1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अखिलेश यादव और मायावती ने भी कांग्रेस को लताड़ा, शर्टलेस प्रदर्शन पर जमकर सुनाई खरी-खोटी

अखिलेश यादव और मायावती ने भी कांग्रेस को लताड़ा, शर्टलेस प्रदर्शन पर जमकर सुनाई खरी-खोटी

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Feb 21, 2026 08:08 pm IST,  Updated : Feb 21, 2026 08:14 pm IST

दिल्ली के एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के द्वारा किए गए शर्टलेस प्रदर्शन पर अब अखिलेश यादव और मायावती का भी बयान आया है। दोनों नेताओं ने इस कृत्य के लिए कांग्रेस पार्टी की आलोचना की है।

अखिलेश यादव और मायावती ने भी कांग्रेस को लताड़ा।- India TV Hindi
अखिलेश यादव और मायावती ने भी कांग्रेस को लताड़ा। Image Source : PTI/X/MAYAWATI

लखनऊ: देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शर्टलेस प्रदर्शन किया था। इस घटना को लेकर न सिर्फ भाजपा बल्कि अब विपक्षी दल भी कांग्रेस की निंदा कर रहे हैं। इसी क्रम में अब समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी इस कृत्य के लिए कांग्रेस की आलोचना की है। बता दें कि शर्टलेस प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन सभी से दिल्ली पुलिस पूछताछ भी कर रही है। भाजपा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि यह सब राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के देखरेख में जानबूझकर किया गया है। 

'जो किया वह उचित नहीं था'

दरअसल, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव शनिवार को एक दिवसीय झांसी दौरे पर गए थे। यहां मीडिया से बात करते हुए उन्होंने दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में हुए प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस की हरकत की निंदा की। अखिलेश यादव ने कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन को लेकर कहा, "हमारे बीच आंतरिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन वैश्विक मंच पर कांग्रेस ने जो किया वह उचित नहीं था। उन्हें ऐसा कुछ भी नहीं करना चाहिए था जिससे विदेशी प्रतिनिधियों और विश्व प्रतिनिधियों के सामने हमारे देश को शर्मिंदगी उठानी पड़े।"

'अति-अशोभनीय और निन्दनीय'

इससे पहले बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी कांग्रेस पार्टी के द्वारा किए गए प्रदर्शन को अति-अशोभनीय बताया था। मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "नई दिल्ली में आयोजित ’एआई इम्पैक्ट समिट’, जिसमें देश व विदेश के भी काफी प्रमुख लोग आमंत्रित थे तथा यह इवेन्ट अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खि़यों में था, इस दौरान जिन भी लोगों द्वारा अर्द्धनग्न होकर अपना रोष प्रकट किया है जिसमें अधिकतर कांग्रेसी युवा बताये जा रहे हैं, वह अति-अशोभनीय व निन्दनीय है। अगर यह सम्मेलन अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का नहीं होता तो अलग बात थी, किन्तु समिट के दौरान ऐसा आचरण करना यह चिन्ता की बात है अर्थात अपने देश की गरिमा व इमेज को ना बिगाड़ा जाये तो यह उचित होगा।"

यह भी पढ़ें-

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की बढ़ी मुश्किलें, यौन शोषण मामले में कोर्ट ने दिया FIR दर्ज करने का आदेश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।