1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दूसरों को फंसाने के लिए बेटे ने मां को जिंदा जलाया, पुलिस के सामने लगाई आग; LIVE वीडियो आया सामने

दूसरों को फंसाने के लिए बेटे ने मां को जिंदा जलाया, पुलिस के सामने लगाई आग; LIVE वीडियो आया सामने

 Published : Jul 16, 2024 05:53 pm IST,  Updated : Jul 16, 2024 06:22 pm IST

अलीगढ़ के खैर थाने में आज दिल दहला देने वाली घटना हुई। यहां पुलिस स्टेशन के अंदर बेटे ने पेट्रोल डालकर मां को जिंदा जला दिया। पुलिसकर्मियों ने आग बुझाई, लेकिन तब तक महिला काफी झुलस चुकी थी।

मां को आग लगाने के बाद...- India TV Hindi
मां को आग लगाने के बाद बेटा वीडियो बनाता रहा। Image Source : INDIA TV

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां खैर थाने में एक महिला को उसके बेटे ने ही पैट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग लगने से महिला बुरी तरह से झुलसने लगी। इस घटना से खैर थाने में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में महिला में लगी आग को बुझाना शुरू कर दिया। जब तक महिला में लगी आग को बुझाया गया, तब तक महिला बुरी तरह से झुलस चुकी थी। महिला को गंभीर हालत में उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, पुलिस ने उसके बेटे को अपनी हिरासत में ले लिया है। महिला का अपने पति की मौत के बाद संपत्ति को लेकर ससुराल वालों से विवाद चल रहा था। बेटे ने आज अपने चाचा ताऊ व उनके मामा को फसाने के लिए अपनी मां को ही जिंदा जला दिया।

पति की मौत के बाद प्रॉपर्टी के लिए हुआ था झगड़ा

जानकारी के अनुसार हेमलता निवासी जरकन नगरिया के पति राजकुमार की मौत 5 साल पहले हो चुकी है। पति की मौत के बाद संपत्ति के बंटवारे को लेकर उसका विवाद पति के भाई, मामा और बच्चों से चल रहा है। महिला के द्वारा पूर्व में खैर थाने में मारपीट और छेड़छाड़ की एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। महिला के भाई चंद्रमोहन का आरोप है कि उसकी बहन की किसी तरह की कोई सुनवाई नहीं हो रही थी, उल्टा हेमलता को ही समझौता करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। आज महिला अपने बेटे गौरव और भाई चंद्रमोहन के साथ खैर थाने में पहुंची। यहां भी उस पर समझौते के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया गया।

80% जली महिला

इसी बीच महिला के बेटे गौरव ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हो, इसके लिए अपनी मां के ऊपर ही पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इसके बाद वह मोबाइल से घटना का वीडियो बनाता रहा। थाने में महिला को आग लगाए जाने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आग से झुलसी महिला जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने लगी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आग बुझाना शुरू कर दिया। कड़ी मशक्कत कर महिला पर लगी आग को बुझाया गया और उसके बाद गंभीर हालत में उपचार के लिए महिला को जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए रैफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि बेटे गौरव के आग लगाने से महिला 80% तक जल चुकी थी और मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई। वहीं, पुलिस ने महिला के बेटे गौरव को अपनी हिरासत में ले लिया है। इस घटना के बाद आनन-फानन में एसएसपी संजीव सुमन खैर थाने पहुंच गए। महिला के भाई चंद्र मोहन ने महिला के ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

SSP ने बताया पूरा घटनाक्रम

अलीगढ़ के SSP संजीव सुमन ने बताया कि खैर में सूचना प्राप्त हुई आधा घंटा पहले की एक महिला हेमलता नाम है इनका, उनके बेटे ने इनको थाने पर आग लगा दी है। इसमें जो हम लोगों ने तफ्तीश की। उसमें पता चला कि हेमलता का अपने पति के परिवारजनों से विवाद चल रहा है। विवाद जमीन को लेकर है। जमीन को लेकर विवाद के संबंध में इसमें उन्होंने एक एफआईआर भी लिखवाई जिसमें चार्जशीट लग चुकी है। इसमें आज दोनों पक्षों को इस चीज के लिए बुलाया गया था कि इनको मकान चाहिए तो मकान किसी और जगह बनवा दीजिए। इन दोनों में पैसे की बात चल रही थी। ऐसे में यह किसी डिस्कशन पर नहीं पहुंच पाए। इसके बाद महिला बाहर गई और बेटे ने लाइटर से आग लगा दी। पूरी घटना पुलिस थाने के सीसीटीवी में कैद हुई है।

उन्होंने कहा, महिला के बेटे ने जबरदस्ती आग लगाई है। जब तक पुलिस रोक पाती उनके बेटे ने आग लगा दी। उसे आग को बुझाने में पुलिस वालों के हाथ जल गए हैं। 

(रिपोर्ट- प्रदीप, अलीगढ़)

यह भी पढ़ें-

मरीज तड़पता रहा और स्टाफ बर्थडे पार्टी में मशगूल... दुर्ग जिला अस्पताल की लापरवाही का VIDEO वायरल

दीवारों पर छींटे, खून से तरबतर लाश... मुकेश सहनी के पिता को किसने मारा, 3 खाली ग्लास का कनेक्शन क्या है?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।