1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. डेढ़ साल बाद जेल से बाहर आए अब्दुल्ला आजम खान, मिलने के लिए गेट के बाहर ही पहुंची ये महिला सपा सांसद

डेढ़ साल बाद जेल से बाहर आए अब्दुल्ला आजम खान, मिलने के लिए गेट के बाहर ही पहुंची ये महिला सपा सांसद

 Published : Feb 25, 2025 01:16 pm IST,  Updated : Feb 25, 2025 01:22 pm IST

सपा नेता अब्दुल्ला आजम खान हरदोई जेल से करीब डेढ़ साल बाद बाहर आए हैं। इस दौरान उनसे मिलने सैकड़ों सपा कार्यकर्ता पहुंचे हुए थे। इसमें एक महिला सपा सांसद भी रहीं, जो जेल के बाहर ही अब्दुल्ला आजम खान से मिलीं।

SP leader Abdullah Azam Khan- India TV Hindi
सपा नेता अब्दुल्ला आजम खान Image Source : SOCIAL MEDIA

समाजवादी पार्टी (SP) के नेता अब्दुल्ला आजम खान करीब डेढ़ साल बाद मंगलवार को हरदोई जिला कारागार से रिहा हुए। अब्दुल्ला आजम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेल के गेट से बाहर आए। वह किसी से मिले बिना और मीडिया से बिना बात किए रामपुर के लिए रवाना हो गए।

सपा सांसद रुचि वीरा ने जेल के बाहर की मुलाकात

अब्दुल्ला आजम सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री आजम खान के बेटे हैं, जो विभिन्न मामलों के तहत सीतापुर की जेल में बंद हैं। अब्‍दुल्‍ला आजम की रिहाई की खबर सुनकर मुरादाबाद की महिला सपा सांसद रुचि वीरा समेत कई नेता और कार्यकर्ता हरदोई जेल के बाहर पहुंच गए। 

न्यायापालिका पर है पूरा भरोसा- रुचि वीरा

सपा सांसद रुचि वीरा ने न्यायपालिका में अपना विश्वास व्यक्त करते हुए कहा, 'हमें हमेशा से न्यायपालिका पर भरोसा था और आगे भी रहेगा। आज न्याय हुआ है और हमें उम्मीद है कि भविष्य में भी न्याय होगा।'

सपा सांसद रुचि वीरा
Image Source : FILE PHOTO सपा सांसद रुचि वीरा

अब्दुल्ला आजम खान पर दर्ज हुए थे 45 मामले

अब्दुल्ला आजम खान को हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दी थी। लेकिन रामपुर में एपी-एमएलए कोर्ट के समक्ष एक अलग मामले में लंबित कानूनी औपचारिकताओं के कारण वह अभी भी जेल में थे। पिछले कुछ सालों में उनके खिलाफ 45 मामले दर्ज हुए थे और सभी में उन्हें जमानत मिल गई थी। 

MP-MLA कोर्ट ने दिया रिहाई का आदेश

जमानत सत्यापन से संबंधित प्रोसेस के कारण उनकी रिहाई में देरी हुई। सोमवार को एमपी-एमएलए कोर्ट से रिहाई का आदेश हरदोई जेल भेजा गया, जिससे उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ। मंगलवार को अब्दुल्ला आजम खान करीब डेढ़ साल बाद जेल से बाहर आ गए। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।