1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 10वीं क्लास के स्टूडेंट के साथ स्कूल में बेरहमी से मारपीट, पिता ने लगाया बच्चे की कई दांत तोड़ने का आरोप

10वीं क्लास के स्टूडेंट के साथ स्कूल में बेरहमी से मारपीट, पिता ने लगाया बच्चे की कई दांत तोड़ने का आरोप

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Apr 25, 2026 04:32 pm IST,  Updated : Apr 25, 2026 05:38 pm IST

Agra School Assault Case: आगरा के एक स्कूल में 10वीं क्लास में पढ़ने वाले छात्र के साथ मारपीट हुई है। पिता का आरोप है कि पिटाई में उनके बेटे के कई दांत टूट गए और जबड़े में फ्रैक्चर भी है।

Agra school assault case- India TV Hindi
आगरा के स्कूल में स्टूडेंट के साथ मारपीट हुई है। Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो)

Sikandra Incident: यूपी में आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र में स्थित डीपीएस में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां 10वीं कक्षा के छात्र के साथ स्कूल परिसर में ही बेरहमी से मारपीट की गई। इस हमले में छात्र को गंभीर चोटें आई हैं। उसके कई दांत टूट गए हैं और जबड़े में फ्रैक्चर बताया जा रहा है।

स्कूल परिसर में घटना होने से अभिभावक नाराज

घटना के बाद से पीड़ित छात्र बोलने की स्थिति में नहीं है, जिससे उसकी हालत की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। ये घटना स्कूल परिसर के अंदर हुई, लेकिन अब तक स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। इससे अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

चोट लगने के बाद बच्चे को नहीं दिया फर्स्ट एड- पिता

पीड़ित छात्र के पिता ने बताया कि शनिवार को बेटा स्कूल गया था। सुबह साढे़ 7 बजे उसके स्कूल से फोन आता है कि बेटे को हल्की चोट लग गई है। उसे स्कूल से ले जाएं। जब वो स्कूल पहुंचे तो देखा कि बेटे के मुंह से खून निकल रहा था। स्कूल की आया उसे पकड़कर बैठी थी। मुंह में रूई ठूंसी हुई थी। उसे फर्स्ट एड तक नहीं दिया गया था।

स्कूल प्रशासन ने बरती घोर लापरवाही- पिता

उन्होंने आरोप लगाया है कि स्कूल की तरफ से घोर लापरवाही बरती गई। उन्होंने बच्चे को फर्स्ट एड तक नहीं दिया। बच्चा दर्द से चिल्ला रहा था। उसे डॉक्टर को दिखाने के बजाए, फोन कर कह रहे हैं कि हल्की चोट लग गई है। उसे ले जाएं। बेटे को उन्होंने हॉस्पिटल में भर्ती कराया है, जहां उसका ऑपरेशन चल रहा है। उनकी ओर से आरोपी छात्र के खिलाफ सिकंदरा थाने में कंप्लेन की गई है। पुलिस भी जांच के लिए डीपीएस पहुंची है। 

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

एसीपी ने बताया दो छात्रों के बीच में विवाद हुआ था। पुलिस जांच कर रही है। पुलिस, स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और घटना की सच्चाई सामने आ सके। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावर छात्र ही हो सकते हैं। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हालांकि,  इस घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों का कहना है कि अगर स्कूल परिसर में ही बच्चे सुरक्षित नहीं हैं, तो जिम्मेदारी किसकी है।

(इनपुट- अंकुर कुमड़िया)

ये भी पढ़ें- दिल्ली रेप-मर्डर केस में मिल गए अहम सबूत, राहुल मीणा ने IRS अधिकारी की बेटी को कैसे मारा, होगा खुलासा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।