लखनऊ: समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर शिक्षा विरोधी होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार पुलिस के बल पर समाजवादी पार्टी की पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पाठशाला को बंद नहीं कर सकती और यह पाठशाला तब तक चलती रहेगी, जब तक सरकार बंद पड़े स्कूलों में शिक्षकों और प्रधानाचार्यों की नियुक्ति नहीं कर देती।
मंगलवार को गोमती नगर स्थित जनेश्वर मिश्रा पार्क में दिवंगत समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्र की 93वीं जयंती के अवसर पर अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा, "जो शिक्षा के खिलाफ हैं, वे सबसे बड़े माफिया हैं। भाजपा सरकार पढ़ाई को लेकर प्राथमिकी दर्ज करा रही है, जबकि अंग्रेजों ने भी कभी ऐसा नहीं किया।"
सपा नेता पर FIR दर्ज होने के बाद आया बयान
अखिलेश यादव का यह बयान कन्नौज में समाजवादी पार्टी की एक महिला नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद आया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि जलालाबाद विकासखंड में पीडीए पाठशाला आयोजित करने और कथित तौर पर सद्भाव को खतरे में डालने के आरोप में सपा की अनुसूचित महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष शशिमा सिंह दोहरे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353 (1बी) और सूचना प्रौद्योगिकी संशोधन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। खण्ड शिक्षा अधिकारी शिवेंद्र कुमार वर्मा की तहरीर पर यह कार्रवाई की गई है।
अखिलेश ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पुलिस के बल पर पीडीए पाठशाला बंद करने की उसकी सोच गलतफहमी है। उन्होंने दोहराया कि सपा ने संकल्प लिया है कि जब तक सरकार बंद स्कूलों में अध्यापक और प्रिंसिपल नियुक्त नहीं करती, तब तक समाजवादियों की पीडीए पाठशाला और पीडीए ट्यूशन जारी रहेगा।
प्रदेश भर में मनाई गई जनेश्वर मिश्र की 93वीं जयंती
सपा मुख्यालय से जारी एक बयान के अनुसार, लखनऊ समेत प्रदेश के सभी जिलों और अन्य राज्यों में भी जनेश्वर मिश्र की 93वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर मुख्य कार्यक्रम गोमती नगर स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क में हुआ, जहां अखिलेश यादव ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
उत्तराखंड में कुदरत का कहर, धराली के बाद सुक्खी गांव में भी फटा बादल
उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी, इन जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट, जानें मौसम अपडेट