1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अखिलेश यादव ने कांग्रेस को यूपी में दी 11 सीटें, जयराम रमेश के बयान से आया Twist

अखिलेश यादव ने कांग्रेस को यूपी में दी 11 सीटें, जयराम रमेश के बयान से आया Twist

 Written By: Amar Deep
 Published : Jan 27, 2024 01:30 pm IST,  Updated : Jan 27, 2024 02:59 pm IST

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक ट्वीट के जरिए कांग्रेस को सीट देने की बात का खुलासा किया है। इसके साथ ही उन्होंने इसे गठबंधन के साथ एक अच्छी शुरुआत बताया है।

अखिलेश यादव ने कांग्रेस को दी 11 सीटें।- India TV Hindi
अखिलेश यादव ने कांग्रेस को दी 11 सीटें। Image Source : PTI

लखनऊ: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक ट्वीट के जरिए कांग्रेस को सीट देने की बात का खुलासा किया है। काफी लंबे समय से इस बात पर चर्चाएं चल रही थीं कि यूपी में अखिलेश यादव कांग्रेस को कितनी सीटें देंगे। इस बात से आज अखिलेश यादव ने पर्दा हटा दिया है। इसके साथ ही अखिलेश यादव ने ये भी तय कर दिया है कि यूपी में समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ ही चुनाव लड़ेगी। बता दें कि मायावती पहले ही गठबंधन से किनारा कर चुकी हैं। अखिलेश यादव ने यूपी में कांग्रेस को 11 लोकसभा सीटें देने की बात कही है।

अखिलेश यादव ने एक्स पर किया पोस्ट

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी है। आज शनिवार को उन्होंने एक पोस्ट में लिखा है कि 'कांग्रेस के साथ 11 मजबूत सीटों से हमारे सौहार्दपूर्ण गठबंधन की अच्छी शुरुआत हो रही है। ये सिलसिला जीत के समीकरण के साथ और भी आगे बढ़ेगा। ‘इंडिया’ की टीम और ‘पीडीए’ की रणनीति इतिहास बदल देगी।' वहीं अब अखिलेश यादव के इस पोस्ट के बाद ये देखना होगा कि यूपी में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी किन सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। क्योंकि पिछली बार साल 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को करारी हार मिली थी। इस चुनाव में राहुल गांधी तक हार गए और कांग्रेस को सिर्फ एक सीट पर जीत मिली थी, जो कि सोनिया गांधी की सीट थी।

कांग्रेस ने अखिलेश की घोषणा को बताया अनौपचारिक

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने अखिलेश यादव के इस ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होने कहा है कि UP में सीट शेयरिंग को लेकर अभी भी बातचीत रही है। अखिलेश यादव ने जो ट्वीट किया है वो औपचारिक नहीं है। अशोक गहलोत और अखिलेश यादव की मीटिंग होने वाली है, उसके बाद ही यूपी में सीटें तय होंगी। उन्होंने कहा कि यूपी को लेकर अखिलेश जी की और अशोक गहलोत की बातचीत चल रही है। वो जल्द मिलेंगे। जब बात पूरी हो जाएगी, उसके बाद ही हम कह सकते हैं कि क्या फार्मूला है। उन्होंने ये भी कहा है कि यूपी कांग्रेस के नेताओं को अभी फैसले की जानकारी नहीं है, पार्टी नेताओं का कहना है यूपी से हम अपनी बात बता चुके हैं, लेकिन यूपी में अभी किसी के पास सपा के 11 सीट के फॉर्मूले की जानकारी नहीं है।

इंडिया गठबंधन के लिए संजीवनी

बता दें कि पिछले कई दिनों से चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम के बीच इंडिया गठबंधन का टूटना तय माना जा रहा था, लेकिन इस बीच अखिलेश यादव के इस पोस्ट से इंडिया गठबंधन को एक बार फिर से जान मिली है। एक तरफ जहां पंजाब में आम आदमी पार्टी ने अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया तो वहीं पश्चिम बंगाल में भी ममता बनर्जी ने इंडिया गठबंधन से दूरी बना ली है। वहीं बिहार की बात करें तो यहां भी इंडिया गठबंधन संकट में नजर आ रही है। ऐसे में उत्तर भारत के कई राज्यों में जहां इंडिया गठबंधन संकट में था तो वहीं दिल्ली की गद्दी का रास्ता कहे जाने वाले उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव ने इंडिया गठबंधन को संजीवनी देने का काम किया है।

यह भी पढ़ें- 

नीतीश महागठबंधन के CM पद से आज दे सकते हैं इस्तीफा, लालू का फोन उठाना किया बंद

तेजस्वी यादव ने बक्सर के कार्यक्रम से बनाई दूरी, गेस्ट लिस्ट में था नाम, CM नीतीश पहुंचे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।