्लोबल मार्केट में उतारा जा सकता है।
कीमत आई सामने
कंपनी ने Motorola Razr Fold को 16GB रैम और 512GB स्टोरेज वेरिएंट में वेबसाइट पर लिस्ट किया है। इस फोन की कीमत Euro 1,799 (लगभग 2,27,500 रुपये) है। लॉन्च ऑफर के तहत कंपनी फोन की खरीद पर Euro 220 (लगभग 27,000 रुपये) का डिस्काउंट दे रही है। ऑफर के बाद इस फोन को Euro 1579 (लगभग 1,99,600 रुपये) की कीमत में खरीदा जा सकेगा। इस फोन के साथ कंपनी Motorola Pen Ultra भी दे रही है। इसके अलावा लॉन्च ऑफर के तहत कंपनी Moto Watch और Moto Buds Look ईयरफोन कंप्लिमेंटरी दे रही है। यह फोन पेनाटोन लिली व्हाइट और पेनाटोन ब्लैकेंड ब्लू कलर में खरीदा जा सकेगा।

Motorola Razr Fold के फीचर्स
मोटोरोला ने अपने इस पहले बुक स्टाइल वाले फोल्डेबल फोन को इस साल आयोजित हुए MWC 2026 में शोकेस किया था। यह फोन Android 16 पर बेस्ड My UX पर काम करेगा। इसमें 6.6 इंच का LTPO pOLED कवर डिस्प्ले मिल सकता है। वहीं, इसका मेन फोल्डेबल डिस्प्ले 8.1 इंच का होगा। इसमें भी कंपनी ने LTPO pOLED डिस्प्ले यूज किया है। फोन के मेन फोल्डेबल डिस्प्ले के साइड पंच होल डिजाइन देखने को मिलेगा। वहीं, कवर डिस्प्ले में सेंटर अलाइंड पंच-होल कैमरा मिलेगा।
यह फोन Qualcomm Snapdragon 8 Gen 5 चिपसेट के साथ आएगा, जिसके साथ 16GB रैम और 512GB स्टोरज मिलेगा। फोन में डुअल सिम कार्ड का सपोर्ट दिया जाएगा। इस फोन में 6000mAh की बैटरी के साथ 80W वायर्ड और 50W वायरलेस चार्जिंग फीचर का सपोर्ट मिलेगा। Motorola Razr Fold के बैक में ट्रिपल कैमरा सेटअप मिल सकता है। फोन में 50MP का मेन, 50MP का पेरीस्कोप और 50MP का ही अल्ट्रा वाइड कैमरा मिलेगा। सेल्फी के लिए इसमें 32MP का कैमरा मिलेगा। कलर डिस्प्ले में 20MP का कैमरा मिलेगा।
यह भी पढ़ें - Motorola Edge 70 Pro भारत में जल्द होगा लॉन्च, कंपनी ने कंफर्म कर दिया डेट, जानें क्या है खास