ईरान से चल रहे युद्ध के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने AI कंपनी Anthropic पर बैन लगा दिया है और इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए 'खतरा' बताया है। पिछले सप्ताह ही ट्रंप ने Anthropic के AI टूल्स को सरकारी दफ्तरों में इस्तेमाल पर रोक लगाई थी। इसका फायदा OpenAI को मिला और कंपनी ने ChatGPT के लिए पेंटागन से डील कर ली। हालांकि, अमेरिकी टेक कंपनियों गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और OpenAI ने मिलकर अमेरिकी सरकार से Anthrpoic पर दबाव नहीं बनाने की अपील की थी। इसके बावजूद डोनाल्ड ट्रंप ने एआई कंपनी Anthropic को सप्लाई चेन रिस्क घोषित कर दिया है।
अमेरिकी सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, Anthropic के लीडरशीप को यह बताया जा चुका है कि उनकी कंपनी और प्रोडक्ट्स तत्काल प्रभाव से सप्लाई चेन के लिए खतरा है। डोनाल्ड ट्रंप का यह सख्त फैसला एआई कंपनी के साथ आगे होने वाली बातचीत की संभावना को लगभग खत्म कर दिया है। करीब एक सप्ताह पहले डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने Anthropic पर राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप लगाया था।
डोनाल्ड ट्रंप की सरकार द्वारा Anthropic पर लगे बैन के बीच कंपनी के CEO डारियो एमोडे (Dario Amodei) की प्रतिक्रिया आई है, जिसमें उन्होंने लीक हुए मैमो को लेकर माफी मांगी है। इस लीक हुए मैमो में डारियो ने ट्रंप सरकार पर AI कंपनी को सप्लाई चेन खतरा बताने पर सवाल उठाए थे। डारियो ने कहा है कि Anthropic अमेरिकी सरकार के इस फैसले के खिलाफ कोर्ट का रूख करेगा। कंपनी ने बताया कि पहले किसी भी अमेरिकी कंपनी के खिलाफ सार्वजनिक रूप से ऐसा नहीं किया गया है।
पेंटागन के इस फैसले के बाद अमेरिकी सेना के लिए काम करने वाले फर्म ने Anthroic से दूरी बना ली है। पिछले कुछ समय में Anthropic का AI चैटबॉट Claude कई बिजनेस और सरकारी एजेंसियों के बीच काफी लोकप्रिय हो गया है। हालांकि, Anthropic और डोनाल्ड ट्रंप के बीच इस विवाद का फायदा OpenAI को मिला है। कंपनी ने पिछले सप्ताह OpenAI और अमेरिकी सरकार के बीच समझौते की घोषणा की थी। हालांकि, बाद में सैम ऑल्टमैन ने कहा कि इस पार्टनरशिप में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें - क्या WhatsApp यूज करने के लिए सभी को देने होंगे पैसे? Meta लाने वाला है पेड सब्सक्रिप्शन प्लान
संपादक की पसंद