1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. "बुलडोजर कार्रवाई में हुए नुकसान की भरपाई करेंगे", अखिलेश यादव का बड़ा दावा

"बुलडोजर कार्रवाई में हुए नुकसान की भरपाई करेंगे", अखिलेश यादव का बड़ा दावा

 Written By: Malaika Imam
 Published : Sep 23, 2026 03:01 pm IST,  Updated : Sep 23, 2026 03:01 pm IST

अखिलेश यादव ने बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित लोगों के नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर पीड़ित परिवारों को उनके नुकसान की भरपाई की जाएगी।

Akhilesh Yadav- India TV Hindi
अखिलेश यादव Image Source : PTI

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि बुलडोजर कार्रवाई में जिन लोगों के घरों, दुकानों और सामान को नुकसान पहुंचा है, सरकार को उसकी भरपाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि मौजूदा सरकार नुकसान की भरपाई नहीं करती है तो समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पीड़ित परिवारों को उनके नुकसान की भरपाई की जाएगी।

'घर में लगी चीजें निकालने का मौका तक नहीं दिया'

सपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ने लोगों के मकान और दुकानें बुलडोज कर दीं। गरीबों के प्रति सरकार का रवैया उदार होना चाहिए, क्योंकि उनके मकान में उनकी पूरी पूंजी लगी होती है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई से पहले लोगों को घर में रखा सामान निकालने का मौका दिया जाना चाहिए था।

अखिलेश ने कहा कि लोगों को अपना सामान निकालने नहीं दिया गया और उसे बुलडोजर में भरकर कहीं ले जाया गया। उन्होंने कहा कि वह प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाते हैं कि भविष्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर घर, मकान और सामान समेत जो भी नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई की जाएगी।

बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित लोगों ने साझा की पीड़ा

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित महिलाओं ने भी अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद अखिलेश यादव ने उन लोगों के नाम और उनकी संपत्तियों का विवरण साझा किया, जिनकी संपत्तियां बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित हुई हैं।

चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि 10 महीने में 14 बार आयोग के कई अधिकारियों ने अपना नोट लिखा है। उन्होंने कहा कि इससे यह सवाल उठता है कि चुनाव आयोग किसकी ओर से काम कर रहा है। अखिलेश ने इसे लोकतंत्र के लिए घातक बताया।

बिहार और बंगाल चुनाव को लेकर केंद्र पर लगाए आरोप

सपा प्रमुख ने बिहार और बंगाल चुनावों को लेकर केंद्र सरकार पर भी आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि बंगाल में पुलिस बल के माध्यम से चुनाव को प्रभावित किया गया। उन्होंने कहा कि इससे हाल में बनी सरकारों की संवैधानिकता पर सवाल खड़े होते हैं और लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई गई हैं।

'जनता अपने मताधिकार से सरकार को बुलडोज करेगी'

अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में जनता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेगी। उन्होंने कहा कि जनता अपने वोट की ताकत से इस सरकार को हमेशा-हमेशा के लिए बुलडोज कर देगी।

(इनपुट- PTI)

ये भी पढ़ें-

मायावती का एक और बड़ा फैसला, ईशान आनंद बने BSP के राष्ट्रीय संयोजक

UAE में एल्विन प्रकाश कुंदर की बेरहमी से हत्या, 9 टुकड़ों में कटा मिला शव; पत्नी और बेटा लापता

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।