1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नोएडा में गैस सिलेंडर की किल्लत! गोदाम के बाहर सुबह 3 बजे से लगी लंबी लाइन, देखें VIDEO

नोएडा में गैस सिलेंडर की किल्लत! गोदाम के बाहर सुबह 3 बजे से लगी लंबी लाइन, देखें VIDEO

 Reported By: Anamika Gaur, Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Mar 13, 2026 08:02 am IST,  Updated : Mar 13, 2026 08:28 am IST

नोएडा में गैस सिलेंडर की काफी किल्लत है। इसकी वजह से गोदाम के बाहर सुबह 3 बजे से लंबी लाइन लगी हुई है। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग सिलेंडर पाने की चाहत में मायूस नजर आ रहे हैं।

gas cylinder- India TV Hindi
सुबह 3 बजे से लगी लंबी लाइन Image Source : REPORTER INPUT

नोएडा: नोएडा में गैस सिलेंडर पाने के लिए लोगों को कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। हालात ये हैं कि गोदाम के बाहर लोग सुबह 3 बजे से ही लाइन लगाकर खड़े हैं। गैस सिलेंडर पाने के लिए 300 से ज्यादा लोग लाइन में लगे हैं, जिसका वीडियो भी सामने आया है।

कुछ लोग 3 दिन से लगातार सिलेंडर पाने की चाहत में यहां आ रहे हैं लेकिन उन्हें भरा हुआ सिलेंडर नहीं मिल रहा है। वहीं कुछ लोग अपनी ड्यूटी से छुट्टी लेकर सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे हुए हैं। लाइन में लगे हुए लोगों के चेहरे पर आक्रोश नजर आ रहा है और वह चुपचाप अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। 

लाइन में लगे होने के बावजूद लोग अभी पूरी तरह इस उम्मीद में नहीं हैं कि उन्हें भरा हुआ सिलेंडर मिल ही जाएगा क्योंकि 3 दिनों से कुछ लोग गोदाम आकर लौट गए और उन्हें सिलेंडर नहीं मिल सका।

गैस की किल्लत क्यों हो रही?

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच ईरान द्वारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद कर दिया गया है। इसी वजह से LPG का वितरण प्रभावित हुआ है। दरअसल इसके बारे में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ज्वाइंट सेक्रेटरी (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने गुरुवार को जानकारी दी थी और बताया था कि भारत अपनी LPG का लगभग 60% हिस्सा आयात करता है और इसका लगभग 90% हिस्सा होर्मुज स्ट्रेट से आता है। 

सुजाता ने बताया था कि वाकई ये स्थिति मुश्किल है लेकिन सरकार पूरी कोशिश कर रही है कि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की सप्लाई मिले। इसके अलावा उन्होंने ये भी बताया था कि एलपीजी संकट से उबरने के लिए और लोगों की एलपीजी पर निर्भरता को कम करने के लिए दूसरे विकल्पों पर भी काम चल रहा है। 

बता दें कि हालही में पेट्रोल-डीजल और गैस की किल्लत रोकने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है और गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में कमेटी बनाई है।  इस कमेटी में विदेश मंत्री एस. जयशंकर और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी हैं। पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति की मॉनिटरिंग के लिए ये कमेटी बनाई गई है। हालांकि सरकार का साफ कहना है कि देश में गैस और तेल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई चैन में कोई रुकावट नहीं है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।