1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मथुरा के गोवर्धन में बनेगा 3 मंजिला गुरुकुल, छात्रों को मुफ्त में मिलेगी वेदों की शिक्षा

मथुरा के गोवर्धन में बनेगा 3 मंजिला गुरुकुल, छात्रों को मुफ्त में मिलेगी वेदों की शिक्षा

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Sep 04, 2026 02:30 pm IST,  Updated : Sep 04, 2026 02:30 pm IST

उत्तर प्रदेश के मथुरा के गोवर्धन में राधा कुंड के पास तीन मंजिला श्रीश्रीविश्वेशतीर्थ वैदिक गुरुकुल बनाया जाएगा। यहां छात्रों को मुफ्त में वेदों के साथ आधुनिक शिक्षा भी दी जाएगी। गुरुकुल का निर्माण सरकारी आर्थिक सहायता के बिना समाजसेवियों और संस्थान के सहयोग से होगा।

Mathura Gurukul, Govardhan Gurukul- India TV Hindi
मथुरा में राधा कुंड के पास श्रीश्रीविश्वेशतीर्थ वैदिक गुरुकुल का निर्माण किया जाएगा। Image Source : REPORTER INPUT

मथुरा: भगवान कृष्ण की भूमि गोवर्धन में राधा कुंड के पास श्रीश्रीविश्वेशतीर्थ वैदिक गुरुकुल का निर्माण किया जाएगा। गुरुकुल के लिए भूमि पूजन और शिलान्यास का कार्यक्रम 20-21 फरवरी को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आयोजित किया गया। इसका आयोजन संस्कृत संस्कृति विकास संस्थान की ओर से किया गया। भूमि पूजन और शिलान्यास संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य राधा गोविंद त्रिपाठी, प्रोफेसर के. रवि शंकर मेनन और डॉ. कांता भाटिया ने किया। गोवर्धन परिक्रमा मार्ग के पास बनने वाले इस 3 मंजिला गुरुकुल का नाम 'गुरुजी' के नाम पर श्रीश्रीविश्वेशतीर्थ वैदिक गुरुकुल रखा जाएगा।

छात्रों को मुफ्त मिलेगी वेद और आधुनिक शिक्षा

संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधा गोविंद त्रिपाठी के मुताबिक, गुरुकुल में छात्रों को बिना किसी शुल्क के वेदों के साथ आधुनिक शिक्षा भी दी जाएगी। उनका कहना है कि यहां पारंपरिक शिक्षा और आधुनिक शिक्षा को साथ लेकर चलने की कोशिश होगी। खास बात यह है कि गुरुकुल के निर्माण के लिए सरकार से किसी तरह की आर्थिक मदद नहीं ली जा रही है। इसके निर्माण में संस्थान के सदस्यों, पदाधिकारियों और समाजसेवियों की ओर से आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है।

Mathura Gurukul, Govardhan Gurukul
Image Source : REPORTER INPUTगुरुकुल का नाम श्रीश्रीविश्वेशतीर्थ वैदिक गुरुकुल रखा जाएगा।

किसने कितनी राशि देने का ऐलान किया?

गुरुकुल निर्माण में सहयोग के लिए कई लोगों ने आर्थिक मदद की घोषणा की है। श्री लाल बहादुर शास्त्री संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रोफेसर धर्मानंद राउत ने गुरुकुल के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं, गुरुकुल परियोजना की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. कांता भाटिया ने 5 लाख रुपये और संस्थान के राष्ट्रीय सचिव एडवोकेट अरुण कुमार मंगल ने भी 5 लाख रुपये सहयोग देने का ऐलान किया।

गौशाला के लिए मिली डेढ़ एकड़ जमीन

संस्था के सह-संस्थापक सुनील शर्मा ने बताया कि समाजसेवियों के सहयोग से गोवर्धन में गौशाला बनाने के लिए भी जमीन मिली है। समाजसेवी सुरेंद्र पटेल ने संस्थान को डेढ़ एकड़ जमीन दान की है। इसके अलावा राजस्थान में भी गुरुकुल और गौशाला के लिए जमीन दान में मिली है। समाजसेवी विष्णु सिंघल ने जमीन के साथ इसके निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग देने की बात कही है।

कार्यक्रम में कई प्रमुख लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, तिरुपति के पूर्व संकाय अध्यक्ष प्रोफेसर के. रवि शंकर मेनन, महामंडलेश्वर सचिदानंद महाराज और स्वामी रविंद्रानंदजी परमहंस ने की। उन्होंने संस्थान के सनातन परंपरा और संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रयासों को आगे बढ़ाने का आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के कुलपति श्रीनिवास वरखेड़ी मौजूद रहे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।